UP Elections 2026: समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही अटकलों पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने सीट बंटवारे के सभी दावों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, 'आपको कुछ भी नहीं पता है। कोई दावा कर रहा है कि 172 सीटें हैं और उसे लग रहा है कि उसने यह आंकड़ा लीक कर दिया है। कोई 160 सीटों की बात कर रहा है तो कोई 150 सीटों की बात कर रहा है और सोच रहा है कि उसने जानकारी लीक कर दी है।'
'BJP को हराने के लिए पूरी ताकत से तैयार'
अखिलेश यादव ने इसके आगे कहा, 'सच किसी को नहीं पता है, लेकिन सच हमें पता है।' उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और INDI गठबंधन मजबूत बना रहे। उन्होंने आगे कहा कि हमारा साझा उद्देश्य BJP को सत्ता से हटाना है। अगर इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए हमें किसी को मनाने की जरूरत पड़ी, तो हम जरूर मनाएंगे। BJP को हराने के लिए यह गठबंधन पूरी ताकत और बेहतर तालमेल के साथ आगे बढ़ेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच सीट बंटवारे को लेकर चर्चा तेज, ग्रैंड ओल्ड पार्टी ने सौंपी 172 सीटों की सूची!
कांग्रेस सूत्रों के दावे पर चल रही थी खबर
बता दें कि एक दिन पहले खबर चल रही थी कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू हो चुकी है। कांग्रेस सूत्रों की तरफ से दावा किया गया था कि कांग्रेस पार्टी ने सपा को उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 172 सीटों की सूची सौंपी है। दावा चल रहा था कि पार्टी ने अपने फीडबैक और आकलन के आधार पर 172 विधानसभा सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी है। इन सीटों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है, ताकि गठबंधन के तहत सीटों पर सहमति बनाने के लिए बातचीत की जा सके।
खबर में दावा किया गया था कि कांग्रेस ने जिन 172 सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी है, उन्हें A, B, C और D श्रेणियों में रखा गया है। पार्टी का रुख इन श्रेणियों के आधार पर अलग-अलग है। दावे में कहा गया था कि A कैटेगरी की सीटों को लेकर कांग्रेस का रुख लगभग तय है, जबकि B कैटेगरी की सीटों पर कुछ बदलाव संभव है। वहीं, C और D कैटेगरी की सीटों पर बातचीत के लिए कांग्रेस तैयार है।
