स्पोर्ट्स

CWG 2026: शॉटपुट में समरदीप सिंह गिल और तजिंदरपाल सिंह तूर रह गए पदक से दूर, फाइनल में नहीं पहुंच पाए अनिमेष कुजूर

भारतीय एथलीट समरदीप सिंह गिल और तजिंदरपाल सिंह तूर पुरुषों की शॉटपुट स्पर्धा में पदक जीतने से दूर रह गए। वहीं अनिमेष कुजूर पुरुषों की 200 मीटर दौड़ के फाइनल में पहुंचने में नाकाम रहे।

Image

समरदीप सिंह गिल और तजिंदर पाल सिंह तूर(फोटो क्रेडिट AI Generated and Sony LIV Screen Grab)

ग्लास्गो: भारतीय एथलीट तजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की शॉटपुट स्पर्धा के फाइनल में पदक जीतने में नाकाम रहे। तजिंदरपाल सिंह 20.27 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ पांचवें और समरदीप सिंह 20.03 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ सातवें पायदान पर रहे। स्पर्धा का स्वर्ण पदक नाइजीरिया के चुकुवेबुका एनेक्वाची ने 21.07 मीटर दूर गोला फेंककर अपने नाम किया। वहीं दूसरे पायदान पर न्यूजीलैंड के टॉम वॉल्श 21.03 मीटर के आंकड़े के साथ रहे और सिल्वर मेडर अपने नाम किया। वो राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरा गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए। स्पर्धा का कांस्य पदक इंग्लैंड के स्कॉट लिंकन ने 20.99 मीटर दूर गोला फेंककर अपने नाम किया। पांचवें दौर तक वॉल्श सबसे आगे चल रहे थे लेकिन पांचवें प्रयास में नाइजीरियाई खिलाड़ी ने मामूली अंतर से गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।

ऐसा रहा तूर और गिल का प्रदर्शन

तजिंदरपाल सिंह तूर ने 20.06 मीटर दूर गोला फेंककर फाइनल में शुरुआत की। वहीं पहले प्रयास में समरदीप सिंह 19.56 मीटर की दूसरी तय कर सके। तूर ने अपने तीसरे प्रयास में 20.27 मीटर की दूरी हासिल की। वहीं सिमरजीत भी अपने तीसरे प्रयास में 20 मीटर के आंकड़े को पार करने में सफल रहे। इसके बाद अंतिम तीन प्रयास उनके फाउल रहे। तजिंदरपाल सिंह तूर सिंह तीन बार 20 मीटर के आंकड़े को पार करने में सफल रहे(20.06, 19.98, 20.27, 19.93,20.26 और 19.79) लेकिन पोडियम फिनिश के लिए जरूरी 21 मीटर के करीब नहीं पहुंच सके। वहीं पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले रहे गिल एक बार(19.56, 19.63,20.03,x,x,x)) 20 मीटर के आंकड़े को पार करने में सफल रहे और बगैर मेडल के घर वापस लौट रहे हैं।

फाइनल में नहीं पहुंच पाए अनिमेष कुजूर

भारत के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारक धावक अनिमेष कुजूर बृहस्पतिवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष 200 मीटर स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने से चूक गए। वह अपनी सेमीफाइनल हीट में 20.65 सेकेंड के समय के साथ छठे स्थान पर रहे। कुजूर सेमीफाइनल की दूसरी हीट में पहली लेन से दौड़े लेकिन 20.32 सेकेंड के अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड से काफी पीछे रहे रहे। घाना के जोसेफ पॉल अमोह ने 20.24 सेकेंड के समय के साथ यह दौड़ जीती। जमैका के जेवॉन पावेल ने भी 20.24 सेकेंड का समय निकाला लेकिन फोटो फिनिश में वह दूसरे स्थान पर रहे। बोत्सवाना के प्रिंस फेजेल सेलेपे ने 20.31 सेकेंड के समय के साथ शीर्ष आठ धावकों में जगह बनाते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। दोनों सेमीफाइनल से कुल आठ धावकों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया जबकि सेमीफाइनल में उतरे 16 खिलाड़ियों में कुजूर का समय 10वां सर्वश्रेष्ठ रहा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article