स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026: गोलकीपर एलोय रूम के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन की बदौलत क्यूरासाओ ने इक्वाडोर को बराबरी पर रोका

गोलकीपर एलोय रूम के ऐतिहासिक और रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन की बदौलत क्यूरासाओ ने इक्वाडोर को फीफा विश्व कप 2026 के मुकाबले में बराबरी पर रोककर अपना पहला अंक हासिल किया।

Image

एलोय रूम इक्वाडोर के खिलाफ गोल बचाते हुए

Photo : AP

कनसास सिटी: क्यूरासाओ के गोलकीपर एलोय रूम ने इक्वाडोर के लगातार हमलों का डटकर सामना करते हुए 15 बचाव किए, जिससे विश्व कप फुटबॉल में भाग ले रहे सबसे छोटे देश ने ग्रुप ई का यह मैच गोलरहित बराबरी पर रोककर अपना पहला अंक हासिल किया। इस परिणाम से जर्मनी को ग्रुप ई में शीर्ष स्थान हासिल करने का मौका मिल गया। जर्मनी ने इससे पहले आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराया था।

विश्व कप इतिहास में गोलकीपर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

37 वर्षीय रूम ने पिछले साल नवंबर में जमैका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके क्यूरासाओ को पहली बार विश्व कप में जगह दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने जर्मनी से 7-1 की हार के बाद शानदार वापसी की और विश्व कप इतिहास में किसी गोलकीपर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में अपना नाम लिखाया।

इक्वाडोर के खिलाफ बचाए 15 गोल

विश्व कप में सर्वाधिक बचाव करने की आंकड़े 1966 से ही रखे जाने लगे थे और रूम 15 बचाव करके इस सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। रिकॉर्ड 16 बचाव करने का है जो एक जुलाई, 2014 को अमेरिका के टिम हॉवर्ड ने बेल्जियम के खिलाफ बनाया था। यह मैच ड्रॉ होने से ग्रुप ई से कोई भी टीम नॉकआउट में पहुंचने की दौड़ से बाहर नहीं हुई है लेकिन इससे इक्वाडोर की स्थिति ग्रुप के अपने आखिरी मैच से पहले बेहद खराब हो गई है। इस ग्रुप के आखिरी मैच गुरुवार को फिलाडेल्फिया में क्यूरासाओ और आइवरी कोस्ट के बीच और न्यूयॉर्क में इक्वाडोर और जर्मनी के बीच खेले जाएंगे।

मैच की शुरुआत में इक्वाडोर ने गंवाया गोल करने का मौका

स्टेडियम पूरी तरह से इक्वाडोर की पीली जर्सी के रंग में रंगा था। क्यूरासाओ की नीले रंग की जर्सी में बहुत कम प्रशंसक नजर आ रहे थे। पहले हाफ में इक्वाडोर की टीम लगातार मौके तलाशती रही और गोल करने के खुले अवसर बनाती रही। लेकिन हर बार, क्यूरासाओ की टीम इन प्रयासों को विफल कर देती थी। मैच के शुरुआती मिनटों में इक्वाडोर ने गोल करने का शानदार मौका गंवा दिया, जब विश्व कप के अनुभवी खिलाड़ी एनर वालेंसिया गोलकीपर के सामने खाली जगह पर गेंद को गोल में नहीं डाल पाए। रूम ने सही अनुमान लगाया और बायीं तरफ गोता लगाकर क्यूरासाओ पर से खतरा टाल दिया।

रूम बने मैच के हीरो

दूसरे हाफ में इक्वाडोर लगातार हमले करता रहा लेकिन रूम के सामने उनकी एक नहीं चली। उन्होंने इस बीच मोइसेस कैसिडो और वालेंसिया के दो शानदार प्रयासों को विफल किया। इसके बाद मिले कॉर्नर किक पर रूम ने दो और बेहतरीन बचाव किए। आखिर में रूम मैच के नायक बनकर मैदान से बाहर निकले।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article