स्पोर्ट्स

CRO vs PAN: क्रोएशिया ने पनामा को हराकर किया FIFA वर्ल्ड कप से बाहर, राउंड ऑफ 32 की उम्मीदें बरकरार

Croatia vs Panama: एंटे बुदिमिर के दूसरे हाफ के शुरू में किए गए गोल की मदद से क्रोएशिया ने पनामा को 1-0 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट राउंड में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा।

Image

क्रोएशिया ने पनामा को फीफा वर्ल्ड कप से किया बाहर

Photo : AP

Croatia vs Panama: स्थानापन्न खिलाड़ी एंटे बुदिमिर के दूसरे हाफ के शुरू में किए गए गोल की मदद से क्रोएशिया ने पनामा को 1-0 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट राउंड में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा। पनामा की यह लगातार दूसरी हार है जिससे वह नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो गया है।

एंटे ने खेल के 54वें मिनट में जोसिप स्टैनिसिक के घुमावदार क्रॉस पर गेंद को खाली नेट में डाल दिया। यह गोल आखिर में निर्णायक साबित हुआ और क्रोएशिया तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल करने में सफल रहा। क्रोएशिया अपने पहले मैच में इंग्लैंड से हार गया था और उसके लिए ग्रुप एल में अपनी उम्मीदों को जीवंत रखने के लिए इस मैच में जीत हासिल करनी जरूरी थी।

इंग्लैंड और घाना के चार-चार अंक हैं जबकि क्रोएशिया तीन अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। वह ग्रुप चरण का अपना अंतिम मैच घाना के खिलाफ खेलेगा। पनामा लगातार दो हार से टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है और दो बार विश्व कप में भाग लेने के बाद भी वह अपना पहला अंक हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहा है।

बीएमओ फील्ड में पहले हाफ की धीमी गति के बाद क्रोएशिया मध्यांतर के बाद पनामा की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदने में सफल रहा जब बुदिमिर ने मैदान पर आने के महज चार मिनट बाद ही गोल दाग दिया। तीन मिनट बाद ही क्रोएशिया एक और गोल करने के करीब पहुंच गया था जब अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे 40 वर्षीय लुका मोड्रिक ने मार्को पासालिक को पास दिया। लेकिन पनामा के गोलकीपर ऑरलैंडो मोस्केरा ने पासालिक के शॉट को रोक दिया।

पनामा को 67वें मिनट में लगातार तीन मौके मिले जिससे वह स्कोर बराबर कर सकता था। क्रोएशिया के गोलकीपर डोमिनिक लिवाकोविच ने तीन शानदार बचाव किए। इनमें से तीसरे मौके पर उन्होंने गेंद को बस हाथ से छूकर नेट के ऊपर से बाहर कर दिया।

ग्रुप एल में आगे बढ़ने वाली टीम फैसला शनिवार को होगा। इंग्लैंड का मुकाबला ईस्ट रदरफोर्ड, न्यू जर्सी में पनामा से होगा, जबकि घाना और क्रोएशिया फिलाडेल्फिया में एक दूसरे का सामना करेंगे।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article