क्रिकेट

ZIM vs SA: जिम्बाब्वे के सामने 537 रन का विशाल लक्ष्य, जीत से 9 विकेट दूर है साउथ अफ्रीका

ZIM vs SA: जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के बीच पहले टेस्ट में मेजबान टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 1 विकेट के नुकसान पर 32 रन बना लिए हैं। उसके सामने 537 रन का लक्ष्य है जबकि साउथ अफ्रीका जीत से 9 विकेट दूर है।

Image

जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका (साभार-ICC)

ZIM vs SA: वियान मुल्डर की करियर की सर्वश्रेष्ठ 147 रन की पारी के बूते दक्षिण अफ्रीका पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को यहां अपनी दूसरी पारी में 369 रन बनाकर जिम्बाब्वे को जीत के लिए 537 रन का असंभव जैसा लक्ष्य दिया। जिम्बाब्वे ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 32 रन बना लिये थे। उसे जीत के लिए और 505 रन की जरूरत है और टीम को सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट की सेवाएं नहीं मिलेगी। बेनेट कनकशन (सिर में चोट लगना) के कारण मैच से बाहर हो गये है। उनकी जगह बल्लेबाजी के लिए आये प्रिस मास्वारे पांच रन पर बल्लेबाजी कर रहे है।

जिम्बाब्वे ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की थी लेकिन ताकुदजवानाशे कैटानो ने कॉर्बिन बॉश की गेंद को दूसरी स्लिप में खड़े क्षेत्ररक्षक के हाथों में खेल गये। अंपायरों ने इस विकेट के गिरते ही दिन के खेल को समाप्त कर दिया। दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी दिन के आखिरी सत्र में 369 पर सिमटी।

जिम्बाब्वे ने टेस्ट क्रिकेट में छह बार 500 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। उनसे पिछले साल दिसंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ इसी मैदान पर ऐसा किया था लेकिन चौथी पारी में उसका सर्वोच्च स्कोर 331 रन है। उनसे यह स्कोर न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था। इस मैच में हालांकि उसे हार का सामना करना पड़ा था।

पहली पारी में जिम्बाब्वे के 251 रन पर आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने दिन की शुरुआत 216 रन की बढ़त के साथ की थी। उस समय मुल्डर 25 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे।

दक्षिण अफ्रीका ने 155 रन पर पांच विकेट गंवा दिया लेकिन मुल्डर ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने काइल वेरेन (36) के साथ छठे विकेट के लिए 104 रन साझेदारी कर मैच को जिम्बाब्वे की पकड़ से लगभग दूर कर दिया। उन्होंने लंच से पहले 149 गेंद में करियर का दूसरा शतक पूरा किया। मुल्डर को वेस्ली मधेवेरे की गेंद पर काइटानो ने उन्हें बाउंड्री के पास कैच कर पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपनी पारी में 17 चौके और दो छक्के जड़े। कार्यवाहक कप्तान केशव महाराज ने इसके बाद 70 गेंद में 51 रन की पारी खेलकर टीम के स्कोर को 350 रन के पार पहुंचाया। महाराज आउट होने वाले नौवें बल्लेबाज थे। उन्हें वेलिंगटन मसाकाद्जा (98 रन पर चार विकेट) बोल्ड किया। तनाका चिवांगा और विंसेंट मासेकेसा को दो-दो विकेट मिले।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें