IPL 2024, MI vs CSK: आईपीएल 2024 में रविवार (14 अप्रैल 2024) को टूर्नामेंट का सबसे बड़ा और चर्चित मुकाबला खेला जाना है। इस मैच में सर्वाधिक 5-5 आईपीएल खिताब जीतने वाली दो टीमें चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में वैसे तो तमाम खिलाड़ियों पर नजरें रहने वाली हैं, लेकिन मुंबई के पूर्व कप्तान व टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) इस मैच में एक बड़ा रिकॉर्ड बना सकते हैं। इसके लिए उनको बस 3 छक्कों की जरूरत है।
हिटमैन के नाम से मशहूर मुंबई इंडियंस के ओपनर रोहित शर्मा ने अब तक आईपीएल इतिहास में 267 छक्के जड़े हैं। ये किसी भी भारतीय क्रिकेटर द्वारा इस टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड है। वहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी रोहित शर्मा छक्के जड़ने के मामले में सबसे आगे हैं। वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक 597 छक्के जड़ चुके हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में चाहिए बस 3 छक्के
रोहित शर्मा जहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 597 छक्के लगा चुके हैं। वहीं अगर बात सिर्फ टी20 क्रिकेट (लीग और अंतरराष्ट्रीय) की करें तो यहां वो 497 छक्के लगा चुके हैं और अब अगर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाले महामुकाबले में 3 छक्के जड़ने में सफल हो जाते हैं तो वो 21 साल के टी20 क्रिकेट इतिहास में 500 छक्के पूरे करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।
वर्ल्ड में पांचवें नंबर पर आएंगे
अगर रोहित शर्मा इस आईपीएल मैच में तीन छक्के जड़कर 500 टी20 छक्कों का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेते हैं तो वो ये रिकॉर्ड बनाने वाले पहले इंडियन क्रिकेटर होने के साथ-साथ सर्वाधिक टी20 छक्के जड़ने वालों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर आ जाएंगे। इस लिस्ट में अभी टॉप-4 खिलाड़ी हैं क्रिस गेल (1056 छक्के), कीरोन पोलार्ड (860 छक्के), आंद्रे रसेल (678 छक्के) और कॉलिन मुनरो (548 छक्के)। अब पांचवें नंबर पर रोहित शर्मा का नाम दर्ज होने का इंतजार हो रहा है।
