क्रिकेट

युवराज सिंह के सामने नजर आएंगे शाहिद अफरीदी, जारी हुआ WCL सीजन 3 का शेड्यूल

World Championship of Legends: WCL का तीसरा सीजन 3 से 18 अक्टूबर तक दुबई और शारजाह में खेला जाएगा। इस सीजन में कुल 7 टीमें हिस्सा लेंगी - इंडिया चैंपियंस, पाकिस्तान चैंपियंस, ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस, इंग्लैंड चैंपियंस, साउथ अफ्रीका चैंपियंस, वेस्टइंडीज चैंपियंस और बांग्लादेश चैंपियंस।

Image

WCL सीजन 3 का ऐलान (फोटो साभार- AI)

World Championship of Legends: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) के तीसरे सीजन का आगाज 3 अक्टूबर से यूएई में होगा। टूर्नामेंट का फाइनल शेड्यूल जारी कर दिया गया है और इस बार क्रिकेट के कई दिग्गज मैदान पर वापसी करते नजर आएंगे। WCL की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, तीसरा सीजन 3 से 18 अक्टूबर तक दुबई और शारजाह में खेला जाएगा। यह पहली बार होगा जब WCL का आयोजन यूके से बाहर हो रहा है, इससे पहले इसके दोनों सीजन इंग्लैंड में हुए थे।

WCL 3 में हिस्सा लेंगी सात टीमें

इस सीजन में कुल 7 टीमें हिस्सा लेंगी - इंडिया चैंपियंस, पाकिस्तान चैंपियंस, ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस, इंग्लैंड चैंपियंस, साउथ अफ्रीका चैंपियंस, वेस्टइंडीज चैंपियंस और बांग्लादेश चैंपियंस। फैंस को एक बार फिर पुरानी प्रतिद्वंद्विता देखने को मिलेगी। टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण भारत चैंपियंस बनाम पाकिस्तान चैंपियंस का महामुकाबला होगा। इसके अलावा कई अन्य हाई-वोल्टेज मैच भी होंगे जो इंटरनेशनल क्रिकेट की यादों को ताजा कर देंगे।

युवराज सिंह और अफरीदी जैसे प्लेयर आएंगे नजर

तीसरे सीजन में युवराज सिंह, शाहिद अफरीदी, क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स, डेविड वॉर्नर, मोईन अली और महमुदुल्लाह रियाद जैसे बड़े नाम खेलते नजर आएंगे। ये सभी खिलाड़ी अपने समय में मैच विनर रहे हैं और एक बार फिर फैंस को उनका जलवा देखने को मिलेगा। WCL के फाउंडर और CEO हर्षित तोमर ने कहा, "सीजन 3 सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता और सबसे बड़े लीजेंड्स को एक साथ लाने के बारे में है। हमारे पास शानदार लाइन-अप है और शेड्यूल में ऐसे मैच हैं जिनसे फैंस तुरंत जुड़ेंगे। WCL को यूएई ले जाना इस सीजन को और भी खास बनाता है।"

WCL के को ओनर हैं अजय देवगन

लीग के को-ओनर अजय देवगन ने कहा, "WCL सिर्फ एक क्रिकेट लीग नहीं है, यह इमोशन, नॉस्टेल्जिया और एंटरटेनमेंट का संगम है। सीजन 3 हमारा अब तक का सबसे बड़ा सीजन होगा।" बता दें कि WCL के दूसरे सीजन को दुनियाभर में 42.5 करोड़ दर्शकों ने देखा था। ऐसे में तीसरे सीजन से उम्मीदें और भी ज्यादा हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article