क्रिकेट

नवदीप सैनी ने बताया आईपीएल के रास्ते कैसे होती है टीम इंडिया में एंट्री

टीम इंडिया के लिए खेल चुके दिल्ली के तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने बताया है कि भारतीय टीम में वापसी के लिए उन्हें आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करना होगा। तभी टीम इंडिया के दरवाजे उनके लिए दोबारा खुल सकेंगे।

Image

नवदीप सैनी

नई दिल्ली: कभी भारत के तेज गेंदबाज रहे नवदीप सैनी का कहना है कि सच्चाई यही है कि अगर किसी खिलाड़ी को राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना है तो उसे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अच्छा प्रदर्शन करना ही होगा। कई लोगों को लगता है कि सैनी की गेंदबाजी की चमक फीकी हो गई है लेकिन उनके हाथों में आई 51 ओवर पुरानी, खुरदरी और बेजान एसजी टेस्ट गेंद अचानक से जीवंत हो जाती है।

सैनी ने ऐसी ही गेंद पर हिमाचल के सलामी बल्लेबाज सिद्धांत पुरोहित (70) को आउट किया। यह उनके उसी जोश की याद दिलाता है जिसने उन्हें 2019 में भारत के लिए पदार्पण कराया था। भारत के लिए दो टेस्ट, आठ वनडे और 11 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के बाद 32 वर्षीय सैनी का मानना है कि राष्ट्रीय टीम में अभी उनका काम पूरा नहीं हुआ है। सैनी ने दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा,'मैं जब आया था मेरे पास खोने को कुछ नहीं था और इतने साल बाद आज भी खोने को कुछ नहीं है। मैं अगर भारतीय टीम में वापसी का सपना ना देखूं तो मुझे हक नहीं दिल्ली की टीम में एक स्थान रोक कर रखूं।'

यह तेज गेंदबाज आखिरी बार 2021 में भारत के लिए खेला था। वह खिलाड़ियों के चयन की बदलती वास्तविकताओं के बारे में स्पष्ट थे। उन्होंने कहा,'चाहे किसी को यह बात पसंद आए या नहीं, भारत के लिए खेलने के लिए आपको आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करना ही होगा। यह एक सच्चाई है। एक साल पहले मुझे कंधे में चोट लगी थी जिससे मेरी रफ्तार कम हो गई थी। इसकी वजह से मुझे आईपीएल अनुबंध गंवाना पड़ा।'

यह पूछने पर कि क्या वह विजय हजारे ट्रॉफी या सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जैसे सीमित ओवरों के प्रारूपों में ही खेलना पसंद करेंगे तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा,'मैं खेल सकता हूं, लेकिन मुझे दिन के मैचों में गेंदबाजी करने की यह चुनौती पसंद है। मुझे मजा आता है। पिछले मैच में मुझे (हैदराबाद में) विकेट नहीं मिले क्योंकि विकेट धीमा था। इस पिच पर चाय के बाद पिच जीवंत हो गई।'

तो क्या उन्हें अब भी लगता है कि वह भारतीय टीम में की वापसी कर सकते हैं तो उन्होंने कहा,'क्यों नहीं। अगर मैं पांच-पांच विकेट ले लूं तो मैं फिर से चर्चा का हिस्सा बन जाऊंगा।' सैनी अगले महीने 33 साल के हो जाएंगे और अब भी वापसी की उम्मीद लगाए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article