शनिवार को पहले डबल हेडर मुकाबले में शाम को राजस्थान रॉयल्स की टीम गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेलने उतरेगी। यह मुकाबला नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी के पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। उनके पास आईपीएल में सबसे तेज 500 रन की साझेदारी बनाने का मौका है। फिलहाल, जायसवाल और सूर्यवंशी की जोड़ी ने 246 गेंदों में 497 रन बना लिए हैं।
सहवाग और गंभीर के नाम है रिकॉर्ड
आईपीएल में सबसे तेज 500 रन बनाने वाली जोड़ी की बात करें तो यह रिकॉर्ड फिलहाल वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के नाम है। दोनों ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए केवल 309 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ पिछले मैच में, जायसवाल और सूर्यवंशी ने 128 रनों का पीछा करते हुए 75 रनों की तेज साझेदारी की थी। सूर्यवंशी ने 17 गेंदों में 52 रन जबकि जायसवाल ने नाबाद 38 रन की पारी खेली थी।
अपने आईपीएल करियर में अब तक जयसवाल ने 68 मैचों और 67 पारियों में 34.98 के औसत और 151.68 के स्ट्राइक रेट से 2,204 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं। दूसरी ओर, सूर्यवंशी ने पिछले साल शानदार शुरुआत की थी। 14 साल की उम्र में सबसे कम उम्र के आईपीएल खिलाड़ी के रूप में उन्होंने सात पारियों में 252 रन बनाए, जिसमें एक शतक भी शामिल था। इसके साथ ही वह सबसे कम उम्र के टी20 शतकवीर और सबसे तेज आईपीएल शतकवीर (भारतीय बल्लेबाजों में) बन गए। अपनी आठ पारियों में वैभव 38.00 की औसत और 218.70 के स्ट्राइक रेट से 304 रन बना चुके हैं। इसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101 रन है।
गुजरात टाइटंस टीम: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, जेसन होल्डर, जयंत यादव, मानव सुथार, कुमार कुशाग्र, साई किशोर, इशांत शर्मा, ल्यूक वुड, टॉम बैंटन, कुलवंत खेजरोलिया, अनुज रावत, अरशद खान। गुरनूर ब्रार, निशांत संधु।
राजस्थान रॉयल्स टीम: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरन हेटमायर, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, ब्रिजेश शर्मा, डोनोवन फरेरा, लुआन-डी प्रीटोरियस, रवि सिंह, सुशांत मिश्रा, तुषार देशपांडे, एडम मिल्ने, दसुन शनाका, कुलदीप सेन, युद्धवीर सिंह चरक, शुभम दुबे, केना मफाका, विग्नेश पुथुर, अमन राव पेरला।
