क्रिकेट

IND vs ENG: यशस्वी का इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में धमाल जारी, राजकोट में भी जड़ा आतिशी शतक

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 17, 2024, 04:46 PM IST

Yashasvi Jaiswal Third Test Century: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के बल्ले का धमाल राजकोट में जारी है। राजकोट टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने आतिशी शतक जड़ दिया।

Image

यशस्वी याजसवाल

Photo : AP

राजकोट: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा। राजकोट टेस्ट की दूसरी पारी में इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए यशस्वी ने अपने टेस्ट करियर का तीसरा और सीरीज में दूसरा शतक जड़ दिया। इससे पहले विशाखापट्टनम में खेले गए दूसरे टेस्ट में यशस्वी ने 209 रन की पारी खेली थी। उस फॉर्म को उन्होंने राजकोट में भी बरकरार रखा और 122 गेंद में अपने ट

टेस्ट करियर का तीसरा शतक जड़ दिया। पीठ में दर्द की वजह से यशस्वी 104* रन की पारी खेलने के बाद रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन वापस लौटे। लेकिन इससे पहले उन्होंने टीम को 311 रन से आगे पहुंचा दिया था।

सीरीज में जड़ा दूसरा शतक

पहली पारी में 10 रन बनाकर पवेलियन लौटने वाले यशस्वी ने दूसरी पारी सधे हुए अंदाज में शुरुआत की। पारी की पहली 73 गेंद में यशस्वी ने केवल 35 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने गियर बदले और इंग्लैंड के गेंदबाजों के छक्के छुड़ते हुए अपना शतक 122 गेंद में पूरा कर लिया। अर्धशतक से शतक की ओर पहुंचने के लिए जायसवाल को 49 गेंद खेलनी पड़ी। शतकीय पारी के दौरान उन्होंने 9 चौके और 5 छक्के जड़े। चौके के साथ यशस्वी ने अपना शतक पूरा किया।

एंडरसन के ओवर में जड़े 19 रन

एंडरसन जैसे धाकड़ गेंदबाज के ओवर में यशस्वी ने 19 रन जड़ दिए। ओवर की शुरुआत लेग बाई के 4 रन के साथ हुई लेकिन इसके बाद यशस्वी ने अपने बल्ले की धाक जमाते हुए एक छक्का और दो चौके जड़कर इस ओवर को 19 रन का बना दिया। ऐसे में कप्तान बने स्टोक्स को एंडरसन को गेंदबाजी से हटाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

छक्के के साथ 80 गेंद में पूरा किया अर्धशतक

यशस्वी ने अपना अर्धशतक 80 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के के साथ पूरा किया। छक्के जड़कर यशस्वी टेस्ट करियर में दूसरी पारी में पहली बार पचास रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहे। उनका बल्ला अर्धशतक पूरा करने के बाद लगातार रन उगलता रहा।

सीरीज में ऐसा रहा है प्रदर्शन

इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में यशस्वी रनों की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। तीन टेस्ट की 6 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए यशस्वी ने 434* रन बना लिए हैं। इसमें 2 शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं। उनके बाद सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर्स में बेन डकेट 284 रन के साथ दूसरे पायदान पर हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article