क्रिकेट

हो गया फैसला, अब मुंबई से ही खेलेंगे यशस्वी जायसवाल

यशस्वी जायसवाल और मुंबई की रणजी टीम के फैंस के लिए अच्छी खबर है। दरअसल अब उन तमाम अटकलों पर विराम लग गया है कि जायसवाल घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए नहीं खेलेंगे। अब इसको लेकर फैसला हो गया है कि जायसवाल इसी टीम से आगे भी खेलना जारी रखेंगे।

Image

यशस्वी जायसवाल (साभार-ICC)

भारतीय टेस्ट फॉर्मेट के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल घरेलू क्रिकेट की सबसे सफल टीम मुंबई के लिए खेलना जारी रखेंगे क्योंकि राज्य क्रिकेट संघ (MCA) ने सोमवार को उनके पहले के अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के अनुरोध को वापस लेने की मंजूरी दे दी। बायें हाथ के 23 साल के बल्लेबाज जायसवाल ने अप्रैल में मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) से किसी अन्य राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए एनओसी मांगने वाला पत्र लिखकर सभी को चौंका दिया था। एमसीए ने शुरू में एनओसी के लिए उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया था।

जायसवाल गोवा की टीम से जुड़ने के साथ उसके कप्तान बनने की राह पर थे। जायसवाल ने हालांकि मई में एमसीए को एनओसी जारी करने के उनके अनुरोध को वापस लेने की मांग करते हुए पत्र लिया। एमसीए की शीर्ष परिषद ने सोमवार को जायसवाल के एनओसी वापस लेने के अनुरोध को मंजूरी दे दी। एमसीए ने कहा, ‘‘शीर्ष परिषद ने एनओसी वापस लेने को मंजूरी दे दी है। यशस्वी जायसवाल ने इससे पहले दूसरे राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए इसका अनुरोध किया था। वह हालांकि अब मुंबई के लिए खेलना जारी रखेंगे।’’

कुछ दिनों पहले मुंबई के एक अन्य भारतीय खिलाड़ी पृथ्वी शॉ ने एमसीए से दूसरे राज्य के लिए खेलने की मंजूरी मांगी थी। उनके अनुरोध को मंजूरी दे दी गई है। लेकिन अब जायसवाल का मुंबई से खेलने का फैसला फैंस के लिए अच्छी खबर लेकर आया है। फिलहाल जायसवाल इंग्लैंड दौरे पर हैं और 5 मैच की टेस्ट सीरीज की शुरुआत उन्होंने धमाकेदार अंदाज में की है। लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में जायसवाल ने 159 गेंद में 101 रन की पारी खेली थी, हालांकि, दूसरी पारी में भी वह फेल रहे थे। दूसरी पारी में जायसवाल 11 गेंद में 4 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, खराब फील्डिंग के कारण उनकी खूब आलोचना हुई थी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article