क्रिकेट

WPL के पांचवें सीजन की तारीखों का हुआ ऐलान, जनवरी-फरवरी में खेले जाएंगे मुकाबले; वाराणसी में मैच कराने की चर्चा

विमेंस प्रीमियर लीग 2027 की तारीखों का ऐलान हो गया है। अगले साल 14 जनवरी से मेगा टूर्नामेंट का आगाज होगा और 7 फरवरी को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। अगले महीने यानी 28 अक्टूबर को कोच्चि में ऑक्शन होगा। इस महीने की 28 सितंबर को सभी फ्रेंचाइजियों के पास रिटेंशन का आखिरी मौका होगा। यानी की रिटेंशन की आखिरी तारीख 28 सितंबर निर्धारित की गई है।

Image

WPL 2027 की तारीखों का हुआ ऐलान। फोटो- WPL

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। महिला प्रीमियर लीग (WPL) का ऑक्शन 28 अक्टूबर को कोच्चि में होना तय है। मंगलवार को WPL गवर्निंग काउंसिल की वर्चुअल मीटिंग में BCCI ने 2027 सीजन के लिए तारीखें तय कर दी, जिसमें टूर्नामेंट को पहली बार वाराणसी ले जाने की संभावना पर भी चर्चा हुई। फिलहाल, मुंबई का ब्रेबोर्न स्टेडियम और वडोदरा का कोटंबी स्टेडियम टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए लाइन में हैं।

अगले साल 14 जनवरी से मेगा टूर्नामेंट का आगाज होगा और 7 फरवरी को फाइनल खेला जाएगा। इस महीने की 28 तारीख यानी 28 सितंबर, रिटेंशन की आखिरी तारीख होगी। सभी टीमों को अपनी रिटेन लिस्ट बीसीसीआई को सौंपनी होगी। वेन्यू को लेकर बीसीसीआई संकट में है। क्योंकि, 14 फरवरी से आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी खेला जाएगा। इसके लिए मुंबई के ब्रेबोर्न और वडोदरा के कोटंबी स्टेडियम को चुना गया है।

वाराणसी में मैच कराने की चर्चा

ऐसे में रिपोर्ट है कि बीसीसीआई विमेंस प्रीमियर लीग के कुछ मैच वाराणसी में बने नए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में कराने पर विचार कर रही है। स्पोर्टस्टार के अनुसार, BCCI की टीम यह देखेगी कि क्या वाराणसी का वेन्यू तब तक तैयार हो सकता है या नहीं और उसी के आधार पर वहां मैच कराने का फैसला लिया जाएगा। अभी के लिए मुंबई और वडोदरा ही तय हैं।

लीग को मिलेगा नया मार्केट

पिछले सीजन में WPL सिर्फ दो जगहों तक ही सीमित रहा था। हालांकि, 2025 में इसे चार शहर में आयोजित किया गया था। टूर्नामेंट को वाराणसी ले जाने से लीग को एक नया मार्केट मिलेगा और यूपी वॉरियर्स फ्रेंचाइजी को 2025 में लखनऊ में खेलने के बाद दूसरी बार अपना होम वेन्यू मिलेगा।

पिछले चार सीजन की चैंपियन

महिला प्रीमियर लीग के पिछले चार सीजन में मात्र दो ही टीम चैंपियन बनीं हैं। मुंबई इंडियंस ने दो बार (2023, 2025) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2024 और 2026) में खिताब जीता है। दिल्ली कैपिटल्स लगातार चार सीजन फाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम है। वहीं, 2026 में RCB ने दिल्ली को फाइनल में हराकर खिताब जीता था।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article