क्रिकेट

WPL 2025 में दिखा टॉस का अनोखा खेल, जानें कब किसे हुआ सिक्का अपने पक्ष में उछालने का फायदा

WPL 2025 Toss: विमेंस प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल में मुंबई इंडियंस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स मात दे दी। इस पूरे टूर्नामेंट में टॉस का भी खास खेल चला और इसने कैसे मैच पलटा आइए जानते हैं।

Image

हरमनप्रीत कौर और मेग लेनिंग टॉस के समय (फोटो- X)

WPL 2025: मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस महिला टीम ने दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम को 8 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 149/7 का स्कोर बनाया, जबकि दिल्ली की टीम जवाब में 141/9 ही बना सकी।

दिल्ली की टीम ने आखिरी ओवर तक संघर्ष किया, लेकिन 8 रन से चूक गई। यह डब्ल्यूपीएल इतिहास में उन चुनिंदा मौकों में से एक बन गया, जब 150 से कम रनों के स्कोर को सफलतापूर्वक डिफेंड किया गया। इससे पहले यह कारनामा 2023 में गुजरात जायंट्स (147/4), 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (135/6), और यूपी वॉरियर्स (138/8) जैसी टीमों ने किया था।

दिल्ली कैपिटल्स ने डब्ल्यूपीएल के तीनों संस्करणों में अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया, लेकिन हर बार फाइनल में हारकर उपविजेता बनकर रह गई। इस बार उनकी हार और भी निराशाजनक रही, क्योंकि यह पहला मौका था जब उन्होंने किसी एक संस्करण में लगातार दो मैच गंवाए।

टॉस का ऐसा रहा समीकरण

इस सीजन में टॉस और परिणामों का अनोखा खेल भी देखने को मिला। शुरुआती 17 मैचों में से 15 में दूसरी बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती, जबकि आखिरी पांच मैचों में पहली बल्लेबाजी करने वाली टीम ने बाजी मारी। पूरे टूर्नामेंट में 22 मैचों में टॉस जीतने वाली हर टीम ने पहले फील्डिंग चुनी। हालांकि, ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए 15 डब्ल्यूपीएल मैचों में टॉस जीतने वाली टीम 13 बार हारी, जो इस मैदान का एक दिलचस्प रिकॉर्ड बन गया।

मुंबई इंडियंस को ऐसे मिली जीत

फाइनल मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी करने के लिए दी। मुंबई इंडियंस टीम की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। नेट साइवर-ब्रंट (30 रन, 28 गेंद, 4 चौके) और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। हरमनप्रीत ने 44 गेंदों में 66 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्का शामिल थे। हरमनप्रीत कौर की 66 रन की पारी ने मुंबई को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली नेट साइवर-ब्रंट को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का खिताब मिला।

(आईएनएस)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article