शहर

Gwalior Accident: ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के सामने ट्रक पलटा, 12 श्रद्धालुओं की मौत

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के सामने देर रात करीब एक बजे बेकाबू ट्रक पलट गया। इस हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए।

Image

ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के सामने दर्दनाक हादसा

Photo : Times Now Digital

Gwalior Truck Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के सामने देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। चीनोर की तरफ से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर है। हादसे के बाद मौके पर पुलिस बल पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

ट्रक का ब्रेक फेल होने की आशंका

जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात करीब एक बजे आंतरी थाना क्षेत्र में हुई। शुरुआती जानकारी में ट्रक के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ट्रक तेज गति से लुढ़कते हुए पलट गया और वहां मौजूद श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। कई लोग ट्रक के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को ट्रॉमा सेंटर में कराया गया भर्ती

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए तत्काल जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में 30 लोग घायल हुए हैं और पांच की हालत गंभीर है। घायलों में होमगार्ड के दो जवान भी शामिल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।

व्यस्त मार्ग पर ट्रकों की आवाजाही पर उठे सवाल

हादसे के बाद घायलों के परिजनों ने व्यस्त मार्ग पर ट्रकों की आवाजाही को लेकर सवाल उठाए हैं। फिलहाल ट्रक के पलटने की वजह की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे से जुड़े हालात की जानकारी जुटा रही हैं। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article