क्रिकेट

बारिश ने छीना विंडीज से टी20 सीरीज जीतने का मौका, निराश हुए कैरेबियाई कप्तान शाई होप

भारत के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के हाथ आए मौके को बारिश की वजह से गंवाने के बाद कैरेबियाई कप्तान शाई होप ने निराशा जताई है। जानिए उन्होंने भारत दौरे पर टीम के शानदार प्रदर्शन के बारे में क्या कहा?

Image

शाई होप (फोटो क्रेडिट AP)

बेंगलुरू: भारत और वेस्टइंडीज के बीच बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया सीरीज का पांचवां और निर्णायक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। मैच को बारिश की वजह से घटाकर 9-9 ओवर का कर दिया गया था। ऐसे में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 7.4 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 118 रन का स्कोर खड़ा किया था। ऐसे में बारिश फिर से शुरू हो गई और मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका। ऐसे में पांच मैच की सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुई और विंडीज के हाथ से भारत के खिलाफ 20 साल में पहले सीरीज जीत का मौका हाथ से फिसल गया।

हमने गंवा दिया सीरीज जीतने का शानदार मौका

सीरीज में होप का प्रदर्शन वेस्टइंडीज के लिए अहम रहा। उन्होंने चार मैचों में दो शतकों की मदद से 261 रन बनाए और शृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए। विंडीज के कप्तान शाई होप ने सीरीज जीत का मौका गंवाने पर निराशा जताते हुए कहा,'फिलहाल यह हमारे लिए पर्याप्त नहीं है। हम जीत के काफी करीब थे। हमारे पास 20 साल से भी अधिक समय में ऐसा करने का मौका था। हम निश्चित रूप से आगे बढ़ रहे हैं। सफलता का मतलब सिर्फ शृंखला जीतना नहीं है। इस दौरे से कई सकारात्मक बातें सामने आई हैं।'

गेंदबाजों की जमकर की होप ने तारीफ

कप्तान होप ने टीम के गेंदबाजों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए शमार स्प्रिंगर, कीमो पॉल और रोस्टन चेज की जमकर तारीफ करते हुए कहा, 'अहम ओवरों में खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी निभाई और पूरी सीरीज के दौरान अलग-अलग मौकों पर टीम के सदस्यों ने आगे बढ़कर योगदान दिया।'

खिलाड़ियों को बनाए रखना चाहिए विश्वास

होप ने अपने प्रदर्शन और तैयारी को लेकर कहा,'खिलाड़ी को लगातार असफलताओं के बावजूद खुद पर विश्वास बनाए रखना चाहिए। अगर आप पिछले चार-पांच मैचों में रन नहीं बना पाए हैं, तब भी आपको खुद पर भरोसा रखना चाहिए। मेरी तैयारी और प्रक्रिया नहीं बदलती। मुझे लगता है कि मैं पर्याप्त तैयारी करता हूं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article