Kolkata Durga Puja Pandal: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार को मची भगदड़ में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। इस हादसे के तत्काल बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की।
हाईलेवल बैठक
इस हादसे को लेकर कोलकाता मेडिकल कॉलेज में एक हाईलेवल मीटिंग आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्यमंत्री अधिकारी, मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
फैक्ट फाइडिंग समिति होगी गठित
मुख्यमंत्री के मुताबिक, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए एक फैक्ट फाइडिंग समिति गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह के साथ अगले दिन होने वाले कार्यक्रमों का स्थगित कर दिया गया, क्योंकि इस समय लोगों के साथ खड़ा होना ज्यादा जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़, 17 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा घायल; मुआवजे का ऐलान - हेल्पलाइन नंबर जारी
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा कि मामले की पूरी पारदर्शिता के साथ उचित जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूजा समिति के सदस्यों और सुरक्षा एजेंसियों के कर्मियों को हिरासत में लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना से प्रभावित सभी परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताया।
कैसे हुआ हादसा?
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैसे ही बारिश शुरू हुई, चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर प्रतीक्षा कर रही भीड़ आगे की ओर भागी, जिससे कुछ लोग सड़क पर गिर गए और भगदड़ मच गई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने सरकारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
