क्रिकेट

WPL 2023: यूपी वॉरियर्ज ने रोका मुंबई इंडियन्स का विजय रथ, हरमन सेना ने पहली बार चखा हार का स्वाद

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 18, 2023, 08:17 PM IST

विमेंस प्रीमियर लीग में अब तक विजय रथ पर सवार रही मुंबई इंडियन्स की टीम को लगातार पांच जीत के बाद पहली बार हार का सामना करना पड़ा है। शनिवार को यूपी वॉरियर्ज ने उन्हें पटखनी दी।

Image

यूपी वॉरियर्ज(UP Warriorz)

Photo : Twitter

मुंबई: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियन्स को पहली बार विमंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन में हार का स्वाद शनिवार को चखना पड़ा। यूपी वॉरियर्ज की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए मुंबई की टीम को 20 ओवर में 127 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 128 रन के लक्ष्य को को तीन गेंद और पांच विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने वाली ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

यूपी की खराब रही शुरुआत, सस्ते में गंवाए 3 विकेट

जीत के लिए 128 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी वॉरियर्ज की शुरुआत बेहद खराब रही। 6.1 ओवर में यूपी ने 2 विकेट 27 रन पर गंवा दिए थे। दूसरे ओवर की पहली गेंद पर देविका वैद्य 1, छठे ओवर की पहली गेंद पर कप्तान एलिसा हीली 8 और सातवें ओवर की पहली गेंद पर किरण नावगिरे 12 रन बनाकर पवेलियन वापस लौट चुकी थीं।

एमिलिया केर ने दो विकेट टकाकर मुंबई को दिया वापसी का मौका

ऐसी मुश्किल स्थिति में ताहिला मैक्ग्रा और ग्रेस हैरिस ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पहले टीम को पचास रन के पार पहुंचाया। लेकिन 71 के स्कोर पर ताहिला मैक्ग्रा को एमिलिया केर ने अपनी ही गेंद पर कैच लपककर पवेलियन वापस भेज दिया। उन्होंने 25 गेंद पर 38 रन की पारी खेली। केर ने इसके बाद मुंबई के लिए मुसीबत बन रही ग्रेस हैरिस को भी वोंग के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया। उन्होंने 28 गेंद में 39 रन की पारी खेली।

दीप्ति-एक्लेस्टोन की जोड़ी ने पार कराई जीत की दहलीज

105 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद यूपी को मुश्किल से उबारते हुए दीप्ति शर्मा और सोफी इक्लेस्टोन ने जीत की दहलीज पार कराई। दीप्ति 14 गेंद में 13 और सोफी एक्लेस्टोन 17 गेंद में 16 रन बनाकर नाबाद रहीं। यूपी ने 3 गेंद और 5 विकेट शेष रहते जीत हासिल कर ली। यह सीजन में उनकी 6 मैच में तीसरी जीत है। इतने ही मैच में उसे हार मिली है।

सोफी के कहर के सामने ढेर हुई मुंबई

पहले गेंदबाजी करने उतरी यूपी वॉरियर्ज ने इंग्लैंड की बायें हाथ की स्टार स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन के तीन विकेट की मदद मुंबई इंडियंस को 127 रन पर ढेर कर दिया। इसी वोंग ने 19 गेंद में 32 रन की पारी खेली। अगर उनका बल्ला नहीं चला होता तो मुंबई की टीम 100 रन के आस-पास ही सिमट जाती।

यूपी के गेंदबाजों ने की सधी हुई गेंदबाजी

यूपी के गेंदबाजों ने फॉर्म में चल रहे मुंबई के बल्लेबाजों के सामने अनुशासित गेंदबाजी की। मुंबई का स्कोर दस ओवर के बाद दो विकेट पर 56 रन था । हीली मैथ्यूज (35) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (25) साझेदारी की ओर बढ़ती दिख रही थीं। लेकिन दोनों अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सकीं।

78 रन पर मुंबई ने गंवा दिए थे पांच विकेट

हरमनप्रीत को दीप्ति शर्मा ने और मैथ्यूज को सोफी एक्लेस्टोन को पवेलियन भेजकर मैच का रुख पलट दिया। इससे पहले यस्तिका भाटिया 5 और नेट स्किवेर ब्रंट 7 रन की पारी खेलकर पवेलियन वापस लौट गईं। अमेलिया केर पांच गेंद ही खेल सकी और तीन रन बनाकर राजेश्वरी गायकवाड़ का शिकार बनीं। मुंबई की आधी टीम 14वें ओवर की शुरुआत में 78 रन बनाकर पवेलियन वापस लौट चुकी थी।

वोंग ने मुंबई को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया

इसके बाद एक छोर इसी वोंग ने एक छोर संभाला और मुंबई को 100 रन के पार पहुंचाया। दूसरे छोर से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। 127 रन पर उनके आउट होने के बाद मुंबई की पारी भी इसी स्कोर पर 2 गेंद बाद समाप्त हो गई। 3 विकेट चटकाने वाली सोफी एक्लेस्टोन को दूसरे छोर से बाकी गेंदबाजों का पूरा सहयोग मिला। गायकवाड़ ने चार ओवर में 16 रन देकर दो, दीप्ति शर्मा ने 34 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!