क्रिकेट

WPL 2023: सोफी डिवाइन के बल्ले के तूफान में उड़ा गुजरात जायंट्स, आरसीबी ने दर्ज की धमाकेदार जीत

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 18, 2023, 11:40 PM IST

सोफी डिवाइन की आतिशी पारी की बदौलत आरसीबी ने शनिवार को गुजरात जायंट्स को 8 विकेट से पटखनी देकर सीरीज में दूसरी जीत दर्ज की। गुजरात के गेंदबाज डिवाइन के सामने असहाय नजर आए।

Image

सोफी डिवाइन(साभार WPL)

Photo : Twitter

मुंबई: विमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन में एक के बाद एक धमाकेदार मैच जिताऊ पारियां देखने को मिली हैं। लेकिन शनिवार को आरसीबी की ओर से खेलने वाली सोफी डिवाइन के बल्ले के तूफान में गुजरात जायंट्स की टीम उड़ गई। 36 गेंद में 99 रन की आतिशी पारी खेलकर डिवाइन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात के बनाए 188 रन के स्कोर को बौना साबित करते हुए महज 15.3 ओवर में 8 विकेट शेष रहते जीत हासिल कर ली।

गुजरात ने बनाए 4 विकेट पर 188 रन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात जायंट्स की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 188 रन का स्कोर खड़ा किया। लौरा वोलवर्ट ने एक बार फिर गुजरात के लिए शानदार पारी खेली। 42 गेंद पर 68 रन बनाकर वो गुजरात की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी रहीं। उनके अलावा एश्ले गार्डनर ने 26 गेंद में 41 और एस मेघना ने 32 गेंद में 31 रन की पारी खेली। आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा दो विकेट श्रेयंका पाटिल ने 17 रन देकर लिए। वहीं एक-एक विकेट सोफी डिवाइन और प्रीती बोस के खाते में गया।

सोफी मंधाना की जोड़ी ने की आतिशी शुरुआत

इसके बाद जीत के लिए 189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी के लिए पारी की शुरुआत करने कप्तान स्मृति मंधाना और सोफी डिवाइन की जोड़ी उतरी। दोनों ने तेज शुरुआत करते हुए 3.3 ओवर में आरसीबी को 50 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ही बल्लेबाज बल्लेबाजी कर रहे थे। 6 ओवर में आरसीबी ने 77 रन बगैर किसी नुकसान के जोड़ लिए थे।

डिवाइन ने 20 गेंद में जड़ा अर्धशतक

पॉवरप्ले के खत्म होने के बाद सोफी ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी जारी रखी और 20 गेंद में 6 चौके और 4 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद पहले विकेट के लिए 49 गेंद में दोनों ने शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर मंधाना स्नेह राणा की गेंद पर उन्हीं के हाथों लपकी गईं। वो 31 गेंद में 37 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।

छक्के के साथ शतक जड़ने की कोशिश में गंवाया विकेट

मंधाना के पवेलियन लौटने का असर डिवाइन पर नहीं पड़ा और उन्होंने बदस्तूर चौकों छक्कों की बारिश जारी रखी। 12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर डिवाइन ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में मिड ऑफ पर अश्विनी कुमारी के हाथों किम गेराथ की गेंद पर लपकी गईं और उनके हाथ से केवल एक रन के अंतर से डब्लूपीएल इतिहास का पहला शतक जड़ने का मौका निकल गया।

सोफी ने चौकों छक्कों से बनाए 84 रन, 275 के स्ट्राइक रेट से की बल्लेबाजी

सोफी ने अपनी 36 गेंद पर 99 रन की पारी के दौरान 9 चौके और 8 छक्के जड़े। उन्होंने 275 के स्ट्राइक रेट के साथ बैटिंग करते हुए 99 में से 84 रन केवल चौकों छक्कों की मदद से बनाए। भले ही शतक पूरा करने से डिवाइन चूक गईं लेकिन उन्होंने एक आतिशी और यादगार पारी लक्ष्य का पीछा करते हुए खेलकर अपना नाम हमेशा के लिए विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में दर्ज करा लिया।

15. 3 ओवर में आरसीबी ने हासिल किया विजयी लक्ष्य

डिवाइन जब आउट हुईं तब आरसीबी का स्कोर 11.5 ओवर में 157 रन था। इसके बाद एलिसा पेरी और हीदर नाइट ने मिलकर जीत की औपचारिकता 15.3 ओवर में 8 विकेट शेष रहते पूरी कर ली। पैरी 19 और हीदर नाइट 22 रन बमाकर नाबाद रहीं। सोफी ने अकेले दम पर गुजरात जायंट्स के छक्के छुड़ा दिए। आरसीबी की यह सातवें मैच में दूसरी जीत रही।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article