पुणे: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल के लिए विश्व कप 2023 की शुरुआत बेहद खराब रही। गिल डेंगू की चपेट में आने की वजह से टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैच में ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ मैदान में नहीं उतर सके थे। अहमदाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए वो फिट होकर टीम में वापसी करने में सफल रहे लेकिन 16 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए।
ऐसे में पुणे में बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले को गिल ने खाली नहीं जाने दिया और जीत के लिए 257 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 53(55) रन की पारी खेली। छक्का जड़ने की कोशिश में गिल मेहदी हसन मिराज की गेंद पर मिडविकेट पर महमूदुल्लाह के हाथों लपके गए।
सारा ने शुभमन को जमकर किया चीयर
शुभमन गिल की इस पारी के दौरान स्टेडियम में मौजूद क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर चीयर करती नजर आईं। 52 गेंद में शुभमन गिल ने जब अपना अर्धशतक पूरा किया तब कैमरामैन की नजर भी सारा की तरफ मुड़ गई। सारा कई मौकों पर गिल के शाट्स पर तालियां बजाते हुए और उनकी हौसला अफजाई करते हुए दिखीं।
दोनों के बीच अफेयर की खबरें, किसी ने नहीं की है पुष्टि
शुभमन और सारा के बीच अफेयर की खबरें आए दिन सोशल मीडिया पर परवान चढ़ती दिखती हैं लेकिन दोनों में से किसी ने भी इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है। ना ही दोनों के परिवार के किसी सदस्य ने भी इस बारे में कुछ कहा है।
