World Cup 2023, BAN (Bangladesh) vs NED (Netherlands) ODI Pitch Report Eden Gardens Stadium, Kolkata Weather Forecast Today: विश्व कप 2023 में आज का दूसरा मुकाबला दोपहर 2 बजे से बांग्लादेश और नीदरलैंड की टीमों के बीच खेला जाना है। ये दोनों ही टीमें मौजूदा स्थिति में सेमीफाइनल की दौड़ से तकरीबन बाहर हो चुकी हैं। अब ये सभी मुकाबले जीतकर भी ज्यादा से ज्यादा 10 अंकों तक पहुंच सकती हैं जो सेमीफाइनल में जाने के लिए काफी नहीं है, उन्हें सभी मैच जीतने के अलावा मजबूत नेट रन रेट चाहिए होगा और दुआ करनी होगी कि अंक तालिका में चौथे स्थान के लिए लड़ रही टीमें अपने मैच भी हारें जो एक नामुमकिन सी चीज लगती है। आज इन दोनों टीमों का मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होगा जो इस विश्व कप में इस प्रतिष्ठित मैदान का पहला मैच भी होगा।
बांग्लादेश क्रिकेट टीम और नीदरलैंड क्रिकेट टीम की तुलना करें तो हर लिहाज से बांग्लादेश का पलड़ा भारी नजर आता है। इस विश्व कप के आंकड़े देखें तो बांग्लादेश ने 5 मैचों में सिर्फ 1 मैच जीता है, वहीं नीदरलैंड की टीम का भी बिल्कुल यही हाल है। नेट रन रेट के मामले में बांग्लादेश थोड़ा बेहतर होने के नाते अंक तालिका में आठवें नंबर पर है, जबकि नीदरलैंड की टीम आखिरी स्थान पर है। इन दोनों टीमों के बीच अब तक सिर्फ दो वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं जिसमें एक मैच बांग्लादेश ने जीता है, तो एक मैच नीदरलैंड ने भी अपने नाम किया है। ऐसे आंकड़े देखकर बांग्लादेश को थोड़ा संभलकर रहना होगा क्योंकि इसी नीदरलैंड की टीम ने मौजूदा विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका जैसी टीम को रौंदकर बड़ा उलटफेर किया था। अब जानते हैं कि कैसी होगी आज ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट और कोलकाता के मौसम का हाल।
बांग्लादेश-नीदरलैंड मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (BAN vs NED Pitch Report)
बांग्लादेश और नीदरलैंड के बीच होने वाला ये मुकाबला भारत के सबसे नामी मैदानों में से एक कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाना है। यहां की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद देखी गई है। इस विश्व कप में अब तक यहां कोई भी मैच नहीं हुआ है ऐसे में ये तो कहना मुश्किल है कि पिच में कोई बड़ा फेरबदल होगा या नहीं लेकिन इतना साफ है कि रनों की बारिश मुमकिन है और शाम को स्पिनर्स लय में आ सकते हैं। ओस गिरेगी और इसका असर बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम पर पड़ सकता है।
आज कैसा होगा कोलकाता का मौसम? (Kolkata Weather Today)
आमतौर पर कोलकाता में जब मैच होता है तो बारिश का भय रहता है लेकिन इस बार अनुमान के मुताबिक यहां कोई बारिश नहीं होने वाली और ये मैच पूरा खेला जा सकेगा बिना किसी बाधा के। हालांकि उमस काफी रहेगी। मुकाबला दोपहर दो बजे शुरू होगा। दिन में धूप रहेगी और शाम होते-होते तापमान थोड़ा बेहतर होता जाएगा। तापमान की बात करें तो आज कोलकाता में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेंटीग्रेड रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने की उम्मीद है।
बांग्लादेश और नीदरलैंड की टीमें
बांग्लादेश क्रिकेट टीम: शाकिब अल हसन (कप्तान), लिटन दास, तंजीद हसन तमीम, नजमुल हसन शंटो, नासुम अहमद, महेदी हसन, तास्किन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, हसन महमूद, शरीफुल इस्लाम, तंजीम हसन साकिब, तौहीद हृदय, मुशफिकुर रहीम, महमूदुल्लाह रियाद, मेहदी हसन मिराज।
नीदरलैंड क्रिकेट टीम: स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), मैक्स ओडोड, बास डी लीडे, विक्रम सिंह, तेजा निदामानुरू, पॉल वैन मीकेरेन, कॉलिन एकरमैन, रोलोफ वान डेर मर्व, लोगान वैन बीक, वेस्ली बारेसी, साकिब जुल्फिकार , शारिज अहमद, साइब्रांड एंजेलब्रेक्ट, आर्यन दत्त, रेयान क्लेन।
