क्रिकेट

टीम इंडिया के धाकड़ बैटर खुद का मानती है ऑलराउंडर, बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से पहले दिया बड़ा बयान

भारतीय टीम की आतिशी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से पहले खुद का ऑलराउंडर बताया है। उन्होंने इसके पीछे जानिए दिए क्या तर्क?

Image

यस्तिका भाटिया और शेफाली वर्मा

Photo : AP

मैनचेस्टर: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने बुधवार को कहा कि गेंदबाजी में उनकी बढ़ती भूमिका के पीछे कड़ी तैयारी और मानसिक अभ्यास है। उन्होंने बताया कि इसी मेहनत के कारण वह अब एक ऐसी हरफनमौला खिलाड़ी बन रही हैं, जो टीम के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में योगदान दे सकती हैं।

ऑफ स्पिन गेंदबाजी से दे रही हैं योगदान

अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाने वाली शेफाली वर्मा ने पिछले कुछ समय से ऑफ स्पिन गेंदबाजी से भी टीम को अहम योगदान दिया है। उन्होंने मौजूदा टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले ओवर में गेंदबाजी भी की थी। शेफाली ने बांग्लादेश के खिलाफ भारत के मैच की पूर्व संध्या पर कहा, "ऐसा नहीं है कि मैंने पहले कभी गेंदबाजी नहीं की है। जब मैं हरियाणा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलती थी और कप्तान भी रहती थी, तब मैं हमेशा यह सोचने के लिए समय निकालती थी कि अगर मुझे भारत के लिए गेंदबाजी करने का मौका मिले तो मैं उसे कैसे अंजाम दूंगी।'

मैं खुद को मानती हूं ऑलराउंडर

उन्होंने कहा कि वह अतिरिक्त जिम्मेदारी लेने से नहीं हिचकतीं और जब भी टीम को जरूरत होती है, वह आगे बढ़कर भूमिका निभाने के लिए तैयार रहती हैं। शेफाली ने खुद को हरफनमौला करार देते हुए कहा,'मैंने उन परिस्थितियों की कल्पना की है। अगर मैं किसी खास मैच स्थिति में गेंदबाजी कर रही हूं तो मुझे क्या सोचना चाहिए, यह सब मैंने पहले से तैयार किया है और मेहनत की है। इसी वजह से मैं अच्छा प्रदर्शन कर पा रही हूं। एक खिलाड़ी के तौर पर चाहे जैसी भी स्थिति हो और टीम को जिसकी भी जरूरत हो, मैं हमेशा आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेती हूं। मैं टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकालकर जीत दिलाना चाहती हूं, इसलिए अब मैं खुद को एक ऑलराउंडर मानती हूं।'

बांग्लादेश से भिड़ंत के लिए तैयार है टीम

शेफाली ने कहा कि टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार से आगे बढ़ने के लिए तैयार है और एक बार में एक मैच पर ध्यान देगी। उन्होंने कहा, 'जब हमारे बुरे दिन होते हैं तो खिलाड़ियों का मनोबल गिरता है, लेकिन अगले दिन हम सब जानते हैं कि हमें एक साथ आकर एक-दूसरे को प्रेरित करना है। हमने इस पर बात की है और हमें पता है कि ये बहुत अहम मुकाबले हैं, लेकिन हम एक-दूसरे का साथ देंगे। हम एक बार में एक दिन पर ध्यान दे रहे हैं और वर्तमान में रहने की कोशिश कर रहे हैं।'

उन्होंने टीम की मानसिक मजबूती पर कहा,'हम सभी बहुत मैच खेल चुके हैं और काफी परिपक्व हैं। मुझे नहीं लगता कि हम इस स्थिति को फिर से इस विश्व कप में दोहराएंगे। हम अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगे।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article