क्रिकेट

AUS W vs SL W, Women's T20 World Cup 2024: डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने की विजयी शुरुआत, श्रीलंका को दी मात

महिला टी20 विश्व कप इतिहास की सबसे सफल और डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने मौजदा एशियाई चैंपियन श्रीलंका को मात देकर अपने अभियान की शुरुआत की है।

Image

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम(साभार T20 World Cup)

KEY HIGHLIGHTS
  • ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को दी 6 विकेट से मात
  • जीत के लिए मिला था 94 रन का लक्ष्य
  • 14.2 ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने जीत लिया मैच

शारजाह: गत चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को मुश्किल हालात से उबरते हुए महिला टी20 विश्व कप अभियान के अपने पहले मैच में श्रीलंका को छह विकेट से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने तेज गेंदबाज मेगन शट की शानदार गेंदबाजी की बदौलत श्रीलंका को सात विकेट पर 93 रन ही बनाने दिये।

ऑस्ट्रेलिया ने सस्ते में गंवा दिए थे 3 विकेट

जीत के लिए इस 94 रन के मामूली लक्ष्य के सामने ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पावरप्ले के अंत में तीन विकेट पर 35 रन हो गया था। कप्तान एलिसा हीली (04), जॉर्जिया वेयरहम (03) और एलिस पेरी (17) के विकेट जल्दी गिर गए थे। लेकिन बेथ मूनी (नाबाद 43) और एशले गार्डनर (12) के बीच 43 रन की साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 34 गेंद रहते जीत दर्ज की। टीम ने 14.2 ओवर में चार विकेट पर 94 रन बनाए।

श्रीलंका की टीम नहीं खड़ा कर पाई बड़ा स्कोर

पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका को काफी संघर्ष करना पड़ा जिसमें उसके लिए नीलक्षिका सिल्वा नाबाद 29 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं। पूरी टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 93 रन ही बना सकी। श्रीलंका की पूरी पारी में सिर्फ चार चौके लगे। मेगन ने 12 रन देकर तीन विकेट झटके और दक्षिण अफ्रीका की शबनम इस्माइल के टी20 विश्व कप के सभी चरणों में 43 विकेट लेने के रिकॉर्ड की बराबरी भी की।

श्रीलंका को मिली लगातार दूसरी हार

श्रीलंकाई टीम सातवें ओवर में तीन विकेट पर 25 रन बनाकर जूझ रही थी और 10 ओवर बाद उसका स्कोर तीन विकेट पर 43 रन था। दिलचस्प बात यह है कि आस्ट्रेलियाई टीम ने 13 अतिरिक्त गेंदें भी फेंकी, जिसमें पांच नो-बॉल शामिल थीं। यह टूर्नामेंट में श्रीलंका की दूसरी हार है। इससे पहले गुरुवार को उसे पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article