क्रिकेट

Women's Asia Cup 2024 Semi-Final: 7 बार की चैंपियन भारत की होगी फाइनल में एंट्री के लिए बांग्लादेश से भिडंत

महिला एशिया कप 2024 के सेमीफाइनल में शुक्रवार को 7 बार की चैंपियन भारत और बांग्लादेश के बीच भिड़ंत होगी। जानिए इस मुकाबले से जुड़ी अहम बातें।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (साभार ACC)

KEY HIGHLIGHTS
  • शुक्रवार को खेला जाएगा विमेंस एशिया कप का सेमीफाइनल मुकाबला
  • भारत और बांग्लादेश के बीच होगी भिड़ंत
  • भारतीय टीम का बांग्लादेश के खिलाफ रहेगा पलड़ा भारी

दाम्बुला: भारतीय महिला क्रिकेट टीम शुक्रवार को यहां एशिया कप सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ जीत की प्रबल दावेदार के तौर पर मैदान में उतरेगी जिसमें शेफाली वर्मा की निगाहें आक्रामक प्रदर्शन करने पर लगी होंगी जबकि स्मृति मंधाना भी बड़ा स्कोर बनाने के लिए बेताब होंगी। शेफाली ने अभी तक 158 रन बनाए हैं जिससे वह टूर्नामेंट में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। निगार सुल्ताना की टीम के खिलाफ शेफाली को अच्छी शुरुआत करानी होगी क्योंकि विपक्षी टीम के पास धीमी गति के गेंदबाजों की भरमार है।

अजेय रही है अबतक टीम इंडिया

भारतीय महिला टीम ने सभी तीनों मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी टीम को मात दी है। उसने पाकिस्तान के खिलाफ सात विकेट से, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ 78 रन से और नेपाल के खिलाफ 82 रन के अंतर से जीत हासिल की। हालांकि कप्तान हरमनप्रीत कौर जानती हैं कि एशिया कप में सेमीफाइनल और फाइनल ही सबसे ज्यादा मायने रखते हैं। इसलिये बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट के इस चरण में खतरनाक टीम हो सकती है। भारत के लिए शुरुआत काफी अहम होगी इसलिये शेफाली चाहेंगी कि उनकी सीनियर सलामी जोड़ीदार मंधाना भी अच्छा प्रदर्शन करें। बायें हाथ की यह खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ 45 रन की पारी के दौरान शानदार फॉर्म में थी।

बांग्लादेश के गेंदबाज देंगे भारत को चुनौती

ग्रुप लीग चरण में भारतीय टीम यूएई और नेपाल से भिड़ी थी जिनका गेंदबाजी आक्रमण इतना शानदार नहीं है लेकिन अब उसे निश्चित रूप से बांग्लादेश की अच्छी धीमी गेंदबाजों से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। बायें हाथ की स्पिनर नाहिदा अख्तर और युवा लेग स्पिनर राबिया खान दोनों ने पांच पांच विकेट लिए हैं। नाहिदा भारत के अनुभवी बल्लेबाजी लाइन अप पर दबाव बनाना चाहेंगी जबकि लेग ब्रेक गेंदबाज राबिया विकेट लेने की कोशिश करेंगी। मध्यम गति गेंदबाजी विभाग में अनुभवी जहांआरा आलम के साथ रितु मोनी शामिल हैं।

मजबूत है भारत का मिडिल ऑर्डर

भारत के लिए हरमनप्रीत, ऋचा घोष और जेमिमा रोड्रिग्स मध्यक्रम में हैं जबकि हरफनमौला दीप्ति शर्मा और पूजा वस्त्रकार उनका अच्छा साथ निभायेंगी। दूसरी पारी में दाम्बुला स्टेडियम की पिच काफी धीमी हो रही जिससे भारत इस पिच पर लक्ष्य का बचाव करना चाहेगा। हालांकि सेमीफाइनल दोपहर में होगा। ऑफ स्पिनर दीप्ति ने अब तक तीन मैचों में आठ विकेट लेकर गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया है। अगर राधा यादव से तुलना की जाये तो उनका 4.66 का इकोनोमी रेट भी उतना ही प्रभावशाली रहा है।

भारत की नयी गेंद की जोड़ी रेणुका सिंह ठाकुर और पूजा वस्त्रकार ने शानदार प्रदर्शन किया है। बांग्लादेश के पास इतनी प्रभावशाली बल्लेबाज नहीं हैं जिससे अगर भारत 140 से अधिक रन बना लेता है तो फाइनल में जगह बनाने के लिए यह स्कोर काफी हो सकता है।

टीम इस प्रकार हैं:

भारत महिला क्रिकेट टीम(Indian Women's Cricket team):

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका ठाकुर, दयालन हेमलता, आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, सजना सजीवन।

बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम(Bangladesh Women's Cricket team):

निगार सुल्ताना जोटी (कप्तान), शोर्णा अख्तर, नाहिदा अख्तर, मुर्शिदा खातून, शोरिफा खातून, रितु मोनी, रूबिया हैदर झेलिक, सुल्ताना खातून, जहांआरा आलम, दिलारा अख्तर, इश्मा तंजीम, राबिया खान, रुमाना अहमद, मारुफा अख्तर, सबिकुन नाहर जेस्मीन।

मैच भारतीय समयानुसार दोपहर दो बजे शुरू होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article