क्रिकेट

लॉर्ड्स मैदान पर पहली बार होने जा रहा महिलाओं का टेस्ट मैच, भारत के खिलाफ इंग्लैंड ने किसे चुना कप्तान

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भारत के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम का कप्तान स्टार ऑलराउंडर नैट साइवर-ब्रंट को चुना गया है। इसी के साथ साइवर-ब्रंट लॉर्ड्स पर टेस्ट मैच में इंग्लैंड की कप्तानी करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन जाएंगी।

Image

इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट टीम का कप्तान (फोटो साभार- natsciver.brunt)

क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान पर इतिहास रचा जाने वाला है। पहली बार यहां महिला टेस्ट मैच खेला जाएगा और इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भारत के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम का कप्तान स्टार ऑलराउंडर नैट साइवर-ब्रंट को चुना गया है। इसी के साथ साइवर-ब्रंट लॉर्ड्स पर टेस्ट मैच में इंग्लैंड की कप्तानी करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन जाएंगी। दिलचस्प बात यह है कि इसी महीने की शुरुआत में लॉर्ड्स ने पुरुषों के टेस्ट क्रिकेट का 150वां मैच होस्ट किया था। अब बारी महिला क्रिकेट की है।

अनुभव और युवा जोश का मेल है इंग्लिश टीम

नैट साइवर-ब्रंट की कप्तानी वाली इस टीम में अनुभव की कोई कमी नहीं है। समरसेट की दिग्गज बल्लेबाज हीथर नाइट अपना 15वां टेस्ट खेलने उतरेंगी। टीम में टैमी ब्यूमोंट, सोफी एक्लेस्टोन, एमी जोन्स जैसी मैच विनर खिलाड़ी भी शामिल हैं। वहीं माया बाउचर, एलिस कैप्सी, इजी वोंग और लॉरेन फाइलर जैसी युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है।ECB की महिला क्रिकेट की प्रबंध निदेशक क्लेयर कॉनर ने टीम चयन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, "हमने नैट साइवर-ब्रंट की कप्तानी में एक मजबूत टेस्ट टीम चुनी है। लॉर्ड्स में महिला क्रिकेट के लिए ये ऐतिहासिक दिन होंगे। यह हमारे खेल के लिए बहुत बड़ा पल है।"

हरमनप्रीत कौर करेंगी भारतीय टीम की कप्तानी

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम इस ऐतिहासिक टेस्ट का हिस्सा बनेगी। लॉर्ड्स पर खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह मौका करियर का सबसे यादगार लम्हा होगा। 10 जुलाई से शुरू हो रहे इस टेस्ट पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी। भारत और इंग्लैंड के बीच यह इकलौता टेस्ट मैच 10 जुलाई से 13 जुलाई तक खेला जाएगा। चार दिन का यह टेस्ट मैच दोनों देशों के लिए बेहद खास होगा क्योंकि लॉर्ड्स के 211 साल के इतिहास में पहली बार महिला टीम यहां सफेद जर्सी में उतरेगी।

इंग्लैंड की 15 सदस्यीय टीम:

नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, माया बाउचर, एलिस कैप्सी, टिली कोर्टीन-कोलमैन, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, एमी जोन्स, हीथर नाइट, एमा लैंब, ग्रेस पॉट्स, ऐली थ्रेलकेल्ड, मैडी विलियर्स, इजी वोंग।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article