आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में पूरी दुनिया इस उम्मीद में थी कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करेंगे और 37 साल पुराना सचिन का रिकॉर्ड टूट जाएगा, लेकिन टॉस के समय अय्यर ने जो कहा उससे 140 करोड़ भारतीयों का दिल टूट गया। वैभव को मौका नहीं दिया गया, लेकिन ये उम्मीद तो किसी ने नहीं की होगी कि वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को आयरलैंड हरा देगी। लेकिन कहते हैं क्रिकेट अनिश्चित्ताओं का गेम है, और शुक्रवार को हुआ भी यही। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड ने लॉर्कन टकर के 50 और गैरेथ डेलेनी के 49 रन की पारी के दम पर 9 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। लक्ष्य उतना बड़ा था नहीं जितना मेजबान टीम के गेंदबाजों ने इसे बना दिया।
नतीजा वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 18.5 ओवर में 148 रन बनाकर ढेर हो गई। अभिषेक शर्मा के 50 रन की पारी के अलावा किसी भी बल्लेबाज ने रुकने की कोशिश नहीं की। अय्यर ने मैच के बाद मजाक में भले कह दिया हो कि कप्तान के तौर पर यह अच्छी शुरुआत है, लेकिन वो ये जानते हैं कि मौजूदा परिस्थिति में कब, कैसे और क्या हो जाए, कोई कह नहीं सकता। ऐसे में चलिए जानने की कोशिश करते हैं कि आखिर टीम इंडिया के इस नए सरपंच को किन कारणो से झेलनी पड़ी हार?
बीच के ओवरों में खराब गेंदबाजी- टीम इंडिया नें गेंदबाजी में अच्छी शुरुआत की थी। आयरलैंड के खिलाफ 30 रन पर उसने 3 विकेट ले लिए थे, लेकिन बीच के ओवरों में आयरलैंड के बल्लेबाजों ने तेज बैटिंग की। खासतौर पर 15वां और 16वां ओवर जिसमें उसने 46 रन बटौरे।
प्रसिद्ध कृष्णा की खराब गेंदबाजी
प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 ओवर में 14.20 की इकोनॉमी से रन लुटाए और 57 रन खर्चे। प्रसिद्ध कृष्णा के अलावा वाशिंगटन सुंदर ने एक ओवर में 19 रन लुटाए।
सलामी जोड़ी की खराब शुरुआत
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी अच्छी शुरुआत नहीं दिला पाई। भारत ने केवल 16 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। संजू सैमसन 5 रन बनाकर चलते बने।
मिडिल ऑर्डर ने दिया धोखा
शुरुआत झटके के बाद टीम इंडिया को मिडिल ऑर्डर से आस थी, लेकिन उसने भी धोखा दे दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर सहित तिलक वर्मा और ईशान किशन भी बल्ले से फेल रहे। ईशान ने एक, अय्यर ने 3 और तिलक ने 19 रन बनाए।
ऑलराउंडर ने भी दिया धोखा
ऑलराउंडर ने भी टीम इंडिया को धोखा दिया। शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर बल्ले और गेंद दोनों से फेल रहे। शिवम दुबे ने एक विकेट और 25 रन बनाए तो विकेटलेस रहने वाले वाशिंगटन सुंदर 9 रन ही बनाए हैं।
