who won yesterday IPL Match, 26 April, 2026 (कल का आईपीएल मैच कौन जीता) RR vs SRH kal ka IPL Match kaun jeeta: सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 5 विकेट के अंतर से मात देकर सीजन की पांचवीं जीत दर्ज की। राजस्थान रॉयल्स ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वैभव सूर्यवंशी की 103(37) और ध्रुव जुरेल की 51(35) और डेवोनन फरेरा की 33(16)रन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट पर 228 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए मिले 229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम ने अभिषेक शर्मा की 57(29), ईशान किशन की 74(31), हेनरिक क्लासेन की 29(24) और नीतीश रेड्डी की 36(18) रन की पारियों की बदौलत 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अंत में सलिल अरोड़ा 8(3) और अनिकेत वर्मा 1(1) रन बनाकर नाबाद रहे। यह हैदराबाद की आठवें मैच में पांचवीं जीत है और वो 10 अंक के साथ अंक तालिका में तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। वहीं राजस्थान की टीम 8 मैच में 5 जीत और 3 हार के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?
हैदराबाद ने जीता टॉस
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
सस्ते में पवेलियन लौटे जायसवाल
पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के लिए पारी की शुरुआत करने वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी उतरी। वैभव सूर्यवंशी ने पारी के पहले ही ओवर की आखिरी चार गेंद पर प्रफुल्ल हिंगे की गेंद पर लगातार चार छक्के जड़ दिए। दोनों खिलाड़ी स्कोर को तेजी से 40 रन तक ले गए। लेकिन तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर ईशान मलिंगा ने यशस्वी जायसवाल को हेनरिक क्लासेन के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। वो 10(8) रन बना सके
वैभव ने जड़ा आतिशी पचासा
जायसवाल के आउट होने के बाद वैभव सूर्यवंशी का साथ देने ध्रुव जुरेल आए। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को तेजी से 50 रन के पार चार ओवर में ले गए। दोनों ने पॉवरप्ले के अंत तक राजस्थान को एक विकेट के नुकसान पर 76 रन तक पहुंचा दिया। वैभव सूर्यवंशी ने इसी दौरान अपना अर्धशतक 15 गेंद में एक चौके और 7 छक्के की मदद से पूरा कर लिया।
वैभव और जुरेल के बीच हुई शतकीय साझेदारी
वैभव और जुरेल के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 28 गेंद में पूरी हो गई। इसमें वैभव ने 32 और जुरेल ने 14 रन का योगदान दिया। दोनों ने तेजी से रन बनाते हुए राजस्थान को 9 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। वैभव और जुरेल ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 57 गेंद में पूरी कर ली और टीम को 12.3 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया।
जुरेल अर्धशतक जड़कर लौटे पवेलियन
जुरेल ने अपना अर्धशतक 34 गेंद में 8 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। लेकिन 152 के स्कोर पर नीतीश रेड्डी ने उन्हें अनिकेत वर्मा के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। जुरेल 51 रन बनाकर लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और एक छक्का जड़ा।
वैभव ने खेली 37 गेंद में 103 रन की पारी
जुरेल के आउट होने के बाद वैभव पिच पर डटे रहे और दूसरे छोर से उन्हें कप्तान रियान पराग का साथ मिला। वैभव ने आक्रामक अंदाज में अपना शतक 36 गेंद में 5 चौके और 12 छक्के की मदद से पूरा किया। लेकिन 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर ईशान मलिंगा ने उन्हें क्वलासेन के हाथों कैच करा दिया। वैभव 103(37) रन बनाकर पवेलियन लौटे।
राजस्थान ने बनाए 6 विकेट पर 228 रन
वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद कप्तान रियान पराग और डेवोनन फरेरा ने पारी को आगे बढ़ाया और स्कोर को 191 रन तक 16 ओवर में ले गए। लेकिन 17वें ओवर की पहली गेंद पर पराग को पैट कमिंस ने बोल्ड कर दिया। वो 7(9) रन बना सके। इसके बाद फरेरा का साथ देने शिमरॉन हेटमायर आए। दोनों ने राजस्थान को 200 रन के पार 17.1 ओवर में पहुंचा दिया। 214 के स्कोर पर फरेरा और 225 के स्कोर पर हेटमायर पवेलियन लौट गए। फरेरा ने 33(16) और हेटमायर ने 11(10) रन बनाए। अंत में जडेजा(4) और आर्चर (2) ने राजस्थान को 20 ओवर में 6 विकेट पर 228 रन तक पहुंचा दिया। हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट ईशान मलिंगा ने लिए। एक-एक विकेट पैट कमिंस, प्रफुल्ल हिंगे, शाकिब हुसैन और नीतीश कुमार रेड्डी के खाते में गया।
पहले ही ओवर में आर्चर का शिकार बने हेड
जीत के लिए 229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की पहली ही गेंद पर ध्रुव जुरेल ने विकेट के पीछे ट्रेविस हेड को जीवनदान दे दिया। लेकिन इसकी भरपाई उन्होंने जोफ्रा आर्चर की चौथी गेंद पर कर दी। हेड 6(5) रन बना सके। हेड के आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा का साथ देने ईशान किशन आए। दोनों ने दोनों छोर से आतिशी बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद को 3.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया।
अभिषेक ईशान के बीच हुई शतकीय साझेदारी
अभिषेक और ईशान ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 19 गेंद में पूरी कर ली। इसमें अभिषेक ने 22 और ईशाम ने 18 रन का योदगान दिया। 14 रन एक्स्ट्रा से आए। पॉवरप्ले में हैदराबाद ने एक विकेट के नुकसान पर 89 रन बना लिए थे। हैदराबाद ने 6.5 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए और ईशान अभिषेक के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी 39 गेंद में पूरी हो गई।
57 रन बनाकर पवेलियन लौटे अभिषेक
ईशान और अभिषेक ने इसके बाद अपना-अपना अर्धशतक 24-24 गेंद में पूरा किया। अभिषेक ने 11 चौके और एक छक्का और ईशान ने 10 चौके और एक छक्का इस दौरान जड़ा। 139 के स्कोर पर अभिषेक को फरेरा ने आर्चर के हाथों कैच कराकर राजस्थान को दूसरी सफलता दिलाई। अभिषेक 29 गेंद में 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का जड़ा।
ईशान ने खेली 74 रन की आतिशी पारी
अभिषेक के आउट होने के बाद ईशान को हेनरिक क्लासेन का साथ मिला। दोनों ने हैदराबाद को 10.5 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। 166 के स्कोर पर ईशान 74(31) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। आर्चर ने उन्हें फरेरा के हाथों कैच कराया। ईशान ने अपनी पारी में 11 चौके और तीन छक्के जड़े।
हैदराबाद ने दर्ज की 5 विकेट से जीत
ईशान के आउट होने के बाद क्लासेन को नीतीश रेड्डी का साथ मिला। दोनों ने टीम को 16.2 ओवर में 200 रन के पार और जीत के करीब पहुंचा दिया। लेकिन इसी ओवर की चौथी गेंद पर नीतीश को ब्रिजेश शर्मा ने एलबीडब्लू कर दिया। 219 के स्कोर पर हैदराबाद ने चौथा विकेट गंवाया। इसके बाद क्लासेन भी ब्रिजेश की गेंद पर बिश्नोई के हाथों लपके गए। 220 रन पर हैदराबाद ने पांच विकेट गंवा दिए थे ऐसे में जीत की औपचारिकता सलिल अरोड़ा और अनिकेत वर्मा ने 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर पूरी कर दी और हैदराबाद को 9 गेंद शेष रहते 5 विकेट से जीत दिला दी। हैदराबाद इस मुकाबले में जीत के साथ अंक तालिका में तीसरे पायदान पर काबिज हो गया। राजस्थान के लिए सबसे सफल गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और ब्रिजेश शर्मा रहे दोनों ने 2-2 विकेट लिए। एक सफलता डेवोनन फरेरा को मिली।
प्लेयर ऑफ द मैच:
जीत के लिए 229 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने में अहम भूमिका निभाने वाले ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना। ईशान किशन 74(31) रन की पारी खेली।
(डेवलपिंग स्टोरी)
