who Won Yesterday IPL Match 07 April 2026, RR vs MI, kal ka match kaun jeeta: सलामी जोड़ी यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदारी पारी और बाद में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने जीत की हैट्रिक लगा ली। बारिश से बाधित 11- 11 ओवर के इस मुकाबले में राजस्थान ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हरा दिया। मुंबई के सामने जीत के लिए 151 रन का लक्ष्य था, लेकिन राजस्थान की गेंदबाजी के सामने पूरी टीम 9 ओवर में केवल 123 रन ही बना पाई। इससे पहले राजस्थान ने जायसवाल के नाबाद 77 रन और वैभव की ताबड़तोड़ 39 रन की पारी के दम पर 11 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 150 रन का स्कोर खड़ा किया।
मुंबई इंडियंस ने जीता टॉस
बारिश से बाधित 11-11 ओवर के इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हार्दिक का यह फैसला जल्द ही वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने गलत साबित कर दिया।
वैभव और जायसवाल की आतिशी शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की ओर से वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने आतिशी शुरुआत की। दोनों ने 3.2 ओवर के पावरप्ले में बिना विकेट खोए 59 रन जोड़े। जायसवाल ने दीपक चाहर के पहले ही ओवर में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 22 रन जोड़े।
वैभव सूर्यवंशी और बुमराह की टक्कर
फैंस को जसप्रीत बुमराह और वैभव सूर्यवंशी की टक्कर का इंतजार था। वैभव ने बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे बता दिए। इस ओवर में उन्होंने दो छक्के सहित कुल 14 रन बनाए।
पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 30 गेंद में 80 रन की साझेदारी की। इस दौरान जायसवाल ने तीसरे ओवर में ट्रेंट बोल्ट पर तीन छक्कों से 22 रन जुटाकर टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। सूर्यवंशी ने पांचवें ओवर में शार्दूल ठाकुर पर दो छक्के और एक चौका मारा, लेकिन अंतिम गेंद पर डीप कवर बाउंड्री पर लह तिलक वर्मा द्वारा लपक लिए गए। वैभव ने 14 गेंद में 5 छक्के और एक चौके की मदद से 39 रन की पारी खेली।
जल्दी आउट हुए ध्रुव जुरेल
80 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाने वाली राजस्थान रॉयल्स को जल्द दूसरा झटका लगा। 84 रन के स्कोर पर अल्लाह गजनफर ने ध्रुव जुरेल (02) को पगबाधा करके रॉयल्स को दूसरा झटका दिया और अपने आईपीएल करियर का पहला विकेट लिया।
23 गेंद में जायसवाल का अर्धशतक
दूसरे छोर पर जायसवाल के रन बनाने का सिलसिला लगातार जारी रहा। उन्होंने हार्दिक पांड्या की गेंद पर चौका जड़कर 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के जड़े। कप्तान रियान पराग (20) ने पांड्या और गजनफर की गेंद पर छक्के मारे, लेकिन गजनफर ने उन्हें तिलक के हाथों कैच कराया।
राजस्थान ने बनाए 3 विकेट पर 150 रन
रियान पराग के आउट होने के बार शिमरॉन हेटमायर बल्लेबाजी करने आए। हेटमायर 7 गेंद में 6 रन बनाकर नाबाद रहे। जायसवाल ने आखिरी ओवर में शार्दूल की गेंद पर तीन चौके जड़े और टीम का स्कोर 11 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 150 रन पहुंचा दिया। मुंबई की ओर से स्पिनर अल्लाह गजनफर सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 21 रन देकर दो विकेट चटकाए। शार्दूल ठाकुर ने 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
मुंबई इंडियंस की खराब शुरुआत
151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई की शुरुआत खराब रही। उसने पहले ही ओवर में 10 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। रियान रिकल्टन 8 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर का शिकार बने। दूसरे ही ओवर में मुंबई को एक और झटका लगा जब सूर्यकुमार यादव 3 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें नांद्रे बर्गर ने जोफ्रा आर्चर के हाथों कैच कराया। मुंबई ने 22 रन तक तीन विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (05) रन बनाकर तीसरे विकेट के रुप में आउट हुए। मुंबई की टीम पावरप्ले के 3.2 ओवर में तीन विकेट पर 30 रन ही बना सकी।
रवि बिश्नोई ने तोड़ी कमर
मुंबई इंडियंस के लिए पारी का 5वां ओवर खतरनाक साबित हुआ। इस ओवर में रवि बिश्नोई ने कप्तान हार्दिक पांड्या (09) और तिलक वर्मा (14) को चार गेंद के भीतर आउट करके मुंबई का स्कोर पांच विकेट पर 46 रन कर दिया। यहां से मुंबई की बड़ी हार निश्चित लग रही थी।
नमन धीर और रदरफोर्ड का संघर्ष
46 रन पर 5 विकेट खोकर मुश्किल में घिरी मुंबई इंडियंस का नमन धीर और रदरफोर्ड ने संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 17 गेंद में 47 रन जोड़े। रदरफोर्ड ने देशपांडे की गेंद पर दो छक्के मारे लेकिन फिर स्लिप में संदीप को कैच दे बैठे। नमन ने भी इसके बाद बर्गर की गेंद पर बिश्नोई को कैच थमा दिया। मुंबई की ओर से नमन धीर और रदरफोर्ड ने 25-25 रन की पारी खेली।
123 रन बना सकी मुंबई इंडियंस
नमन धीर और रदरफोर्ड के आउट होने के बाद मुंबई की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई। नतीजा 11 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर मुंबई 123 रन ही बना सकी और राजस्थान ने मुकाबला 27 रन से अपने नाम कर लिया।
राजस्थान की शानदार गेंदबाजी
राजस्थान की ओर से 3 गेंदबाजों ने 2-2 विकेट चटकाए। तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर (21 रन पर दो विकेट) संदीप शर्मा (26 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए। स्पिनर रवि बिश्नोई ने भी दो विकेट झटके।
प्लेयर ऑफ द मैच:
यशस्वी जायसवाल को 77 रन की नाबाद पारी खेलने के कारण प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
