कल का मौसम कैसा रहेगा : उत्तर भारतीय राज्यों में बादल साफ हैं, लेकिन अभी बारिश बची है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो अगले 24 घंटे में एक बार फिर से मौसम करवट ले सकता है। खासकर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश में तेज गर्जना के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रह सकता है। लिहाजा, इस दौरान खुले आसमान के नीचे रहने से बचना होगा। आईएमडी ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों पर मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है और हल्की से मध्यम स्तर का पानी गिर सकता है। स्काईमेट ने बताया कि 26 सितंबर तक ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कोलकाता समेत कई राज्यों में मूसलाधार वर्षा का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में पूरी तरीके से मानसून वापसी राह पकड़ लेगा।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान के अधिकांश जिलों में दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई हो चुकी है। फिलहाल, सुबह से धूप निकल रही है, जिससे के प्रभाव से अधिकतम तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक आमतौर पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश का सिलसिला थमने से कई सीमावर्ती रेगिस्तानी जिलों में दिन का तापमान बढ़ने लगा है। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, रात्रि में तापमान सामान्य ठंडा बना रहने से लोगों को राहत है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटे में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। सितंबर के अंतिम सप्ताह में गर्मी और उमस के बीच बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 26 सितंबर से मौसम में बदलाव दिखेगा और 27 व 28 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। इसके चलते अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है। 24 सितंबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, 26, 27, 28 और 29 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में अभी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटे के दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। खासकर, तटीय भागों पर तेज तूफानी हवाओं के चलने के साथ भारी बारिश हो सकती है। उधर, ओडिशा में बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश की वजह से दक्षिण ओडिशा में बाढ़ और भूस्खलन की आशंका है। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि बारिश की गति बढ़ सकती है। नबरंगपुर जिले के लिए ’रेड अलर्ट’ और बरगढ़, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट और मलकानगिरि में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बालासोर, संबलपुर, झारसुगुड़ा, क्योंझर, मयूरभंज, सुबर्णपुर, बौध, कंधमाल और रायगढ़ जिलों के लिए ’येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि तटीय इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है और मछुआरों से शुक्रवार सुबह तक समुद्र में न जाने की अपील की गई है।
