क्रिकेट

Who Won Yesterday Cricket Match (01 May, 2026): कल का मैच कौन जीता? IPL 2026, RR vs DC T20 Match, दिल्ली ने दी राजस्थान को मात, प्लेऑफ की आस बरकरार, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

who Won Yesterday IPL Match 01 May, 2026, RR vs DC, kal ka match kaun jeeta: राजस्थान रॉयल्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 7 विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान के गेंदबाज 225 रन के लक्ष्य का बचाव नहीं कर पाए। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

Image

राजस्थान रॉयल्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, कल का मैच कौन जीता (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

who won yesterday IPL Match, 01 May, 2026 (कल का आईपीएल मैच कौन जीता) RR vs DC kal ka IPL Match kaun jeeta: दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट के अंतर से मात देकर सीजन की चौथी जीत दर्ज की। वहीं राजस्थान रॉयल्स को लगातार दूसरे मुकाबले में हार का मुंह देखना पड़ा। राजस्थान में मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 225 रन का स्कोर रियान पराग की 90 रन की कप्तानी और ध्रुव जुरेल की 42 और डेवोनन फरेरा की 47 रन की नाबाद पारी की बदौलत खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए मिले 226 रन के लक्ष्य को दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल की 75, पथुम निसंका की 62, नीतीश राणा की 3 3 और आशुतोष शर्मा की 25 रन की पारी की बदौलत 5 गेंद और 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

राजस्थान रॉयल्स ने जीता टॉस:

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।

खराब रही राजस्थान की शुरुआत

टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के लिए पारी की शुरुआत करने वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी उतरी। जायसवाल ने वापसी कर रहे तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की पहली गेंद पर शानदार छक्का जड़कर पारी की शुरुआत की। इसके दो गेंद बाद स्टार की फुलटॉस गेंद पर जायसवाल गच्चा खाकर कैच दे बैठे। स्टार्क ने अपनी ही गेंद पर कैच लपक लिया। उन्होंने 6(3) रन बनाए। इसके बाद दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर वैभव सूर्यवंशी को काइल जैमीसन ने बोल्ड करके राजस्थान को बैकफुट पर धकेल दिया। वैभव 4(2) रन बना सके।

12 रन पर राजस्थान ने गंवाए 2 विकेट

राजस्थान ने 12 के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में ध्रुव जुरेल और कप्तान रियान पराग ने मोर्चा संभाला। दोनों टीम को 5.3 ओवर में 50 रन के पार ले जाने में सफल रहे। पॉवरप्ले में राजस्थान ने 2 विकेट के नुकसान पर 56 रन तक बनाने में सफल रही। जुरेल और पराग ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 28 गेंद में पूरी की। इस साझेदारी में जुरेल ने 24 और पराग ने 26 रन का योगदान दिया।

पराग ने जड़ा तेज अर्धशतक, जुरेल के साथ की शतकीय साझेदारी

अर्धशतकीय साझेदारी पूरी करने के बाद रियान पराग ने 32 गेंद में अपना अर्धशतक 2 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। राजस्थान ने 10.5 ओवर में 100 रन के आंकड़े को भी पार कर लिया। पराग और जुरेल के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी 58 गेंद में पूरी हो गई। इसमें जुरेल ने 40 और पराग ने 61 रन का योगदान दिया। लेकिन 114 के स्कोर पर ये साझेदारी टूट गई। जुरेल 42(30) रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने। पटेल ने उन्हें ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों कैच करा दिया। जुरेल ने अपनी पारी में 4 चौके और एक छक्का जड़ा।

पराग जडेजा के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी

जुरेल के आउट होने के बाद कप्तान रियान पराग का साथ देने रवींद्र जडेजा आए। दोनों खिलाड़ियों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए टीम को 15.2 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया और स्कोर को 167 रन तक ले गए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 27 गेंद में पूरी कर ली। इसमें पराग ने 29 और जडेजा ने 20 रन का योगदान दिया। 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर जडेजा को मिचेल स्टार्क ने आशुतोष शर्मा के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। इसके दो गेंद बाद रियान पराग भी 90(50) रन बनाकर अक्षर पटेल के हाथों लपके गए। स्टार्क ने दोहरे झटके देकर राजस्थान को बैकफुट पर धकेल दिया।

स्टार्क ने दिए दोहरे झटके, राजस्थान की आधी टीम पवेलियन लौटी

168 रन पर राजस्थान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में डेवोनन फरेरा को इम्पैक्ट सब शुभम दुबे के साथ मिला। दोनों ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया। 20वें ओवर की पहली गेंद पर शुभम को नटराजन ने कैच कराकर राजस्थान को छठा झटका दिया। शुभम 6(6) रन बना सके।

फरेरा ने खेली 14 गेंद में 47 रन की आतिशी पारी

अंत में डेवोनन फरेरा ने 14 गेंद में 47 रन की नाबाद पारी खेली और राजस्थान ने पारी की अंत 20 ओवर में 6 विकेट पर 225 रन के साथ किया। जोफ्रा आर्चर 1(1) रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट मिचेल स्टार्क ने लिए। एक-एक सफलता काइल जैमिसन, अक्षर पटेल और टी नटराजन को मिली।

राहुल और निसंका ने दिल्ली को दिलाई आतिशी शुरुआत

जीत के लिए 226 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स के लिए पारी की शुरुआत करने पथुम निसंका और केएल राहुल की जोड़ी उतरी। दोनों ने मैदान पर उतरते ही हल्ला बोल दिया। दोनों ने टीम को 4.1 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। दिल्ली ने पॉवरप्ले के अंत में बगैर किसी नुकसान के 72 रन बनाकर शुरुआती बढ़त बना ली थी।

निसंका ने जड़ा 23 गेंद में पचासा

पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद राहुल और निसंका ने पारी को आगे बढ़ाया। निसंका ने अपना अर्धशतक 23 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। दिल्ली को दोनों ने 8.4 ओवर में 100 रन का पार पहुंचा दिया। राहुल निसंका के बीच शतकीय साझेदारी 52 गेंद में पूरी हो गई। इस साझेदारी में निसंका ने 61 और राहुल ने 52 रन का योगदान दिया। राहुल ने 27 गेंद में अपना अर्धशतक 5 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया।

निसंका बने जडेजा का शिकार

शतकीय साझेदारी पूरे होने के बाद निसंका को रवींद्र जडेजा ने अपनी फिरकी में फांसकर एलबीडब्लू कर दिया और राजस्थान को पहली सफलता दसवें ओवर की तीसरी गेंद पर दिलाई। निसंका 110 के स्कोर पर 62(33) रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 3 छक्के जड़े।

नीतीश और राहुल ने पहुंचाया दिल्ली को 150 के पार

निसंका के आउट होने के बाद एक छोर थामे खड़े केएल राहुल को नीतीश राणा का साथ मिला। दोनों ने आतिशी अंदाज में पारी को आगे बढ़ाया। दिल्ली ने 13.1 ओवर में 100 रन के आंकड़े को पार कर लिया था। इसके बाद नीतीश और राहुल ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 25 गेंद में पूरी कर ली और स्कोर को 171 रन तक ले गए। इसी स्कोर पर राणा 33(17) रन बनाकर देशपांडे की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। नीतीश ने अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्के जड़े। इसके बाद अगले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने केएल राहुल को फरेरा के हाथों कैच करा दिया। राहुल ने 75(40) रन बनाए। राहुल ने अपनी पारी में 6 चौके और 5 छक्के जड़े।

जल्दी-जल्दी आउट हुए राणा और राहुल

राहुल और नीतीश के आउट होने बाद दिल्ली का स्कोर 15.2 ओवर में 3 विकेट पर 177 रन हो गया। ऐसे में ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा ने मोर्चा संभाला। दोनो ने दिल्ली को 17.1 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद स्टब्स और आशुतोष ने और कोई विकेट नहीं गिरने दिया और दिल्ली को 7 विकेट से जीत 19.1 ओवर में दिला दी। स्टब्स 18(11) और आशुतोष शर्मा 25(15) रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान के लिए एक-एक विकेट तुषार देशपांडे, जोफ्रा आर्चर और रवींद्र जडेजा ने लिया।

अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंची दिल्ली, चौथे पर राजस्थान

दिल्ली कैपिटल्स की यह लगातार तीन हार के बाद यह पहली और सीजन की कुल चौथी जीत है। 8 अंक के साथ दिल्ली अंक तालिका में छठे स्थान पर काबिज हो गई है। वहीं राजस्थान की यह लगातार दूसरी हार है और वो अंक तालिका में 10 मैच में 6 जीत के साथ चौथे स्थान पर है।

प्लेयर ऑफ द मैच:

केएल राहुल को उनकी 75(40) रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article