क्रिकेट

Who Won Yesterday Cricket Match (13 May, 2026): केकेआर को हराकर आरसीबी ने हासिल किया पहला स्थान, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

who won yesterday IPL Match, 13 May 2026 (कल का आईपीएल मैच कौन जीता) RCB vs KKR kal ka IPL Match kaun jeeta: रायपुर में खेले गए आईपीएल 2026 के 57वें मैच में आरसीबी ने केकेआर को शिकस्त दी। इस जीत के साथ आरसीबी 16 अंक के साथ प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर कब्जा जमा लिया है। वहीं, इस हार के साथ केकेआर की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा है। मैच में विराट कोहली ने शतकीय पारी खेली।

Image

कल का मैच कौन जीता।

who Won Yesterday IPL Match 13 May 2026, RCB vs KKR, kal ka match kaun jeeta: रायपुर में पिछली दो पारियों में लगातार दो बार शून्य पर आउट होने वाले विराट कोहली ने तीसरे मुकाबले में रनों की बारिश कर दी। बारिश के चलते देर से शुरू हुए आईपीएल के 57वें मैच में आरसीबी का सामना केकेआर से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में 192 रन बनाए। टारगेट का पीछा करते हुए चेज मास्टर विराट कोहली ने 60 गेंद पर नाबाद शतकीय पारी खेलकर टीम को 6 विकेट से जीत दिला दी।

193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने तेज शुरुआत की। बेथेल और कोहली ने पहले विकेट के लिए 20 गेंद पर 37 रन की साझेदारी की। इसके बाद कार्तिक त्यागी ने बेथेल को आउट कर केकेआर को पहली सफलता दिलाई। विराट कोहली को 21 के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला, जब रोवमैन पावेल ने कोहली का कैच छोड़ा। इसके बाद विराट कोहली ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। विराट ने 32 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं देवदत्त पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 गेंद पर 92 रन की साझेदारी की।

कोहली की विराट पारी

देवदत्त पडिक्कल अपना अर्धशतक बनाने से चूक गए। वह 27 गेंद पर 7 चौकों की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। पडिक्कल का भी विकेट कार्तिक त्यागी को मिला। हालांकि, विराट कोहली का बल्ला लगातार रन उगलता रहा। उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 14000 रन पूरे किए। कप्तान रजत पाटीदार नरेन का शिकार बने और 11 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे छोर पर खड़े विरार कोहली ने 58 बॉल पर अपना 9वां आईपीएल शतक पूरा किया। वह अंत तक नाबाद रहे। कोहली ने 60 गेंद पर 105 रन की पारी खेली। आरसीबी ने केकेआर को 6 विकेट से मात दी।

रघुवंशी और रिंकू ने पहुंचाया सम्मानजनक स्कोर तक

इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अंगकृष रघुवंशी (71 रन) की करियर की सर्वश्रेष्ठ अर्धशतकीय पारी और रिंकू सिंह के नाबाद 49 रन की मदद से बारिश के कारण देर से शुरू हुए आईपीएल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ चार विकेट पर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। केकेआर के विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष ने 46 गेंद की पारी के दौरान तीन छक्के और सात चौके लगाए। इस दौरान उन्होंने अहम साझेदारियां भी कीं, जिससे टीम को जरूरी गति मिली जो उनके सलामी बल्लेबाज देने में नाकाम रहे थे।

गीली आउटफील्ड के कारण मैच सवा घंटे देर से शुरू हुआ। आरसीबी ने पिच से मदद की उम्मीद में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन यहां खेले गए पिछले मैच के मुकाबले इस बार तेज गेंदबाजों को कोई खास मदद नहीं मिली, जिसमें नई गेंद ने काफी प्रभाव डाला था। केकेआर के कप्तान अंजिक्य रहाणे (19 रन) ने पहले ओवर में भुवनेश्वर कुमार की पांच डॉट गेंदों के बाद एक चौका लगाया। इसके बाद दूसरे ओवर में फिन एलन (18) ने जैकब डफी की गेंद पर 14 रन ठोक दिए।

भुवनेश्वर ने दिया शुरुआती झटका

हालांकि, आरसीबी ने जोरदार वापसी की। भुवनेश्वर ने एलन को विकेट के पीछे कैच करवाया। कुछ ही देर बाद चौथे ओवर में जोश हेजलवुड ने रहाणे को बाउंसर पर आउट कर दिया। इससे ठीक पहले केकेआर के कप्तान ने डफी की गेंद पर एक छक्का और एक चौका लगाकर चौथे ओवर में कुल 17 रन बटोरे थे। पावरप्ले के बाद केकेआर का स्कोर दो विकेट पर 56 रन था। रघुवंशी ने तीसरे विकेट के लिए कैमरन ग्रीन (32) के साथ 68 रन की अहम साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने चौथे विकेट के लिए रिंकू सिंह (29 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) के साथ 76 रन जोड़े जिससे टीम प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।

रघुवंशी ने पारी को संभाला

21 वर्षीय रघुवंशी ने इस सत्र का अपना चौथा अर्धशतक जमाया। यह आईपीएल में अब तक उनका सर्वश्रेष्ठ सत्र रहा है, जिसमें उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत वाइड लांग ऑन के ऊपर एक जोरदार छक्के के साथ की। इसके बाद अपनी दोनों साझेदारियों के दौरान वह बीच-बीच में चौके-छक्के लगाते रहे। उन्होंने ऑफ-साइड पर कुछ शानदार कट शॉट्स खेले। लेकिन उनकी पारी की मुख्य आकर्षण डफी की गेंद पर मिड-विकेट की तरफ एक चौका मारना और कृणाल पांड्या की गेंद पर बाउंड्री के पार एक जबरदस्त छक्का लगाना।

इसके अलावा रसिख सलाम की एक धीमी गेंद पर उन्होंने अंपायर के सिर के ऊपर से एक जोरदार शॉट भी लगाया। रघुवंशी पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट हुए। केकेआर के लिए ग्रीन ने 24 गेंद में 32 रन बनाकर योगदान दिया जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था। वहीं, रिंकू अपने अर्धशतक से महज एक रन से चूक गए। इस भारतीय बल्लेबाज ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। उन्होंने पिछले चार मैचों में दो नाबाद अर्धशतक बनाए हैं।

प्लेयर ऑफ द मैच

60 गेंद पर 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 105 रन की पारी खेलने वाले विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Umesh Kumar
उमेश कुमार author

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

End of Article