रजत पाटीदार की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स को 18 रन के अंतर से मात देकर सीजन की तीसरी जीत दर्ज की। मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 240 रन का स्कोर खड़ा किया था। टीम को यहां तक पहुंचाने में फिल साल्ट, विराट कोहली और रजत पाटीदार के कप्तानी अर्धशतक की अहम भूमिका रही। वहीं टिम डेविड ने अंतिम ओवरों में 35 रन की आतिशी पारी खेलकर आरसीबी को 240 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
मुंबई के लिए एक-एक विकेट ट्रेंट बोल्ट, हार्दिक पांड्या, शार्दिल ठाकुर और मिचेल सेंटनर ने लिए। इसके बाद जीत के लिए 241 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने आतिशी शुरुआत की लेकिन रोहित शर्मा के चोट की वजह से रिटायर्ड हर्ट होने के बाद मुंबई की पारी लड़खड़ा गई और 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 222 रन बना सकी। इम्पैक्ट सब के रूप में बल्लेबाजी करने आए शेरफेन रदरफोर्ड ने71(31) रन की आतिशी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और 9 छक्के जड़े। मुंबई की यह पहले मैच में जीत के बाद लगातार तीसरी हार है। वहीं राजस्थान के खिलाफ हार के बाद आरसीबी की टीम एक बार फिर जीत की पटरी पर लौट आई है। आरसीबी चार मैच में तीन जीत के साथ अंक तालिका में तीसरे पायदान पर मजबूती से क़ाबिज हो गई है।
मुंबई इंडियन्स ने जीता टॉस
मुंबई इंडियन्स के कप्तान हार्दिक पांड्या ने आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
आरसीबी की आतिशी शुरुआत
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए पारी का आगाज करने विराट कोहली और फिल साल्ट की जोड़ी उतरी। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी को 4.2 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। फिल साल्ट ने शुरुआत में मोर्चा संभाला। दोनों ने आरसीबी को पॉवरप्ले में बगैर किसी नुकसान के 71 रन तक पहुंचा दिया। इसके बाद साल्ट ने अपना अर्धशतक 25 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। अर्धशतक पूरा करने के बाद साल्ट आतिशी बल्लेबाजी करते रहे और टीम को 8.4 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। शतकीय साझेदारी में साल्ट ने 69 और विराट ने 30 रन का योगदान दिया।
120 के स्कोर पर साल्ट बने शार्दुल का शिकार
विराट और साल्ट मुंबई के गेंदबाजों की धुनाई करते हुए स्कोर को 120 रन तक ले गए। 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर दोनों की साझेदारी टूट गई। साल्ट शार्दुल ठाकुर की गेंद पर हार्दिक पांड्या के हाथों लपके गए। उन्होंने 78(36) रन बनाए।
अर्धशतक जड़कर आउट हुए विराट
फिल साल्ट के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए रजत पाटीदार ने मैदान पर उतरते ही हल्ला बोल दिया। दोनों ने टीम को 12.1 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया और दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 14 गेंद में पूरी कर ली। इस साझेदारी में पाटीदार ने 38 और विराट ने 9 रन का योगदान दिया। इसके बाद विराट ने अपना अर्धशतक 37 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया लेकिन इसके बाद अगली ही गेंद पर हार्दिक पांड्या की गेंद पर लपके गए। उन्होंने 50(38)रन बनाए।
पाटीदार ने जड़ा 17 गेंद में अर्धशतक
विराट कोहली के आउट होने के बाद पाटीदार का साथ देने टिम डेविड आए। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया लेकिन पाटीदार 17 गेंद में 4 चौके और 5 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद 195 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। मिचेल सेंटनर की गेंद पर वो तिलक वर्मा के हाथों लपके गए। पाटीदार ने 265 के स्ट्राइक रेट वाली पारी में 4 चौके और 5 छक्के जड़े।
आरसीबी ने बनाए 4 विकेट पर 240 रन
पाटीदार के आउट होने के बाद जितेश शर्मा और डेविड ने पारी को संभाला और आरसीबी को 16.5 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को 231 रन तक ले गए। 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर जीतेश बोल्ट की शानदार यॉर्कर पर एलबीडब्लू हो गए। वो 10(9) रन बना सके। इसके बाद अंत में टिम डेविड ने 16 गेंद में 34 और रोमारियो शेफर्ड ने 2(2) रन की पारी खेलकर आरसीबी को 20 ओवर में 4 विकेट पर 240 रन तक पहुंचा दिया। मुंबई इंडियन्स के लिए ट्रेंट बोल्ट, हार्दिक पांड्या, मिचेल सेंटनर और शार्दुल ठाकुर एक-एक विकेट अपने नाम करने में सफल रहे।
रोहित और रिकल्टन ने दिलाई मुंबई को आतिशी शुरुआत
जीत के लिए 241 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियन्स को रोहित शर्मा और रियान रिकल्टन की जोड़ी ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने 4.3 ओवर में टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। रियान रिकल्टन ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी के गेंदबाजों का हाल बेहाल कर दिया। लेकिन पॉवरप्ले के समाप्त होने से ठीक पहले रोहित शर्मा छठे ओवर की दूसरी गेंद पर रिटायर्ड हर्ट हो गए। उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। रोहित ने 19(13) रन बनाए।
रोहित के रिटायर्ड हर्ड होने के बाद सुयश ने दिए दोहरे झटके
रोहित के पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी करने सूर्यकुमार यादव आए। रिकल्टन और सर्या ने रनों की रफ्तार को बनाए रखा और टीम को पॉवरप्ले में बगैर किसी नुकसान के 62 रन तक ले जाने में सफल रहे। 7 ओवर में मुंबई ने 72 रन बगैर कोई विकेट खोए बना लिए थे। ऐसे में आठवें ओवर में गेंदबाजी करने आए सुयश शर्मा ने मुंबई को दोहरे झटके देकर बैकफुट में धकेल दिया। ओवर की पहली ही गेंद पर रिकल्टन भुवनेश्वर कुमार के हाथों लपके गए। उन्होंने 37(22) रन बनाए। इसके बाद पांचवीं गेंद पर नए बल्लेबाज तिलक वर्मा 1(3) रन बनाकर जैकब डफी के हाथों लपके गए।
74 रन पर मुंबई ने गंवाए दो विकेट, सूर्या और हार्दिक ने पहुंचाया 100 के पार
74 रन पर 2 विकेट गंवाकर मुंबई की टीम मुश्किल में नजर आने लगी। एक छोर पर सूर्यकुमार यादव डटे थे दूसरे छोर पर बल्लेबाजी करने कप्तान हार्दिक पांड्या आए और पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। दोनों ने साझेदारी को बढ़ाते हुए मुंबई को 10.1 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। हार्दिक और सूर्या की साझेदारी 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर टूट गई। सूर्या 33(22) रन बनाकर क्रुणाल पांड्या की गेंद पर रसिख सलाम के हाथों लपके गए।
हार्दिक पांड्या ने खेली 40 रन की पारी
121 के स्कोर पर मुंबई ने तीसरा विकेट गंवाया। ऐसे में मुंबई ने इम्पैक्ट-सब के रूप में बल्लेबाजी के लिए शेरफेन रदरफोर्ड को मैदान पर बल्लेबाजी के लिए भेजा। हार्दिक और रदरफोर्ड मिलकर मुंबई पलटन को 145 रन तक ले गए लेकिन हार्दिक 40(22) रन बनाकर जैकब डफी की गेंद पर रोमारियो शेफर्ड के हाथों लपके गए। हार्दिक ने अपनी पारी में 6 चौके और एक छक्का जड़ा। हार्दिक के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए नमन धीर भी ज्यादा देर तक पर नहीं टिक सके और 1(2) रन बनाकर रसिख सलाम की गेंद पर पाटीदार के हाथों लपके गए।
रदरफोर्ड ने शर्मनाक हार से मुंबई को बचाया
154 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद मुंबई का मोर्चा शेरफेन रदरफोर्ड ने संभाला और छक्कों की झड़ी लगा दी। दूसरे छोर पर मिचेल सेंटनर टिके रहे। दोनों ने टीम को 19.1 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। अंतिम ओवर में रोमारियो शेफर्ड के खिलाफ शेरफेन रदरफोर्ड ने हल्ला बोला और चार छक्के जड़ दिए। 20वें ओवर में जीत के लिए 45 रन मुंबई को बनाने थे लेकिन रदरफोर्ड केवल 26 रन जुटा सके और मुंबई ने ये मुकाबला 18 रन के अंतर से गंवा दिया। रदरफोर्ड 71(31) रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और 9 छक्के जड़े।
मुंबई को मिली लगातार तीसरे मैच में हार
मुंबई 20 ओवर में 5 विकेट पर 222 रन बना सकी।यह मुंबई की सीजन के पहले मैच में जीत के बाद लगातार तीसरी हार है। वहीं तीन मैच में 2 में जीत दर्ज कर चुकी आरसीबी एक बार फिर जीत की पटरी पर लौट आई है। आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा दो विकेट सुयश शर्मा ने लिए। वहीं एक-एक सफलता जैकब डफी, रसिख सलाम, क्रुणाल पांड्या को मिली।
प्लेयर ऑफ द मैच:
36 गेंद में 78 रन की आतिशी मैच जिताऊ पारी खेलने वाले फिल साल्ट को आरसीबी की जीत के बाद प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मुकाबले से पहले उनके फॉर्म पर सवाल उठ रहे थे।
