क्रिकेट

Who Won Yesterday Cricket Match (22 April, 2026): कल का मैच कौन जीता? IPL 2026, LSG vs RR T20 Match, लखनऊ सुपर जायंट्स को पटखनी देकर जीत की पटरी पर लौटी राजस्थान रॉयल्स, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

who Won Yesterday IPL Match 22 April, 2026, LSG vs RR, kal ka match kaun jeeta: लखनऊ सुपर जायंट्स को राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 40 रन के अंतर से पटखनी देकर सीजन की पांचवीं जीत दर्ज की। जानिए कैसा रहा मैच के पल-पल का हाल?

Image

लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम राजस्थान रॉयल्स, कल का मैच कौन जीता (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

who won yesterday IPL Match, 22 April, 2026 (कल का आईपीएल मैच कौन जीता) LSG vs RR kal ka IPL Match kaun jeeta: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के 32वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने घर पर 40 रन के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने खराब शुरुआत के बाद 77 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रवींद्र जडेजा ने एक छोर संभालते हुए टीम की शानदार वापसी कराई और टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 159 रन तक पहुंचा दिया। राजस्थान के लिए रवींद्र जडेजा ने 43 रन का योगदान दिया। इसके अलावा यशस्वी जायसवाल और शिमरॉन हेटमायर ने 22-22, कप्तान रियान पराग ने 20 रन का योगदान दिया। इसके बाद जीत के लिए 160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम ने 11 रन पर 3 विकेट गंवा दिए उसके बाद वापसी नहीं कर सकी और पूरी टीम 18 ओवर में 119 रन पर ढेर हो गई और राजस्थान ने 40 रन से मैच अपने नाम कर लिया। मिचेल मार्श ने लखनऊ के लिए सबसे ज्यादा 55(41) रन बनाए। आयुष बदोनी, ऋषभ पंत, एडेन मार्करम अपना खाता भी नहीं खोल पाए। निकोलस पूरन ने 22 और हिम्मत सिंह ने 15 रन का योदगान दिया। लखनऊ को 8 बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े को भी नहीं छू सके। जोफ्रा आर्चर ने राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। वहीं 2-2 विकेट नांद्रे बर्गर और ब्रिजेश शर्मा को मिले। एक-एक सफलता रवींद्र जडेजा और रवींद्र बिश्नोई की झोली में गया। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

लखनऊ ने जीता टॉस

लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने अपने घरेलू मैदान पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

खराब रही राजस्थान की शुरुआत

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत खराब रही। पारी की शुरुआत करने आए वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी की। इसके बाद तेजी से रन बनाने की कोशिश कर रहे यशस्वी जायसवाल तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर 22(12) रन बनाकर मोहम्मद शमी की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके जड़े। जायसवाल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए ध्रुव जुरेल को अगली ही गेंद पर शमी ने स्टंप्स के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच कराकर दूसरा झटका दे दिया। 3 ओवर में 32 रन पर दो विकेट राजस्थान ने गंवा दिए थे। ऐसे में दबाव में बल्लेबाजी कर रहे वैभव सूर्यवंशी चौथे ओवर में मोहसिन खान की गेंद पर कोई रन नहीं ले सके और आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लपके गए> वो 8(11) रन बना सके।

32 के स्कोर पर राजस्थान ने गंवाए 3 विकेट

32 के स्कोर पर राजस्थान ने 3 विकेट एक-एक करके गंवा दिए। ऐसे में राजस्थान की पारी को कप्तान रियान पराग और शिमरॉन हेटमायर ने संभाला। पॉवरप्ले में राजस्थान ने 44 रन तीन विकेट के नुकसान पर बना लिए थे। दोनों ने संभलकर टीम को 50 रन के पार 7 ओवर में पहुंचा दिया। ऐसे में नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान पराग प्रिंस यादव की गेंद पर कैच दे बैठे। इसके बाद दूसरे छोर पर डटे खड़े शिमरॉन हेटमायर को मोहसिन खान ने चलता कर दिया।

77 पर राजस्थान की आधी टीम पवेलियन लौटी

10.2 ओवर में राजस्थान की आधी टीम 77 के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में रवींद्र जडेजा ने एक छोर संभाले खड़े थे। ऐसे में उनका साथ देने डेनोवन फरेरा आ गए। दोनों स्कोर को 14.3 ओवर में 5 विकेट पर 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 110 रन तक ले गए। 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर फरेरा प्रिंस यादव की गेंद पर 20(19) रन बनाकर आउट हुए। फरेरा के आउट होने के बाद एक छोर थामे खड़े जड़ेजा को इम्पैक्ट सब शुभम दुबे का साथ मिला। दोनों टीम को 19.4 ओवर में 150 रन के पार ले जाने में सफल रहे। रवींद्र जडेजा और शुभम ने राजस्थान को 20 ओवर में 6 विकेट पर 159 रन तक पहुंचा दिया। जडेजा 43(29) और शुभम 19(11) रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ के लिए 2-2 विकेट मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने लिए।

खराब रही लखनऊ की भी शुरुआत

जीत के लिए 160 रन के विजयी लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ के लिए पारी की शुरुआत करने मिचेल मार्श और आयुष बदोनी को जोड़ी उतरी। दोनों ने पहले ओवर में 9 रन बनाए लेकिन आखिरी गेंद पर बदोनी रवि सिंह के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गए। बदोनी अपना खाता नहीं खोल पाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान ऋषभ पंत आए लेकिन अपनी पारी की तीसरी ही गेंद पर जुरेल के हाथों लपके गए। पंत भी अपना खाता नहीं खोल पाए। ऐसे में स्कोर 10 रन पर दो विकेट हो गया। इसके बाद बैटिंग करने आए एडेन मार्करम आर्चर की गेंद पर जुरेल के हाथों कैच दे बैठे। मार्करम भी अपना खाता नहीं खोल पाए।

लखनऊ ने 11 रन पर गंवाए तीन विकेट

लखनऊ के टॉप थी बल्लेबाज अपना विकेट खोए बगैर कोई रन बनाए गंवा बैठे। 2.5 ओवर 11 रन तीन विकेट गंवाने के बाद एक छोर सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श लखनऊ के लिए संभाले रहे। फॉर्म से जूझ रहे निकोलस पूरन ने थोड़ी देर मार्श का साथ दिया। दोनों स्कोर को 8.6 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। दसवें ओवर की चौथी गेंद पर पनप रही ये साझेदारी 54 के स्कोर पर टूट गई। पूरन ने 22(25) रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके जड़े।

119 रन पर ढही लखनऊ की पारी

54 रन पर 4 विकेट गंवाने वाली लखनऊ के लिए एक छोर मिचेल मार्श संभाले रहे। उन्हें दूसरे छोर से सुपर सब हिम्मत सिंह का साथ मिला। लेकिन 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर हिम्मत रवि बिश्नोई की गेंद पर बोल्ड हो गए। ऐसे में मार्श ने एक छोर संभाले रखा और अंतिम गेंद पर छक्का जड़कर टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। 105 के स्कोर पर मार्श 55(41) रन बनाकर पराग के हाथों लपके गए और इस विकेट के गिरने के बाद राजस्थान के युवा स्टार मुकुल चौधरी भी कोई कमाल नहीं दिखा सकते। 17वें ओवर की पहली गेंद पर मुकुल 7(3) रन बनाकर ब्रिजेश शर्मा की गेंद पर कैच दे बैठे। इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई। शमी 6(4), मयंक यादव ने 5(5) और मोहसिन खान 9(3) रन बना सके। दिग्वेश राठी 2(2) रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ की टीम 18 ओवर में 119 रन बनाकर ढेर हो गई। राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट जोफ्रा आर्चर ने लिए। इसके बाद 2-2 विकेट नांद्रे बर्गर और ब्रिजेश शर्मा ने लिए। एक-एक विकेट रवींद्र जडेजा और रवि बिश्नोई के खाते में गया।

प्लेयर ऑफ द मैच:

रवींद्र जडेजा को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जडेजा ने 43 रन बनाने के अलावा एक विकेट भी अपने नाम किए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article