क्रिकेट

Who Won Yesterday Cricket Match (16 May, 2026): कल का मैच कौन जीता? IPL 2026, KKR vs GT T20 Match, कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ मिली गुजरात टाइटन्स को हार, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

who Won Yesterday IPL Match 16 May, 2026, KKR vs GT, kal ka match kaun jeeta: कोलकाता नाईट राइडर्स ने अपने घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटन्स को शनिवार को खेले गए मुकाबले में 29 रन के अंतर से मात देकर अपनी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को बरकरार रखा है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

Image

कोलकाता नाईट राइडर्स बनाम गुजरात टाइटन्स, कल का मैच कौन जीता (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

who Won Yesterday IPL Match 16 May, 2026, KKR vs GT, kal ka match kaun jeeta: कोलकाता नाईट राइडर्स ने अपने घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटन्स को शनिवार को खेले गए मुकाबले में 29 रन के अंतर से मात देकर अपनी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को बरकरार रखा है। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने फिन ऐलन की 93(35), अंगकृष रघुवंशी की 82(44) और कैमरन ग्रीन की 52(28) रन की पारियों की बदौलत 20 ओवर में 2 विकेट पर 247 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में लगातार पांच मैच जीतने के बाद मुकाबले में उतरी गुजरात टाइटन्स की टीम हासिल नहीं कर सकी। गुजरात शुभमन गिल की 85(49), साई सुदर्शन की 53*(28) और जोस बटलर की 57(35) रन की पारी के बावजूद हासिल नहीं कर सकी। गुजरात की टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 218 रन बना सकी और 29 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

गुजरात ने जीता टॉस:

कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ इडेन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

कोलकाता की तेज शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाईट राइडर्स के लिए अजिंक्य रहाणे और फिन ऐलन की जोड़ी उतरी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर रहाणे को सिराज ने बोल्ड कर दिया। रहाणे 14(14) रन बना सके।

शतक से चूके फिन ऐलन

रहाणे के आउट होने के बाद फिन ऐलन और अंगकृष रघुवंशी ने पारी को आगे बढ़ाया। 5.4 ओवर में 50 रन के पार कोलकाता को पहुंचा दिया। इसके बाद ऐलन ने 21 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा कर लिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 25 गेंद में पूरी कर ली। इस साझेदारी में ऐलन ने 28 और रघुवंशी ने 18 रन का योगदान दिया। कोलकाता ने 9 ओवर में 100 रन के आंकड़े को पार कर लिया। 139 के स्कोर पर ऐलन 93(35) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 10 छक्के जड़े। ऐलन सीजन में दूसरा शतक जड़ने से 7 रन से चूक गए।

17 ओवर में 200 रन के पार पहुंची केकेआर

ऐलन के आउट होने के बाद अंगकृष रघुवंशी ने मोर्चा संभाला दोनों ने केकेआर को 12.4 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। रघुवंशी ने अपना अर्धशतक 33 गेंद में 2 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा किया। 17 ओवर में कोलकाता ने 200 रन पूरे कर लिए। इसके बाद ग्रीन और रघुवंशी ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 49 गेंद में पूरी कर ली। इस साझेदारी में रघुवंशी ने 53 और कैमरन ग्रीन ने 46 रन का योगदान दिया।

कोलकाता ने बनाए 20 ओवर में 2 विकेट पर 247 रन

शतकीय साझेदारी पूरी करने के बाद कैमरन ग्रीन ने अपना अर्धशतक 26 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। अंत में केकेआर ने 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 247 रन बनाने में सफल रही। अंगकृष रघुवंशी 82 और कैमरन ग्रीन 52 रन बनाकर नाबाद रहे।

तेज शुरुआत के बाद सुदर्शन हुए रिटायर्ड हर्ट

जीत के लिए 248 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स को साई सुदर्शन और शुभमन गिल की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने तेजी से टीम को 42 रन तक पहुंचा दिया। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर कार्तिक शर्मा की गेंद साई सुदर्शन के बल्ले पर लगी और वो रिटायर्ड हर्ड हो गए। उस वक्त सुदर्शन 23(13) रन बनाकर खेल रहे थे।

निशांत सिंधू का नहीं चला बल्ला

सुदर्शन के पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी करने निशांत सिंधू आए। उन्होंने 4 ओवर में 49 रन तक टीम को पहुंचा दिया। लेकिन पांचवें ओवर की पहली गेंद पर निशांत सिंधु 1(4) रन बनाकर सुनील नरेन की गेंद पर मनीष पांडे के हाथों लपके गए। 49 के स्कोर पर गुजरात को पहला झटका लगा। सिंधू के आउट होने के बाद एक छोर थामे खड़े शुभमन गिल को जोस बटलर का साथ मिला। दोनों ने मिलकर पॉवरप्ले के अंत तक गुजरात को एक विकेट के नुकसान पर 56 रन तक पहुंचा दिया।

पॉवरप्ले में गुजरात ने बनाए एक विकेट पर 56 रन

पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद शुभमन गिल ने रन गति को बढ़ाने की कोशिश की और उन्होंने सुनील नरेन की गेंद पर दो छक्के जड़ दिए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 33 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। इसमें गिल ने 36 और बटलर ने 12 रन का योगदान दिया। दोनों की साझेदारी परवान चढ़ती रही और गुजरात ने 9.5 ओवर में 100 रन के आंकड़े को पार कर लिया।

गिल ने जड़ा 33 गेंद में अर्धशतक

दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी करने के बाद शुभमन गिल ने अपना अर्धशतक 33 गेंद में 2 चौके और 5 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। 14 ओवर में गुजरात की टीम 150 रन के आंकड़े को पार कर लिया। इसके बाद गिल और बटलर ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 59 गेंद में पूरी कर ली। इस साझेदारी में गिल ने 66 और बटलर ने 34 रन का योगदान दिया। बटलर ने इसके बाद अपना अर्धशतक 32 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर गिल 85(49) रन बनाकर सुनील नरेन की गेंद पर अनुकूल रॉय के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 7 छक्के जड़े।

चोटिल साई दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे

गिल के आउट होने के बाद साई सुदर्शन दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे। उनका साथ देने के लिए दूसरे छोर पर जोस बटलर थे। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए गुजरात को 18 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया और मैच में बनाए रखने की कोशिश की।

अंतिम 12 गेंद में 45 रन नहीं बना पाई गुजरात टाइटन्स

जीत के लिए अंतिम 12 गेंद में गुजरात को 45 रन बनाने थे। ऐसे में गेंदबाजी करने आए सौरभ दुबे ने कसी हुई गेंदबाजी करके जोस बटलर को कैच कराकर केकेआर की जीत तकरीबन पक्की कर दी। बटलर 57(35) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 2 छक्के जड़े। अंतिम ओवर में साई सुदर्शन ने छक्का जड़कर अपना अर्धशतक 27 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। पारी की अंतिम गेंद पर राहुल तेवतिया को कैमरन ग्रीन ने कैच करा दिया। तेवतिया 2(4) रन बना सके। 20 ओवर में गुजरात की टीम 4 विकेट पर 218 रन बना सकी और केकेआर ने 29 रन के अंतर से मैच अपने नाम कर लिया।

अंक तालिका में सातवें पायदान पर है कोलकाता

केकेआर के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट सुनील नरेन ने लिए। एक-एक सफलता सौरभ दुबे और कैमरन ग्रीन को मिली। ये कोलकाता की सीजन में 12 मैच में पांचवीं जीत है। इसके साथ ही उसने अपनी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को बरकरार रखा है। गुजरात की लगातार पांच मैच में हार के बाद यह पहली हार है। कोलकाता की टीम अंक तालिका में सातवें और गुजरात की टीम दूसरे पायदान पर है।

प्लेयर ऑफ द मैच:

सुनील नरेन को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। नरेन ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article