राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने निरीक्षक (कारखाना एवं बॉयलर्स) परीक्षा-2025 और निरीक्षक (कारखाना-रसायन) परीक्षा-2025 की मॉडल उत्तरकुंजियां जारी कर दी हैं। इन परीक्षाओं में शामिल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in पर उत्तरकुंजियां देख सकते हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रश्न के उत्तर पर आपत्ति है, तो वह 14 से 16 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है।
प्रमाण के साथ दर्ज करनी होगी आपत्ति
अभ्यर्थियों को मॉडल प्रश्नपत्र में दिए गए प्रश्नों के क्रम के अनुसार ही आपत्ति दर्ज करनी होगी। इसके लिए संबंधित प्रश्न के समर्थन में मानक और प्रामाणिक पुस्तकों के प्रमाण ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य है। आवश्यक प्रमाण नहीं देने पर आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन परीक्षाओं में शामिल अभ्यर्थियों की आपत्तियों पर ही विचार किया जाएगा। किसी अन्य व्यक्ति की ओर से दर्ज कराई गई आपत्ति मान्य नहीं होगी।
100 रुपये लगेगा शुल्क
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता के अनुसार, अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज कराने के लिए निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति के लिए 100 रुपये शुल्क तय किया गया है। इसके अतिरिक्त सेवा शुल्क भी देना होगा। बिना शुल्क जमा किए दर्ज की गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। आयोग के अनुसार, आपत्ति दर्ज कराने का लिंक 16 अक्टूबर 2026 के बाद निष्क्रिय हो जाएगा। आपत्तियां केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी और उन्हें दर्ज कराने का अवसर केवल एक बार मिलेगा। जमा किया गया आपत्ति शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।
SSO पोर्टल से ऐसे करें आवेदन
आपत्ति दर्ज कराने के लिए अभ्यर्थियों को राजस्थान के SSO पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। इसके बाद रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाकर संबंधित परीक्षा के सामने दिए गए ‘Question Objection’ लिंक पर क्लिक करना होगा। यहां प्रश्नों पर आपत्ति दर्ज कर प्रति प्रश्न 100 रुपये और लागू सेवा शुल्क का भुगतान किया जा सकता है। भुगतान ई-मित्र कियोस्क या रिक्रूटमेंट पोर्टल पर उपलब्ध पेमेंट गेटवे के माध्यम से किया जा सकता है।
ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने में तकनीकी परेशानी होने पर अभ्यर्थी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ईमेल कर सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 9352323625 और 7340557555 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
