दुनिया

पाकिस्तान: खैबर के बारा में हिंसक हुआ PTI का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, सरकारी इमारतों में लगाई आग

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए शुरुआत में लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। बाद में स्थानीय विधायक अब्दुल गनी अफरीदी अन्य PTI समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

Image

खैबर पख्तूनख्वा में पीटीआई कार्यकर्ताओं का हिंसक प्रदर्शन।

Pakistan protest : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बारा तहसील में मंगलवार को PTI कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प के दौरान सरकारी इमारतों में आग लगा दी गई। पुलिस ने 50 लोगों को गिरफ्तार करने की बात कही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कम से कम पांच प्रदर्शनकारियों के घायल होने की पुष्टि की है। वहीं, हयाताबाद मेडिकल कॉम्प्लेक्स के एक डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल में एक दर्जन से अधिक घायलों को लाया गया, जिनमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए शुरुआत में लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। बाद में स्थानीय विधायक अब्दुल गनी अफरीदी अन्य PTI समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया और कुछ पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की।

कई पुलिसकर्मियों को हिरासत में लिया-PTI

PTI का दावा है कि प्रदर्शनकारियों ने कई पुलिसकर्मियों को हिरासत में ले लिया है। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हवा में गोलियां चलाईं। इस दौरान नेशनल डेटाबेस एंड रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी (NADRA) के नजदीकी कार्यालय और रेस्क्यू 1122 की इमारत के एक हिस्से में आग लगाए जाने की खबर है।

खैबर पख्तूनख्वा में आपातकाल लागू

राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने रविवार को संविधान के अनुच्छेद 232(1) और 234(1) का इस्तेमाल करते हुए खैबर पख्तूनख्वा में आपातकाल लागू कर दिया। उन्होंने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का हवाला दिया, जिससे जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ की प्रांतीय सरकार का शासन खत्म हो गया। इमरान खान के बेटे कासिम खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, 'पाकिस्तान के तानाशाह और बेईमान शासक लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं और अब उन्होंने खैबर पख्तूनख्वा के चुने हुए मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर लिया है। दुनिया को यह सब देखना चाहिए। सत्ता में बने रहने के लिए लोगों की आवाज दबाने की (सेना प्रमुख आसिम) मुनीर की बार-बार की शर्मनाक और कायरतापूर्ण हरकतें। शर्मनाक।’

इमरान खान (73) को 5 अगस्त 2023 को भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और तब से वह जेल में हैं। उन्हें रावलपिंडी के बाहरी इलाके में स्थित अडियाला जेल में रखा गया है। उनके दो बेटे, सुलेमान खान और कासिम खान, ब्रिटिश नागरिक हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article