Who Won Yesterday Cricket Match (31 January, 2026): कल का मैच कौन जीता? IND vs NZ 5th T20, भारत ने न्यूजीलैंड को पांचवें टी20 रौंदाकर 4-1 से जीती सीरीज, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स
- Authored by: नवीन चौहान
- Updated Feb 1, 2026, 08:04 AM IST
IND vs NZ, Who Won Yesterday 5th T20 Match (कल का मैच कौन जीता?): भारत ने न्यूजीलैंड को तिरुवनंतपुरम में खेले गए सीरीज के पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में 46 रन के अंतर से पटखनी देकर सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली है। ऐसा रहा रनों के अंबार और चौकों-छक्कों की बारिश वाले मुकाबले के पल पल का हाल।
भारत बनाम न्यूजीलैंड,पांचवां टी20, कल का मैच कौन जीता
Who Won Yesterday Cricket Match (31 January, 2026)(कल का मैच कौन जीता): भारत ने न्यूजीलैंड को पांच मैच की टी20 सीरीज के शनिवार को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए पांचवें और आखिरी मुकाबले में 46 रन के अंतर से मात देकर सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन की 43 गेंद में 103, सूर्यकुमार यादव की 30 गेंद में 63 और हार्दिक पांड्या की 17 गेंद में 42 रन की आतिशी पारियों की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 271 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जीत के लिए 272 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ने फिन एलन की 38 गेंद में 80 रन की धमाकेदार पारी की बदौलत करारा जवाब दिया। एलन के अलावा और कोई कीवी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और पूरी टीम 19.4 ओवर में 225 रन पर ढेर हो गई और 46 रन से हार के साथ सीरीज का अंत किया।
भारत ने जीता टॉस किया गेंदबाजी का फैसला:
तिरुवनंतपुरम में खेले गए सीरीज के पांचवें टी20 मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम मैच में तीन और कीवी टीम चार बदलाव के साथ उतरी।खराब रही टीम इंडिया की शुरुआत, फिर नाकाम हुए सैमसन
भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर खराब रही। फॉर्म से जूझ रहे संजू सैमसन अपने घरेलू मैदान पर पहली बार अंतररराष्ट्रीय मैच खेलते हुए कोई कमाल नहीं दिखा सके। काइल जैमीसन ने उन्हें तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर कैच कराकर चलता कर दिया। सैमसन 6(6) रन बनाकर पवेलियन लौटे। भारतीय टीम को 31 के स्कोर पर पहला झटका लगा।
अभिषेक भी नहीं खेल पाए बड़ी पारी
अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर अपना खाता छक्के के साथ पारी की तीसरी गेंद पर खोला लेकिन वो अपनी तेज शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करने में नाकाम रहे। अभिषेक 16 गेंद में 30 रन बनाकर लॉकी फर्ग्युसन की गेंद पर बोल्ड हो गए। भारतीय टीम को दूसरा झटका पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर 48 के स्कोर पर लगा। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने पॉवरप्ले के अंत में 2 विकेट पर 54 रन तक पहुंचा दिया।
ईशान और सूर्या के बीच हुई शतकीय साझेदारी
पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव की जोड़ी ने मोर्चा संभाला दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को 10 ओवर में 101 रन के पार पहुंचा दिया। इस दौरान ईशान किशन ने अपना अर्धशतक 28 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 29 गेंद में और शतकीय साझेदारी 44 गेंद में पूरी हुई। टीम इंडिया ने 12.4 ओवर में 150 रन के आंकड़े को पार कर लिया। इसके बाद सूर्या ने भी अपना अर्धशतक 26 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया।
अर्धशतक पूरा करने के बाद सूर्यकुमार यादव मिचेल सेंटनर क गेंद पर स्टंपिंग हो गए। सूर्या 30 गेंद में 63 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनके आउट होते ही तीसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी भी टूट गई।
ईशान ने जड़ा आतिशी शतक
ईशान किशन ने 42 गेंद में 6 चौके और 10 छक्के की मदद से अपने टी20आई करियर का पहला शतक पूरा किया और हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया। ईशान 233 के स्कोर पर 103 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जैकब डफी ने उन्हें अपना शिकार बनाया। इसके बाद टीम इंडिया 20 ओवर में 5 विकेट पर 271 रन बना सकी और न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 272 रन का विशाल लक्ष्य रखा।
फिन एलन ने जड़ा आतिशी अर्धशतक
जीत के लिए 272 रन के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। पारी के पहले ही ओवर की आखिरी गेंद पर अर्शदीप ने टिम सीफर्ट को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच करा दिया। वो 5(3) रन बना सके। सीफर्ट के आउट होने के बाद फिन एलन और रचिन रवींद्र ने मोर्चा संभाला और आतिशी अंदाज में रन बनाने शुरू किए। फिन एलन ने मोर्चा संभाला और टीम को 3.1 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाने के बाद अपना अर्धशतक 22 गेंद में 7 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। ये क्रम जारी रहा और न्यूजीलैंड ने 7.6 ओवर में 100 रन भी एक विकेट के नुकसान पर पूरे कर लिए। रचिन रवींद्र और फिन एलन के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी 47 गेंद में पूरी हो गई। इसमें एलन ने 71 और रवींद्र ने 22 रन का योगदान दिया।
अक्षर पटेल ने तोड़ी एलन रवींद्र की शतकीय साझेदारी
शतकीय साझेदारी पूरी करते ही ये साझेदारी नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर टूट गई। फिन एलन 38 गेंद में 80 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर रिंकू सिंह को हाथों लपके गए। 117 के स्कोर पर कीवी टीम को दूसरा झटका लगा। एलन के आउट होने के बाद रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स ने मोर्चा संभाला औऱ 10 ओवर में टीम को 131 रन तक ले गए। दोनों की साझेदरी को 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर अक्षर ने तोड़ दिया। इस बार ग्लेन फिलिप्स 7(6) रन बनाकर रिंकू के हाथों लपके गए। 11 ओवर में न्यूजीलैंड ने 3 विकेट पर 137 रन बना लिए थे।
अर्शदीप के पंजे में फंसे न्यजीलैंड के बल्लेबाज
अर्शदीप सिंह ने शुरुआती ओवरों में जमकर धुनाई होने के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने 12वें ओवर में रचिन रवींद्र और मिचेल सेंटनर को दो गेंद के अंतराल में चलता कर दिया। रचिन 30(17) और मिचेल सेंटनर खाता खोले बगैर पवेलियन लौटे गए। 137 के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में डेरिल मिचेल और बेवेन जैकब्स ने मोर्चा संभाला दोनों टीम को 166 रन तक ले गए लेकिन वरुण ने जैकब्स को बोल्ड कर दिया। वो 7 रन बना सके।
225 रन पर ढकी कीवी टीम
जैकब्स के आउट होने के बाद अर्शदीप सिंह ने एक बार फिर अपने आखिरी ओवर में कीवी बल्लेबाजों का हाल बेहाल कर दिया। 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने काइल जैमिसन और पांचवें पर डेरिल मिचेल को बोल्ड कर दिया और न्यूजीलैंड को 8 विकेट पर 180 रन तक ला पटका। अंत में ईश सोढ़ी ने मोर्चा संभाला और कुछ बड़े शॉट्स खेलकर टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया। उनकी कोशिश न्यूजीलैंड को जीत दिलाने के लिए नाकाफी रही। ईश सोढ़ी 33(15) रन बनाकर रिंकू सिंह की गेंद पर कैच दे बैठे इसके साथ ही न्यूजीलैंड की पारी की अंत 19.4 ओवर में 225 रन पर हो गया। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 5 विकेट 51 रन देकर लिए। उनके अलावा तीन विकेट अक्षर पटेल ने लिए। एक-एक सफलता वरुण चक्रवर्ती और रिंकू सिंह को मिली।
प्लेयर ऑफ द मैच:
ईशान किशन को उनकी 43 गेंद में 103 रन की आतिशी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
प्लेयर ऑफ द सीरीज:
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सीरीज का अंत सबसे सफल बल्लेबाज के रूप में किया। उन्होंने पांच मैच में 80.66 के औसत और 196.74 के स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 242 रन बनाए जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।