क्रिकेट

IND vs NZ 3rd ODI, टीम इंडिया को न्यूजीलैंड ने दी तीसरे वनडे में 41 रन से मात, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने मेजबान टीम इंडिया को इंदौर में खेले गए सीरीज के तीसरे और निर्णायक वनडे में 41 रन के अंतर से मात देकर सीरीज में 2-1 से अपने नाम कर ली है। जानिए कैसा रहा तीसरे एकदिवसीय मुकाबले के पल-पल का हाल।

IND vs NZ 3rd ODI Kal ka Match Kaun Jeeta

भारत बनाम न्यूजीलैंड तीसरा वनडे, कल का मैच कौन जीता

Photo : AP

शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सीरीज के तीसरे और निर्णायक वनडे में 41 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 337 रन का स्कोर डेरिल मिचेल की 137 और ग्लेन फिलिप्स की 106 रन की शतकीय पारियों की बदौलत खड़ा किया। इसक बाद जीत के लिए 338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया विराट कोहली की 124 रन की लाजवाब शतकीय पारी और नीतीश रेड्डी, हर्षित राणा की शानदार अर्धशतकीय पारियों के बावजूद 296 रन पर 46 ओवर में ढेर हो गई। इसी के साथ कीवी टीम ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की और 37 साल में भारतीय सरजमीं पर पहली वनडे सीरीज जीतने में सफल हुई।

टीम इंडिया ने जीता टॉस:

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान ने इंदौर में निर्णायक वनडे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

खराब रही न्यूजीलैंड की शुरुआत

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। पारी की चौथी ही गेंद पर अर्शदीप सिंह ने सलामी बल्लेबाज हेनरी निकोल्स को बोल्ड कर दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद दूसरे ओवर की पहली गेंद पर हर्षित राणा ने डेवोन कॉन्वे को रोहित शर्मा के हाथों कैच करा दिया। कॉन्वे 5(4) रन बना सके।

मिचेल और यंग ने शुरुआती झटकों से उबारा

1.1 ओवर में 5 रन के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाजों के पवेलियन वापस लौटने के बाद न्यूजीलैंड की पारी को विल यंग और फॉर्म में चल रहे डेरिल मिचेल ने संभाला। दोनों ने टीम को 7.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी 62 गेंद में पूरी कर ली। पनप रही इस साझेदारी को हर्षित राणा ने 13वें ओवर की पहली गेंद पर तोड़ दिया। विल यंग राणा की गेंद पर जडेजा के हाथों लपके गए। उन्होंने 30(41) रन बनाए।

फिलिप्स और मिचेल ने बोला हल्ला

यंग के आउट होने के बाद डेरिल मिचेल का साथ देन ग्लेन फिलिप्स आए। दोनों ने मोर्चा संभाला और भारतीय गेंदबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी करते गए। दोनों ने मिलकर टीम को 100 रन के पार 21 ओवर में पहुंचा दिया। इसी दौरान मिचेल ने अपना सीरीज में लगातार तीसरा अर्धशतक 6 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 65 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली।

फिलिप्स ने जड़ा अर्धशतक

मिचेल और फिलिप्स पिच पर डटे रहे दोनों ने मिलकर 29 ओवर में न्यूजीलैंड को 150 रन के पार पहुंचा दिया और चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 105 गेंद में पूरी कर ली। इसके बाद फिलिप्स ने 53 गेंद में अपना अर्धशतक 3 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया।

मिचेल ने जड़ा लगातार दूसरा शतक

फिलिप्स के पचासा जड़ने के कुछ देर बाद मिचेल ने 106 गेंद पर अपना लगातार दूसरा और भारत के खिलाफ भारत में चौथा शतक पूरा करके टीम को 35.4 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। मिचेल ने शतक जड़ने के बाद भी मोर्चा संभाले रखा। दूसरे छोर से फिलिप्स ने रनों की रफ्तार बढ़ाई और चौथे विकेट के लिए 200 रन की साझेदेरी 176 गेंद में पूरी कर ली। इसके बाद फिलिप्स ने अपने वनडे करियर का दूसरा शतक 83 गेंद में 8 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा किया।

106 रन बनाकर आउट हुए फिलिप्स

शतक पूरा करने के बाद फिलिप्स ज्यादा देर पिच पर नहीं टिक सके। 106(88) रन बनाकर वो अर्शदीप सिंह की गेंद पर केएल राहुल के हाथों लपके गए। मिचेल और फिलिप्स के बीच 219 (188) रन की साझेदारी इसके साथ टूट गई। 277 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को चौथा झटका लगा।

न्यूजीलैंड ने बनाए 8 विकेट पर 337 रन

फिलिप्स के आउट होने के बाद विकेटों की झड़ी लग गई। भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद डेरिल मिचेल को चलता कर दिया। मिचेल सिराज की गेंद पर कुलदीप यादव के हाथों लपके गए। उन्होंने 137(131) रन बनाए। इसके बाद कप्तान ब्रेसवेल ने एक छोर संभाला और दूसरे छोर पर विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। अंत में कीवी टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 337 रन बना सकी। ब्रेसवेल 28(18) रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए सबसे ज्यादा 3-3 विकेट अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने लिए। वहीं एक-एक सफलता मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को मिली।

खराब रही टीम इंडिया की शुरुआत

जीत के लिए 338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। रोहित शर्मा पारी के चौथी गेंद पर 11(13) रन बनाकर फॉक्स की गेंद पर कैच दे बैठे। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल को विराट कोहली का साथ मिला। दोनों स्कोर को 45 रन तक ले गए। लेकिन गिल को जैमीसन ने बोल्ड करके टीम इंडिया को दूसरा झटका दे दिया। गिल 23(18) रन बना सके।

अय्यर और राहुल का खामोश रहा बल्ला

रोहित और गिल के आउट होने के बाद विराट कोहली ने एक छोर संभाला। दूसरे छोर पर उनका साथ देने आए श्रेयस अय्यर को क्लार्क ने 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर चलता कर दिया। 68 के स्कोर पर अय्यर 3(10) रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनके आउट होने के बाद बल्लेबाज करने आए केएल राहुल को लेनेक्स की फिरकी में फंस गए और फिलिप्स ने उनका कैच लपक लिया। राहुल 1(6) रन बना सके।

विराट ने जड़ा अर्धशतक, नीतीश ने दिया साथ

71 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद एक छोर संभालकर खड़े विराट का साथ देने नीतीश रेड्डी आए। दोनों ने संभलकर पारी को आगे बढ़ाया। भारतीय टीम ने 19.1 ओवर में 100 रन के आंकड़े को पार किया। विराट ने इसके बाद अपना सीरीज में दूसरा अर्धशतक 51 गेंद में 4 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद दोनों ने पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 58 गेंद में पूरी कर ली।

अर्धशतक जड़ने के बाद पवेलियन लौटे नीतीश

इसके बाद नीतीश रेड्डी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक 52 गेंद में शानदार छक्के के साथ पूरा किया। इस दौरान रेड्डी ने 2 चौके और 2 छक्के जड़े। लेकिन इसके बाद वो एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में कैच दे बैठे। रेड्डी ने 53(57) रन बनाए। विराट के साथ उनकी 88 रन की साझेदारी हुई। रेड्डी 159 के स्कोर पर पवेलियन लौटे। यह भारतीय टीम को लगा पांचवां झटका था।

जडेजा 12 रन बनाकर हुए आउट, 178 पर गंवाए 6 विकेट

नीतीश के आउट होने के बाद विराट कोहली का साथ देने अनुभवी रवींद्र जडेजा आए। दोनों के बीच बड़ी साझेदारी नहीं हो सकी। जडेजा 12 रन बनाकर लेनेक्स की फिरकी में फस गए और यंग के हाथों लपके गए।

राणा ने जड़ा आतिशी अर्धशतक, विराट ने 54वां शतक

178 रन पर भारतीय टीम ने 6 विकेट गंवा दिए थे और हार का साया उसके सिर पर मंडराने लगा था। ऐसे में विराट का साथ देने हर्षित राणा आए। हर्षित ने विराट का साथ दिया और तेजी से रन बनाकर उनके ऊपर से दबाव कम किया। विराट दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 99 रन की साधेदारी हुई। इस दौरान राणा ने अपना वनडे में पहला अर्धशतक 41 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा किया। वहीं विराट ने अपना 54वां शतक 91 गेंद में 8 चौके और 2 छक्के की मदद से जड़ा। दोनों जब तक क्रीज पर थे टीम इंडिया की जीत की आस बनी हुई थी। विराट के 124 रन और राणा के 52 रन बनाकर आउट होते ही भारत की जीत की आस खत्म हो गई। टीम इंडिया 46 ओवर में 296 रन बनाकर ढेर हो गई। अर्शदीप भारत के आखिरी आउट होने वाले बल्लेबाज थे। वो रन आउट हुए।

मैन ऑफ द मैच और सीरीज:

डेरिल मिचेल को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article