भारत ने दूसरे टी20 में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से रौंदा, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स
- Authored by: नवीन चौहान
- Updated Jan 28, 2026, 04:42 PM IST
भारत ने न्यूजीलैंड को रायपुर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में 7 विकेट से रौंदकर पांच मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।
भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टी20, कल का मैच कौन जीता
टीम इंडिया ने ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव की आतिशी पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड को रायपुर में पांच मैच की सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में 7 विकेट के अंतर से मात देकर 2-0 की बढ़त बना ली है। जीत के लिए मिले 209 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने आतिशी अंदाज में 15.2 ओवर में हासिल कर लिया। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 82* (37) और ईशान किशन ने 76(32) रन की आतिशी पारी खेलीं और टीम की एकतरफा जीत में अहम भूमिका अदा की।
भारत ने जीता टॉस
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रायपुर में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए वहीं न्यूजीलैंड तीन बदलाव के साथ मैदान में उतरा।
न्यूजीलैंड की आतिशी शुरुआत
न्यूजीलैंड को डेवोन कॉन्वे और टिम सीफर्ट की जोड़ी ने आतिशी शुरुआत दिलाई। कॉन्वे ने पहले ही ओवर में अर्शदीप के खिलाफ 18 रन बटोर लिए। इसके बाद तीसरे ओवर में सीफर्ट ने चार चौके अर्शदीप के खिलाफ जड़कर स्कोर को 43 रन तक बगैर किसी नुकसान के 3 ओवर में पहुंचा दिया।
43 के स्कोर पर लगे दोहरे झटके
अर्शदीप की धुनाई होने के बाद चौथे ओवर में गेंदबाजी के लिए हर्षित राणा आए उन्होंने अपनी दूसरी ही गेंद पर डेवोन कॉन्वे को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। कॉन्वे 19(9) रन बना सके। उनके आउट होने के बाद अगले ही ओवर में गेंदबाजी करने आए वरुण चक्रवर्ती ने भी अपनी गुगली में फांसकर सीफर्ट की पारी का अंत कर दिया। सीफर्ट 24(13) रन बनाकर ईशान किशन के हाथों लपके गए।
रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स ने मुश्किल से उबारा
43 के स्कोर पर न्यूजीलैंड की टीम दो विकेट गंवाकर बैकफुट में नजर आने लगी। ऐसे में मोर्चा रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स ने मोर्चा संभाला। दोनों ने टीम को 5.2 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया। पॉवरप्ले के अंत में कीवी टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 64 रन बना लिए थे। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 24 गेंद में पूरी कर ली और टीम को 100 रन के करीब पहुंचा दिया। नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर इस साझेदारी को कुलदीप यादव ने तोड़ दिया। फिलिप्स 19(13) रन बनाकर कुलदीप की गेंद पर हार्दिक के हाथों लपके गए।
अर्धशतक से चके रचिन रवींद्र
फिलिप्स के आउट होने के बाद डेरिल मिचेल और रचिन रवींद्र ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों टीम को 125 रन तक ले गए। ये साझेदारी 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर टूट गई। मिचेल को शिवम दुबे ने चलता कर दिया। मिचेल 18(11) रन बना सके। इसके बाद जल्दी ही रचिन रवींद्र भी अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। रचिन 44(26) रन बनाकर कुलदीप की गेंद पर अर्शदीप के हाथों लपके गए।
150 रन पर पवेलियन लौटी आधी कीवी टीम
129 के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। ऐसे में कप्तान मिचेल सेंटनर ने मार्क चैपमैन का साथ दिया। दोनों ने मोर्चा संभाला और टीम को 14.5 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 161 रन तक ले गए। 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चैपमैन को पांड्या ने अभिषेक के हाथों कैच करा दिया।
मिचेल सेंटनर ने पहुंचा 200 के पार
चैपमैन के आउट होने के बाद सेंटनर ने मोर्चा संभाला। दूसरे छोर से उन्हें जैक फॉक्स का साथ मिला। दोनों ने और कोई विकेट टीम को अंत तक नहीं गिरने दिया और टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन तक पहुंचा दिया। सेंटनर 47(27) और फॉक्स 15(8) रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट कुलदीप यादव ने लिए। वहीं एक-एक सफलता हार्दिक पांड्या, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को मिली।
खराब रही टीम इंडिया की शुरुआत
जीत के लिए 209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की सलामी जोड़ी पहली सात गेंद में महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गई थी। सैमसन पारी की पांचवीं गेंद पर 6(5) रन बनाकर मैट हेनरी की गेंद पर रचिन रवींद्र के हाथों लपके गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा को जैकब डफी ने अपनी पहली गेंद पर कैच कराकर चलता कर दिया। अभिषेक अपना खाता भी नहीं खोल पाए।
ईशान किशन ने मचाया धमाल, मिला सूर्या का साथ
6 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद मुश्किल में नजर आ रही टीम इंडिया के लिए मोर्चा ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने संभाला। दोनों ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को 4.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। ईशान किशन ने अपना आतिशी अंदाज जारी रखा और सूर्या ने साझेदारी में एंकर की भूमिका अदा की। ईशान ने 21 गेंद में अपना अर्धशतक 9 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया और तीसरे विकेट के लिए सूर्या के साथ अर्धशतकीय साझेदारी 25 गेंद में पूरी कर ली।
7.5 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा भारत, शतक से चूके ईशान
अर्धशतक जड़ने के बाद ईशान और आक्रामक हो गए। दूसरे छोर से सूर्या ने भी अपने हाथ खोले। दोनों ने टीम को 7.5 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी 43 गेंद में पूरी कर ली। इस साझेदारी में ईशान ने 76 और सूर्या ने 19 रन का योगदान दिया। शतक की ओर बढ़ रहे ईशान किशन को 10वें ओवर की पहली गेंद पर ईश सोढ़ी ने अपनी फिरकी में फंसाकर पवेलियन वापस भेज दिया। ईशान 32 गेंद में 76 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अुनी पारी में 11 चौके और 4 छक्के जड़े।
सूर्या ने खेली 82 रन की आतिशी पारी, 7 विकेट से जीता भारत
ईशान के आउट होने के बाद सूर्या का दूसरे छोर पर शिवम दुबे का साथ मिला। ऐसे में सूर्या ने भी आतिशी रुख अपनाया और 14 महीने बाद अपना पहला अर्धशतक 23 गेंद में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद दूसरे छोर से शिवम ने भी हल्ला बोल दिया। भारत ने 11.1 ओवर में 150 रन के आंकड़े को और 14.2 ओवर में 200 रन के आंकड़े को पार कर लिया। दोनों ने इस दौरान चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 23 गेंद में पूरी कर ली। अंत में भारतीय टीम ने 15.2 ओवर में 209 रन के विजयी लक्ष्य को हासिल कर लिया। सूर्यकुमार यादव 82(37) रन बनाकर और शिवम दुबे 36(18) रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी, जैकब डफी और ईश सोढ़ी ने एक-एक विकेट चटकाया।
प्लेयर ऑफ द मैच:
32 गेंद में 76 रन की आतिशी पारी खेलने वाले ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।