क्रिकेट

IND vs NZ 2nd ODI, टीम इंडिया को न्यूजीलैंड ने दी दूसरे वनडे 7 विकेट से मात, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने मेजबान टीम इंडिया को राजकोट में खेले गए दूसरे वनडे में 7 विकेट से मात देकर तीन मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। जानिए कैसा रहा पहले एकदिवसीय मैच के पल पल का हाल।

IND vs NZ 2nd ODI Kal Ka Match Kaun Jeeta

भारत बनाम न्यूजीलैंड, दूसरा वनडे, कल का मैच कौन जीता

Photo : AP

माइकल ब्रेसवेल की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम शुभमन गिल की कप्तानी वाली मेजबान टीम इंडिया को राजकोट में बुधवार को सीरीज के दूसरे वनडे में 7 विकेट से पटखनी देकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल के शानदार शतक की बदौलत 7 विकेट पर 284 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में खेलने उतरी कीवी टीम खराब शुरुआत के बाद धमाकेदार वापसी करने में सफल रही। डेरिल मिचेल की नाबाद 131 रन की शतकीय पारी और विल यंग के 87 रन की बदौलत विजयी लक्ष्य को 47.3 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारतीय गेंदबाज कीवी बल्लेबाजों पर लगाम लगा पाने में सफल रहे। सीरीज दो मैच के बाद 1-1 की बराबरी पर आ गई है। तीसरा मैच रविवार 18 जनवरी, 2026 को इंदौर में खेला जाएगा। ऐसा रहा राजकोट में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले का हाल।

न्यूजीलैंड ने जीता टॉस:

राजकोट के निरंजन शाह क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

टीम इंडिया ने की धीमी शुरुआत

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत करने रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी उतरी। दोनों ने सधी हुई लेकिन सधे हुए अंदाज में शुरुआत की। दोनों ने 8.4 ओवर में टीम को 50 रन के पार पहुंचाया।

रोहित-गिल ने दिलाई भारत को अच्छी शुरुआत

टीम इंडिया ने 10 ओवर में टीम ने बगैर किसी नुकसान के 57 रन बना लिए थे। ऐसे में रन गति बढ़ाने की तेजी में रोहित शर्मा क्रिस्टन क्लार्क की गेंद पर विल यंग के हाथों लपके गए। रोहित ने 38 गेंद में 24 रन की पारी खेली। 70 के स्कोर पर पहला झटका 12.2 ओवर में भारत को लगा।

गिल ने जड़ा लगातार दूसरा अर्धशतक

रोहित शर्मा के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने विराट कोहली उतरे। विराट ने पहली ही गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला। दोनों ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। शुभमन गिल ने इसी दौरान 47 गेंद में 8 चौके और एक छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। दोनों तेजी से स्कोर को 99 रन तक ले गए। ऐसे में अर्धशतक पूरा करने के बाद शुभमन गिल काइल जैमिसन की गेंद पर डेरिल मिचेल के हाथों लपके गए। गिल 56(53) रन बनाकर आउट हुए।

भारत ने जल्दी-जल्दी गंवाए तीन विकेट

गिल के आउट होने के बाद विराट का साथ देने श्रेयस अय्यर आए। दोनों ने टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। पिछले मुकाबले में 49 रन की पारी खेलने वाले श्रेयस अय्यर 8 रन बनाकर क्लार्क की गेंद पर ब्रेसवेल के हाथों लपके गए। अय्यर के आउट होने के बाद विराट कोहली भी क्लार्क के अगले ओवर में बोल्ड हो गए। गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेते हुए स्टंप्स पर जा लगी। विराट 23(29) रन बनाकर पवेलियन लौटे।

118 रन पर टीम इंडिया ने गंवा दिए थे चार विकेट

118 रन पर 4 विकेट गंवाकर टीम इंडिया मुश्किल में नजर आने लगी। केएल राहुल और रवींद्र जडेजा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने स्कोर को आगे बढ़ाया और टीम को 150 रन के पार ले गए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 70 गेंद में पूरी कर ली। लेकिन 39वें ओवर की पहली गेंद पर ये साझेदारी टूट गई। 191 के स्कोर पर जडेजा का शानदार कैच ब्रेसवेल ने अपनी ही गेंद पर लपककर भारत को पांचवां झटका दिया। जडेजा 27(44) रन बना सके।

केएल राहुल बने संकट मोचक

जडेजा के आउट होने के बाद केएल राहुल के कंधों पर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी आ गई। उन्होंने एक छोर संभाला। दूसरे छोर पर उनका साथ देने नीतीश रेड्डी आए। दोनों ने मिलकर टीम को 200 रन के पार 40.1 ओवर में पहुंचा दिया। इससे पहले राहुल ने अपना अर्धशतक 52 गेंद में 6 चौके की मदद से पूरा कर लिया। दोनों ने छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 42 गेंद में पूरी कर ली। लेकिन 248 के स्कोर पर रेड्डी जैक फॉक्स की गेंद पर कैच दे बैठे।

राहुल के शतक की बदौलत भारत ने बनाए 284 रन

रेड्डी के आउट होने के बाद राहुल का साथ देने हर्षित राणा आए लेकिन वो भी 2 रन बनाकर डेब्यूटेंट लेनॉक्स का पहला शिकार बनकर पवेलियन लौट गए। अंत में राहुल ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने आतिशी अंदाज में अपना वनडे करियर का आठवां शतक 97 गेंद में 9 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। अंत में टीम इंडिया 50 ओवर में 7 विकेट पर 284 रन बना सकी। राहुल 92 गेंद में 112 और मोहम्मद सिराज 2(3) रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट क्रिस्टन क्लार्क ने लिए। वहीं एक-एक सफलता काइल जैमीसन, जैक फॉक्स, जेडन लेनॉक्स और कप्तान माइकल ब्रेसवेल को मिली।

खराब रही न्यूजीलैंड की शुरुआत

जीत के लिए 285 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत खराब रही। छठे ओवर में सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे हर्षित राणा की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 16(21) रन बनाए। इसके बाद हेनरी निकोल्स और विल यंग ने पारी को आगे बढ़ाया लेकिन निकोल्स भी 48 के स्कोर पर 10 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर बोल्ड हो गए।

मिचेल और यंग के बीच हुई शतकीय साझेदारी

48 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद विल यंग और डेरिल मिचेल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए टीम को 100 रन के पार 21.5 ओवर में पहुंचा दिया। इसके बाद डेरिल मिचेल ने 52 गेंद में 3 चौके और 2 छक्के की मदद से और विल यंग ने 68 गेंद में 3 चौके की मदद से अपना-अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 102 गेंद पर पूरी कर ली और टीम को 150 रन के पार पहुंचा दिया।

दोनों ने न्यूजीलैंड को पहुंचाया 200 के पार

दोनों के बीच साझेदारी आगे बढ़ती रही दोनों ने 137 गेंद में 150 रन की साझेदारी भी कर ली। इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम 36 ओवर में 200 रन के पार पहुंच गई। मिचेल और यंग दोनों शतक की ओर बढ़ रहे थे ऐसे में इस साझेदारी को कुलदीप यादव ने 38वें ओवर की आखिरी गेंद पर तोड़ दिया। विल यंग 87(98) रन बनाकर नीतीश रेड्डी के हाथों लपके गए। 208 रन पर तीसरा झटका कीवी टीम को लगा।

डेरिल मिचेल ने जड़ा शानदार शतक

यंग के पवेलियन लौटने के बाद एक डेरिल मिचेल संभाले रहे और उन्होंने अपना शतक 96 गेंद में 7 चौके और 2 छक्के जड़े। शतक पूरा करने के बाद डेरिल मिचेल ने तेजी से रन बनाए। दूसरे छोर पर ग्लेन फिलिप्स ने उनका साथ दिया। दोनों ने मिलकर 47.3 ओवर में न्यूजीलैंड को मैच में 7 विकेट से जीत दिला दी। मिचेल 131(117) और ग्लेन फिलिप्स 32(25) रन बनाकर नाबाद रहे। इस मैच में जीत के साथ 1-1 की बराबरी हो गई।

प्लेयर ऑफ द मैच:

डेरिल मिचेल को उनकी मैच जिताऊ शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article