who won yesterday IPL Match, 02 May, 2026 (कल का आईपीएल मैच कौन जीता) CSK vs MI kal ka IPL Match kaun jeeta: चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 8 विकेट के अंतर से मात देकर अपनी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को बरकरार रखा है। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियन्स 7 विकेट के नुकसान पर 159 रन बन सकी। नमन धीर ने मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 57 रन की पारी खेली। जीत के लिए 160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने रितुराज गायकवाड़ की 67(48) रन की नाबाद और कार्तिक शर्मा की 54(40) रन की नाबाद पारी की बदौलत 18.1 ओवर में हासिल कर लिया। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल।
मुंबई इंडियन्स ने जीता टॉस:
मुंबई इंडियन्स के कप्तान हार्दिक पांड्या ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
मुंबई की खराब रही शुरुआत:
चेन्नई के खिलाफ चेपॉक में पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियन्स के लिए पारी की शुरुआत करने विल जैक्स और रयान रिकेल्टन ने की। पारी के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर अंशुल कंबोज ने जैक्स को रामाकृष्णा घोष के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। जैक्स 1(5) रन बना सके।
रिकेल्टन की आतिशी पारी का नूर ने किया अंत
जैक्स के आउट होने के बाद मुंबई की पारी को रयान रिकेल्टन और नमन धीर ने संभाला। दोनों स्कोर को 5.2 ओवर में 50 रन के पार ले गए।पॉवरप्ले के समाप्त होने तक मुंबई ने 57 रन एक विकेट के नुकसान पर बना लिए थे। इसके बाद दोनों ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 24 गेंद में पूरी कर ली। इस साझेदारी में रिकेल्टन ने 33 और नमन धीर ने 19 रन का योगदान दिया। लेकिन 59 के स्कोर पर नूर अहमद ने रयान रिकेल्टन को उर्विल पटेल के हाथों कैच कराकर साझेदारी को तोड़ दिया। रिकेल्टन 37(24) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 5 छ्क्के जड़े।
सूर्या का फिर नहीं चला बल्ला
रिकेल्टन के आउट होने के बाद नमन धीर का साथ देने सूर्यकुमार यादव आए। दोनों मिलकर टीम को 99 रन तक ले गए। 11वें ओवर की चौथी गेंद पर सूर्यकुमार यादव रामकृष्णा घोष की गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस के हाथों लपके गए। सूर्या की नाकामी का सिलसिला जारी रहा। वो 21(12) रन बना सके। 99 रन पर मुंबई ने 3 विकेट गंवा दिए
नमन धीर ने जड़ा अर्धशतक
सूर्या के आउट होने के बाद नमन धीर को तिलक वर्मा का साथ मिला। लेकिन तिलक वर्मा 109 के स्कोर पर नूर अहमद की गेंद पर कैच दे बैठे। तिलक 5(8) रन बना सके। इसके बाद एक छोर थामे खड़े नमन धीर ने अपना अर्धशतक 34 गेंद में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। नमन का साथ दूसरे छोर पर हार्दिक पांड्या दे रहे थे। लेकिन 134 के स्कोर पर नमन धीर 57(37) रन बनाकर जैमी ओवरटन की गेंद पर लपके गए।
135 रन पर मुंबई ने गंवाए 5 विकेट
134 रन पर मुंबई ने पांच विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में मैदान पर कप्तान हार्दिक पांड्या मौजूद थे। उनका साथ देने रॉबिन मिंज आए। लेकिन मिंज 5(3) रन बनाकर कंबोज की गेंद पर बोल्ड हो गए। उसके बाद हार्दिक पांड्या भी 151 के स्कोर पर कंबोज की गेंद पर ब्रेविस के हाथों लपके गए। हार्दिक ने 18(23) रन बनाए। मुंबई ने अपनी पारी का अंत 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए। सीएसके के लिए अंशुल कंबोज ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं 2 विकेट नूर अहमद ने लिए। एक-एक सफलता रामाकृष्णा घोष और जैमी ओवरटन को मिली।
संजू सैमसन बने बुमराह का शिकार
जीत के लिए 160 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत खराब रही। दो शतक जड़ चुके संजू सैमसन 11(9) रन बनाकर बुमराह की गेंद पर विकेट के पीछे रयान रिकेल्टन के हाथों लपके गए। पहला विकेट गंवाने के बाद रुतुराज गायकवाड़ को उर्विल पटेल का साथ मिला। दोनों ने 4.6 ओवर में चेन्नई को 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉवरप्ले के समाप्त होने से पहले उर्विल पटेल को अल्लाह गजनफर ने बोल्ड कर दिया। उर्विल 24(12) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 2 छक्के जड़े।
कार्तिक शर्मा और रुतुराज ने पहुंचाया 100 के पार
उर्विल के आउट होने के बाद चेन्नई ने रुतुराज का साथ देने के लिए इम्पैक्ट सब के रूप में कार्तिक शर्मा को भेजा। दोनों ने पॉवरप्ले के अंत में सीएसके को 2 विकेट पर 62 रन तक पहुंचा दिया। इन दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए 9 ओवर में टीम को 85 रन तक पहुंचा दिया। दोनों ने 11.1 ओवर में टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। कार्तिक शर्मा और रुतुराज ने अर्धशतकीय साझेदारी 42 गेंद में पूरी कर ली। साझेदारी में गायकवाड़ ने 22 और कार्तिक ने 27 रन का योगदान दिया।
रुतुराज और कार्तिक ने दिलाऊ चेन्नई को जीत
इसके बाद रुतुराज गायकवाड़ ने अपना अर्धशतक23 गेंद में 2 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। 15 ओवर में सीएसके ने 2 विकेट पर 129 रन बना लिए थे। रुतुराज और कार्तिक ने 16.5 ओवर में 150 रन के पार सीएसके को पहुंचा दिया। इसके बाद कार्तिक शर्मा ने अपना पहला अर्धशतक 39 गेंद में 3 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद चेन्नई ने 18.1 ओवर में विजयी लक्ष्य को हासिल कर लिया। गायकवाड़ 67(48) और कार्तिक शर्मा 54(40) रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच 98* (75) रन की नाबाद साझेदारी हुई। मुंबई के लिए एक-एक विकेट जसप्रीत बुमराह और अल्लाह गजनफर के खाते में गया।
प्लेऑफ से बाहर हुई मुंबई!
ये सीएसके की सीजन में चौथी जीत है। इस मुकाबले में जीत के साथ सीएसके ने अपनी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को बरकरार रखा है। वहीं मुंबई की 9 मैच में 7वीं हार के साथ प्लेऑफ में एंट्री के अरमान चकनाचूर हो चुके हैं। अब केवल चमत्कार ही मुंबई को प्लेऑफ में पहुंचा सकता है।
प्लेयर ऑफ द मैच:
रुतुराज गायकवाड़ को उनकी 67(48) रन की नाबाद कप्तानी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें MI Vs PBKS Today IPL Match छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
