क्रिकेट

खास क्लब में शामिल हुए बाबर आजम, तोड़ दिया इंजमाम उल हक और यूनुस खान का रिकॉर्ड

श्रीलंका के खिलाफ ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम ने अंतरराष्ट्रीय करियर में 16,000 रन पूरे कर लिए हैं। वह ऐसे करने वाले पाकिस्तान के 5वें बल्लेबाज बन गए हैं।

Image

बाबर आजम (साभार-X)

श्रीलंका के खिलाफ ट्राई सीरीज मुकाबले में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम भले ही अपने वनडे करियर का 39वां अर्धशतक लगाने से चूक गए, लेकिन 45 रन की अपनी इस पारी के दम पर वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 16,000 क्लब में शामिल हो गए। बाबर 57 गेंद में 45 रन की पारी खेलकर आउट हुए। वह पाकिस्तान की ओर से 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले 5वें बल्लेबाज बने। अब बाबर के नाम 399 मैच में 16,038 रन हो गए हैं।

तीसरे सबसे तेज पाकिस्तानी

बाबर आजम ने 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन का आंकड़ा 399वें पारी में हासिल किया। वह 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस मामले में इंजमाम उल हक और यूनुस खान को पीछे छोड़ दिया। इंजमाम ने 432 पारी जबकि यूनुस खान ने 449 पारी में 16,000 रन पूरे किए थे। पाकिस्तान की ओर से सबसे तेज 16,000 रन का रिकॉर्ड मोहम्मद यूसुफ के नाम है। उन्होंने 388 पारी में यह आंकड़ा पार किया था।

टी20 में सबसे सफल हैं बाबर

बाबर आजम टी20 फॉर्मेट के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उनके नाम 145 मैच के 136 पारी में 4,596 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 39 अर्धशतक जड़े हैं। बाबर ने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ यह आंकड़ा हासिल किया था। हालांकि, वह लंबे वक्त से इस फॉर्मेट का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 24 फरवरी 2024 को इंग्लैंड के खिलाफ खेला था।

मैच की बात करें तो ट्राई सीरीज का यह पहला मुकाबला था, जिसमें श्रीलंका के कप्तान ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान की ओर से इस मुकाबले में सलमान आगा ने अर्धशतकीय पारी खेली। पाकिस्तान ने 40 ओवर के खेल तक 5 विकेट के नुकसान पर 239 रन बना लिए हैं। इसके अलावा विकेटकीपर साद बेग ने 39 रन की पारी खेली।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article