क्रिकेट

Who Won Yesterday IPL Match (28 April, 2024): कल का मैच कौन जीता? CSK vs SRH, चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल 2024 के 46वें मैच में चेन्नई ने मारी बाजी, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

Chennai Super Kings vs Sunrisers Hyderabad, Who Won Yesterday IPL Match: इंडियन प्रीमियर लीग के शनिवार शाम खेले गए 46वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को अपने घर पर पटखनी देकर चेपॉक में अपना दबदबा बरकरार रहा है। जानिए कैसा रहा चेन्नई-हैदराबाद मैच में भिड़ंत का हाल?

Image

एमएस धोनी और पैट कमिंस(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को दी 78 रन से मात
  • लगातार दूसरे मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए बिखरा हैदराबाद का टॉप ऑर्डर
  • पांचवीं जीत के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पहुंची प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर

CSK vs SRH, Who Won Yesterday IPL Match, कल का मैच कौन जीता?: इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन के रविवार (28 अप्रैल, 2024) शाम को खेले गए सीजन के 46वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को मात देकर चेपॉक में अपना दबदबा बरकरार रखा है। मैच में हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इस फैसले को सीएसके ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 212 रन का स्कोर खड़ा करके गलत साबित कर दिया। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 98 रन की पारी खेलकर टीम को बड़े लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। उनका साथ डेरिल मिचेल ने 52 और शिवम दुबे ने 39 रन की पारी खेलकर दिया। जीत के लिए 213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद के टॉप ऑर्डर एक बार फिर धराशाई हो गया। तुषार देशपांडे ने अपने पहले दो ओवर में ट्रेविस हेड, अनमोलप्रीत सिंह और अभिषेक शर्मा के विकेट चटकाकर मैच का रुख चेन्नई के पाले में कर दिया। इसके बाद हैदराबाद की टीम वापसी नहीं कर सकी और मैच 78 रन के बड़े अंतर से गंवा दिया।

सनराइजर्स हैदराबाद ने जीता टॉस:

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

चेन्नई को जल्दी लगा पहला झटका:

पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पारी की शुरुआत अजिंक्य रहाणे और रुतुराज गायकवाड़ की जोड़ी ने किया। पारी के तीसरे ओवर में रहाणे 9(12)रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर शाहबाद अहमद के हाथों लपके गए।

रुतुराज-मिचेल ने संभाला मोर्चा: '

पहला विकेट जल्दी गंवाने के बाद रुतुराज गायकवाड़ ने प्रमोट करके ऊपर बल्लेबाजी करने आए डेरिल मिचेल के साथ पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर टीम को 5.3 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया। पॉवरप्ले में सीएसके 1 विकेट के नुकसान पर 50 रन बना सकी।

गायकवाड़ ने जड़ा आतिशी पचासा

दोनों ने पारी को आगे बढ़ाते हुए दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 32 गेंद में पूरी की। इसके बाद गायकवाड़ ने 27 गेंद में 7 चौके और 1 छक्के की मदद से अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया और चेन्नई को 10.5 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 58 गेंद में पूरी की।

मिचेल ने जड़ा आईपीएल में पहला अर्धशतक

डेरिल मिचेल ने इसके बाद अपना अर्धशतक 29 गेंद में 7 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। लेकिन 52(32) रन बनाने के बाद जयदेव उनादकट की गेंद पर नीतीश कुमार रेड्डी के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और एक छक्का जड़ा। दोनों के बीच 107 (64) रन की साझेदारी हुई।

दुबे ने फिर मचाया बल्ले से धमाल

मिचेल के आउट होने के बाद कप्तान रुतुराज का साथ देने शिवम दुबे उतरे। दोनों ने कहर बरपाते हुए हैदराबाद के गेंदबाजों के छक्के छुड़ाते हुए 15.2 ओवर में चेन्नई को 150 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 21 गेंद में पूरी हो गई। दोनों ने चेन्नई को 18.5 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया।

शतक से चूके रुतुराज, दुबे रहे नाबाद

इसके बाद 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में रुतुराज 98 रन बनाकर कैच दे बैठे और लगातार दूसरा शतक जड़ने से चूक गए। नटराजन की गेंद पर रेड्डी ने उनका कैच पकड़ा। तीसरे विकेट के लिए दोनों के बीच 35 गेंद में 74 रन की साझेदारी हुई। अंतिम चार गेंद के लिए मैदान पर एमएस धोनी उतरे और शिवम दुबे के साथ मिलकर चेन्नई को 10 ओवर में 3 विकेट पर 212 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। धोनी 2 गेंद 5 और शिवम दुबे 20 गेंद में 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

तुषार देशपांडे ने शुरुआत में ही तोड़ी हैदराबाद की कमर

जीत के लिए 213 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को जीत दिलाने की अहम जिम्मेदारी ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी पर थी। लेकिन दूसरे ओवर में तुषार देशपांडे ने लगातार दो गेंद पर ट्रेविस हेड(13) और अनमोलप्रीत सिंह(0) को आउट करके हैदराबाद को बैकफुट पर धकेल दिया। ऐसे में हैदराबाद का स्कोर 2 ओवर में 2 विकेट पर 21 रन हो गया। तुषार की विकेटों की भूख यहीं नहीं थमी उन्होंने अपने दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर अभिषेक शर्मा को भी मोईन अली के हाथों कैच कराकर हैदराबाद को तीसरा झटका दिया और बैकफुट पर धकेल दिया।

मार्करम-नीतीश ने पहुंचाया 50 रन के पार

40 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद हैदाराबाद के ऊपर हार का खतरा मंडराने लगा। ऐसे में एडेन मार्करम ने नीतीश कुमार रेड्डी के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने 5.3 ओवर में टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉवरप्ले में हैदराबाद ने 3 विकेट पर 53 रन बना लिए थे। इसके बाद दोनों की साझेदारी आगे बढ़ रही थी लेकिन रवींद्र जडेजा ने नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर चौथा झटका हैदराबाद को नीतीश रेड्डी के रूप में दिया। नीतीश विकेट के पीछे धोनी के हाथों लपके गए। उन्होंने 15(15) रन बनाए और चौथे विकेट के लिए मार्करम के साथ 32(31) रन की साझेदारी की।

पथिरान ने बिखेरी मार्करम की गिल्लियां

रेड्डी के आउट होने के बाद मार्करम और हेनरिक क्लासेन ने पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन 85 के स्कोर पर पथिराना मार्करम को बोल्ड करके हैदराबाद को पांचवां झटका दे दिया। मार्करम ने 32(26) रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अब्दुल समद ने क्लासेन का साथ दिया और टीम को 100 रन के पार 12.3 ओवर में पहुंचा दिया और जीत की आशा को जीवित किया लेकिन पथिराना ने एक बार फिर कहर बरपाते हुए क्लासेन को डेरिल मिचेल के हाथों कैच करा दिया और इसके साथ ही हैदराबाद की जीत की संभावनाएं धूमिल हो गईं। 15.5 ओवर में हैदराबाद का स्कोर 6 विकेट पर 117 रन हो गया।

ताश के पत्तों की तरह बिखरे पुछल्ले बल्लेबाज

इसके बाद तो विकेटों की झड़ी लग गई। समद 19(18), पैट कमिंस 5(7) और शाहबाज अहमद 7(5) रन बनाकर आउट हो गए। अंतिम विकेट जयदेव उनादकट के रूप में गिरा। जिन्हें मुस्तफिजुर रहमान ने मोईन अली के हाथों कैच कराया। मार्करम हैदराबाद के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। तुषार देशपांडे चेन्नई के सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने 27 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं दो-दो विकेट मथिसा पथिराना और मुस्तफिजुर रहमान ने अपनी झोली में डाले। एक-एक सफलता रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर को मिली। चेन्नई ने हैदराबाद को 134 रन पर ढेर करके 78 रन के बड़े अंतर से जीत अपने नाम की।

रुतुराज बने प्लेयर ऑफ द मैच:

रुतुराज गायकवाड़ को उनकी 98 रन की शानदार कप्तानी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article