दिल्ली ने आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 4 रन से हरा दिया। गुजरात को आखिरी ओवर में 19 रन की दरकार थी, लेकिन मुकेश कुमार के सामने राशिद खान 15 रन ही बना पाए और इस तरह दिल्ली ने यह मुकाबला जीत लिया। यह इस सीजन में गुजरात के खिलाफ दिल्ली की दूसरी जीत थी। गुजरात की ओर डेविड मिलर ने 23 गेंद में 55 और साई सुदर्शन ने 39 गेंद में 65 रन की पारी खेली। इसके बावजूद टीम जीत दर्ज नहीं कर पाई और एक बार फिर गुजरात टाइटंस को निराशा हाथ लगी।
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत की 43 गेंद में 88 और अक्षर पटेल की 43 गेंद में 66 रन की पारी के दम पर 4 विकेट के नुकसान पर 224 रन बनाए। गुजरात की ओर से मोहित शर्मा ने आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा स्पेल डाला और 4 ओवर में 73 रन लुटाए।
गुजरात टाइटंस ने जीता टॉस
अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉ़स जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गुजरात टाइटंस ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया जबकि दिल्ली दो बदलाव के साथ उतरी। दिल्ली ने वार्नर और ललित यादव की जगह शाई होप और सुमित कुमार को प्लेइंग-11 मौका दिया।
दिल्ली की खराब शुरुआत
दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वॉर्नर की अनुपस्थिति में जैक फ्रेजर मैकगर्क और पृथ्वी शॉ ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने 20 गेंद में पहले विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की। मैकगर्क 14 गेंद में 23 रन बनाकर संदीप वॉरियर की गेंद पर नूर अहमद को कैच दे बैठे। अभी टीम के स्कोर में एक ही रन जुड़े थे कि 7 गेंद में 11 रन बनाकर पृथ्वी शॉ भी आउट हो गए। उनका कैच भी नूर अहमद ने ही पकड़ा।
पंत और अक्षर पटेल ने संभाला
44 रन के स्कोर पर 3 विकेट खो चुकी दिल्ली कैपिटल्स को अक्षर पटेल और ऋषभ पंत ने संभाला। दोनों ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए 68 गेंद में 113 रन की साझेदारी की और दिल्ली को मुश्किल परिस्थिति से निकाल लिया। इस दौरान अक्षर पटेल ने 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 43 गेंद में नाबाद 66 रन की पारी खेली।
पंत ने लगाई गुजराती गेंदबाजों की क्लास
अक्षर पटेल के आउट होने के बाद भी पंत का बल्ला शांत नहीं हुआ और उन्होंने तेजी से रन बनाना जारी रखा। ट्रिस्टन स्टब्स के साथ उन्होंने 18 गेंद में 67 रन जोड़े। इस दौरान पंत ने मोहित शर्मा के आखिरी ओवर में 31 रन बनाए। उन्होंने 5 चौकों और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 88 रन बनाए।
मोहित शर्मा के नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड
मोहित शर्मा ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 73 रन खर्च किए जो आईपीएल इतिहास की किसी एक पारी में दिया गया सर्वाधिक रन है। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज बासिल थंपी को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने साल 2018 में आरसीबी के खिलाफ मैच में 70 रन लुटाए थे।
दिल्ली ने बनाए 4 विकेट पर 224 रन
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने आखिरी 5 ओवर में 96 रन बनाए और अपनी टीम के स्कोर को 4 विकेट के नुकसान पर 224 तक पहुंचा दिया और गुजरात के सामने 225 रन का लक्ष्य रखा। ट्रिस्टन स्टब्स ने 7 गेंद में 26 रन बनाए।
गुजरात टाइटंस की खराब शुरुआत
225 रन के लक्ष्य का पीछा करन उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत खराब रही। गुजरात को 13 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा जब कप्तान शुभमन गिल 5 गेंद में 6 रन बनाकर ऑनरित नॉर्खिया का शिकार बने।
साई सुदर्शन और साहा ने कराई वापसी
शुरुआती विकेट जल्दी खोने के बाद रिद्धिमान साहा और बी साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए ..रन की साझेदारी की और गुजरात की मैच में वापसी कराई। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की।
साई सुदर्शन की अर्धशतकीय पारी
दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में भी साई सुदर्शन का शानदार प्रदर्शन जारी रहा और उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली। सुदर्शन ने 39 गेंद में 65 रन की पारी खेली और गुजरात को मैच में जीवित रखा।
डेविड मिलर की आतिशी पारी
साई सुदर्शन के आउट होने के बाद डेविड मिलर ने मोर्चा संभाला और दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने ऑनरिक नॉर्खिया के एक ओवर में 24 रन बटोरे। हालांकि, वह मैच को फिनिश नहीं कर पाए और 23 गेंद में 55 रन बनाकर आउट हो गए।
आखिरी ओवर में चला करामाती खान का बल्ला
आखिरी ओवर में गुजरात को जीत के लिए 19 रन बनाने थे और मोर्चा संभाला करामाती खिलाड़ी राशिद खान ने, उन्होंने मुकेश कुमार के इस ओवर में 2 चौके और 1 छक्के सहित 15 रन बटोरे, लेकिन दिल्ली ने यह मुकाबला 4 रन से अपने नाम कर लिया। राशिद 11 गेंद में 21 रन बनाकर नाबाद रहे।
