क्रिकेट

गुजरात टाइटन्स ने दी सनराइजर्स हैदराबाद को मात, देखें मैच हाईलाइट्स और सभी डिटेल्स

गुजरात टाइटन्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 38 रन के अंतर से मात देकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

Image

गुजरात टाइटन्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद कल का मैच कौन जीता

अहमदाबाद, दो मई (भाषा) शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर की तिकड़ी की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद प्रसिद्ध कृष्णा (19 रन पर दो विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से गुजरात टाइटंस ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 38 रन से हराकर प्ले ऑफ की तरफ मजबूत कदम बढा दिये।

186 रन पर खत्म हुई हैदराबाद की पारी

गुजरात टाइटंस ने छह विकेट पर 224 रन बनाने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की पारी को छह विकेट पर 186 रन पर रोक दिया। इस जीत के साथ ही टाइटंस की टीम अंक तालिका में 10 मैचों में सातवीं जीत के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गयी जबकि सनराइजर्स के लिए प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गयी। टीम की यह 10 मैचों में सातवीं हार है और वह छह अंक के साथ तालिका में नौवें स्थान पर है।

अभिषेक शर्मा को नहीं मिला दूसरे छोर से साथ

टाइटंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच कृष्णा के साथ मोहम्मद सिराज ने भी दो विकेट चटकाये। इशांत शर्मा और जेराल्ड कोएत्जी को एक-एक सफलता मिली। सनराइजर्स के लिए अभिषेक शर्मा ने 38 गेंद में 76 रन बनाये लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी का कारगर साथ नहीं मिला।

टाइटन्स को सुदर्शन-गिल ने दी शानदार शुरुआत

टाइटंस के कप्तान गिल ने 38 गेंद में 76 रन बनाये जबकि सुदर्शन ने 23 गेंद में 48 रन की पारी खेल उनके साथ 6.5 ओवर में पहले विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी के साथ टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई। गिल ने अपनी पारी में 10 चौके और दो छक्के तो वहीं सुदर्शन ने 23 नौ शानदार चौके लगाये। इसके बाद क्रीज पर आये बटलर ने 37 गेंद में तीन चौके और चार छक्के की मदद में 64 रन बनाकर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया।

उनादकट ने चटकाए हैदराबाद के लिए तीन विकेट

सनराइजर्स के लिए जयदेव उनादकट ने 35 रन देकर तीन विकेट लिये। उन्हें तीनों सफलता 20वें ओवर में मिली जिसमें उन्होंने 12 रन खर्च किये।

तेज शुरुआत के बाद लड़खड़ाया हैदराबाद

लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक ने सिराज और इशांत के खिलाफ छक्के लगाकर आक्रामक तेवर दिखाये। दूसर छोर से ट्रेविस हेड (20) ने पहले और तीसरे ओवर में सिराज की गेंद पर चौके बटोरे। हेड ने कृष्णा की गेंद पर चौका लगाया लेकिन अगली गेंद पर चकमा खा गये। राशिद ने डीप मिडविकेट पर पीछे की तरफ दौड़ते हुए डाइव लगाते हुए शानदार कैच लपका। इशान किशन ने क्रीज पर आते ही एक रन के साथ खाता खोल टीम का अर्धशतक पूरा किया। सिराज के खिलाफ अभिषेक के चौके के बावजूद सनराइजर्स की टीम पावरप्ले में एक विकेट पर 57 रन तक पहुंच सकी।

ईशान किशन का फिर नहीं चला बल्ला

किशन तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे। उनकी 17 गेंद में 13 रन की पारी का अंत गेराल्ड कोएत्जी की गेंद पर कृष्णा ने कैच कर किया। टाइटंस के लिए कोएत्जी का यह पहला आईपीएल विकेट रहा। जरूरी रन गति के 14 तक पहुंचने के बाद अभिषेक ने राशिद के खिलाफ 10वें ओवर में दो छक्के के साथ टीम के 100 रन पूरे किये और फिर कोएत्जी की गेंद को दर्शकों के पास भेज कर 28 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने राशिद के अगले ओवर में भी लगातार गेंदों पर चौका और छक्का लगाया। कृष्णा की गेंद पर अभिषेक के खिलाफ पगबाधा की अपील को मैदानी अंपायर के द्वारा खारिज करने के बाद गिल ने रिव्यू लिया। तीसरे अंपायर ने मैदानी अंपायर के फैसले को बरकरार रखा जिसके बाद गिल को अंपायर के साथ बहस करते देखा गया। इस वजह से खेल में थोड़ी रुकावट भी आई।

इशांत शर्मा ने खत्म की अभिषेक शर्मा की पारी

टाइमआउट के बाद इशांत के खिलाफ दो चौके लगे लेकिन इस अनुभवी गेंदबाज ने अभिषेक को पवेलियन की राह दिखाकर मैच के रूख को टाइटंस की तरफ मोड़ दिया। अगले ओवर में क्लासेन, कृष्णा की गेंद को बटलर की हाथों में खेल गये जिससे सनराइजर्स की बची-खुची उम्मीदों को भी बड़ा झटका लगा। सिराज ने अपने कोटे के आखिरी ओवर में लगातार गेंदों पर अनिकेत शर्मा (तीन), कामिंदु मेंडिस (शून्य) को आउट किया। कप्तान कमिंस (नाबाद 19) ने 19वें ओवर में राशिद के खिलाफ एक तो वहीं नीतीश कुमार रेड्डी (नाबाद 21) ने दो छक्के लगाकर हार के अंतर को कुछ कम किया। आखिरी ओवर में इशांत के चोटिल होने के बाद साई किशोर ने बची हुई चार गेंद को डाल कर औपचारिकता पूरी की।

गिल ने दिलाई गुजरात को आतिशी शुरुआत

इससे पहले गिल ने मोहम्मद शमी के खिलाफ शुरुआती ओवर में शानदार फ्लिक पर छक्का लगाया जबकि सुदर्शन ने इस गेंदबाज के अगले ओवर में पांच चौके जड़कर 20 रन बटोरे। कमिंस चौथे ओवर में खुद गेंदबाजी के लिए आये लेकिन गिल ने लगातार दो चौके से उनका स्वागत किया। आखिरी गेंद पर मिडविकेट के ऊपर से छक्का लगाकर ओवर से 17 रन जुटाते हुए टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।

जीशान ने दिलाई हैदराबाद को पहली सफलता

दोनों ने आक्रामक तेवर जारी रखा। सुदर्शन ने हर्षल के ओवर में चार चौके लगा दिये तो वही गिल ने उनादकट की लगातार गेंदों को बाउंड्री के पार भेजा जिससे पावरप्ले में टीम ने बिना किसी नुकसान के 82 रन बना लिये। दोनों ने कलात्मक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए बिना जोखिम लिये रन बनाये। पावरप्ले के बाद गेंदबाजी के लिए लेग स्पिनर जीशान अंसारी ने हैदराबाद की टीम को पहली सफलता दिलायी। उन्होंने सुदर्शन को विकेट के पीछे क्लासेन के हाथों कैच कराया। गिल ने इसके बाद बटलर के साथ तेजी से रन बनाना जारी रखा। उन्होंने कवर क्षेत्र में शानदार ड्राइव के साथ 25 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

बटलर ने जड़ा अर्धशतक, आईपीएल में पूरे किए 4 हजार रन

बटलर भी अच्छी फॉर्म में दिखे और उन्होंने अंसारी की गेंद पर सीधा छक्का जड़ा और तीन गेंद बाद इंग्लैंड के इस खिलाड़ी ने आईपीएल में 4000 रन पूरे कर लिए। कप्तान कमिंस ने इसके बाद हर्षल की धीमी गेंद पर गिल का कैच टपकाकर सनराइजर्स के लिए चीजों को और मुश्किल बना दिया। गिल इस समय 66 रन पर खेल रहे थे। गिल हालांकि इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे और हर्षल के शानदार थ्रो पर रन आउट हो गये। गिल के आउट होने के बाद बटलर ने बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया।

मैन ऑफ द मैच:

तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article