स्पोर्ट्स

BWF वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में भारत के जगशेर सिंह खंगुरा ने मेडल पक्का किया

Jagsher Singh Assures Medal In BWF World Junior Championship: भारत के जगशेर सिंह खंगुरा ने काहिरा में जारी बैडमिंटन वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के युआन-स्यु जुआंग को एक रोमांचक मुकाबले में हराकर अपने लिए एक मेडल पक्का कर लिया है।

Image

जगशेर सिंह खंगुरा (BAI)

भारत के जगशेर सिंह खंगुरा ने गुरुवार को यहां बैडमिंटन वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के युआन-स्यु जुआंग को एक रोमांचक मुकाबले में हराकर अपने लिए एक मेडल पक्का कर लिया है। काहिरा इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में, खंगुरा ने दूसरे गेम में एक मैच पॉइंट बचाया और अंततः 6-15, 17-15, 15-12 से जीत हासिल की।

पंजाब के इस शटलर ने इससे पहले गुरुवार को प्री-क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के ली कियान चोंग को 15-8, 15-8 से हराया था। मैच के बाद उन्होंने कहा, "इस अहसास को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। भारत के लिए मेडल जीतना वाकई बहुत शानदार है। मैं इसे शब्दों में नहीं बता सकता। पिछले 5-6 सालों से मैं वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में खेलने का सपना देख रहा था। अब मैंने एक मेडल तो पक्का कर लिया है, लेकिन मुझे गोल्ड की उम्मीद है।"

खंगुरा, जो पिछले दो सालों से बेंगलुरु के 'सेंटर फॉर बैडमिंटन एक्सीलेंस' में ट्रेनिंग ले रहे हैं, शुक्रवार को फाइनल में जगह बनाने के लिए इंडोनेशिया के रादित्या बायु वर्धना का सामना करेंगे। सागर चोपड़ा और मुनिरामू जी की देखरेख में ट्रेनिंग लेने वाले खंगुरा ने मैच के बारे में कहा, "यह मेरी पहली वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप है। वह वाकई बहुत अच्छा खिलाड़ी है, उसके स्मैश बहुत शानदार हैं। पहले सेट में उन्होंने मुझे पूरी तरह पछाड़ दिया, ऐसा लगा जैसे मेरा खेल पर कोई कंट्रोल ही नहीं था। लेकिन दूसरे सेट में मैंने खुद से कहा कि यह क्वार्टर-फाइनल मैच है। मुझे भारत के लिए और अपने माता-पिता के लिए खेलना है। इससे मुझे बहुत हौसला मिला और मैंने बस यही सोचा कि मुझे हर शटल वापस करनी है। मैं कोई भी शटल नहीं छोड़ूंगा।"

इस भारतीय खिलाड़ी ने राउंड ऑफ 32 में थाईलैंड के 22वें सीड खिलाड़ी पुन्नातात प्रेमपुनपोंग को हराया था। इससे पहले के राउंड में उन्होंने मॉरीशस के प्रणव भौगीरोथी और अल्जीरिया के मोहम्मद रयान बौफेनिचे को भी मात दी थी। खांगुरा, जो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में छह मेडल जीत चुके हैं, ने कहा कि उन्हें अपनी ताकत (पावर) पर काम करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि अकादमी में लक्ष्य सेन को ट्रेनिंग करते देखना उनके लिए एक बहुत अच्छी सीख रही है।

"मैंने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के कई मैच देखे हैं, जिनमें भारत के लक्ष्य सेन भी शामिल हैं। वह भी यहीं ट्रेनिंग करते हैं। मैं उन्हें खेलते हुए देखता हूं; वह वाकई बहुत अच्छे हैं। उन्हें शटल को सही जगह (प्लेसमेंट) पर मारना भी पसंद है।"

भारत ने अब तक एक गोल्ड, पांच सिल्वर और छह ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। शाइना मणिमुथु के पास भी गर्ल्स सिंगल्स कैटेगरी में भारत के लिए एक मेडल पक्का करने का मौका था, लेकिन एशियन U-17 सिल्वर मेडलिस्ट शाइना को क्वार्टर-फाइनल में चीन की यी किंग यिन के हाथों 5-15, 8-15 से हार का सामना करना पड़ा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article