Who is Kashvee Gautam: चंडीगढ़ की 20 वर्षीय महिला क्रिकेटर काशवी गौतम ने मैदान के बाद विमेंस प्रीमियर लीग में भी इतिहास रच दिया है। तेज गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी करने वाली काशवी को गुजरात जायंट्स ने बेस प्राइज की 20 गुना यानी 2 करोड़ की मोटी कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया है। एक अनकैप्ड भारतीय प्लेयर पर दांव लगाने पर हर किसी को आश्चर्य हो रहा है लेकिन महिला क्रिकेट पर पैनी नजर रखने वालों को कीशवी को मिली कीमत पर कोई अचरज नहीं हुआ।
अरुणाचल के खिलाफ चटकाए थे 10 विकेट
तीन साल पहले चंडीगढ़ की अंडर-19 टीम की कप्तान रहीं काशवी गौतम ने वनडे फॉर्मेट में अरुणाचल प्रदेश की टीम के खिलाफ कहर बरपाते हुए पारी के सभी 10 विकेट अपने नाम करके इतिहास रचा था। उन्होंने 4.5 ओवर में 12 रन देकर 10 विकेट झटके थे और पहली बार सुर्खियां बटोरी थीं। तीन साल के अंतराल में काशवी ने अपनी गेंदबाजी में जमकर काम किया और इंडिया-ए के लिए खेलते हुए धमाल मचाया। ऐसे में डब्लूपीएल के दूसरे सीजन के लिए हुई नीलामी में उन्होंने धमाल मचाते हुए सीजन की सबसे मंहगी भारतीय खिलाड़ी होने का रिकॉर्ड बनाया। एनाबेल सदरलैंड के साथ साझा रूप से काशवी दूसरे सीजन में नीलाम होने वाली सबसे महंगी खिलाड़ी बनीं।
मध्यम तेज गेंदबाज हैं काशवी
काशवी मूल रूप से मध्यम तेज गेंदबाज हैं इसके अलावा वो निचले क्रम पर बल्लेबाजी भी करती हैं। ऐसे में गुजरात जायंट्स की टीम ने काशवी पर भरोसा जताया और 20 साल की खिलाड़ी पर 2 करोड़ का तगड़ा दांव खेल दिया। टी20 में टी20 में अपनी सटीक तेज गेंदबाजी के दम पर हैट्रिक ले चुकी हैं। ऐसे में गेंदबाजी ही उनकी सबसे मजबूत पक्ष है और उनके इसी पक्ष पर गुजरात की टीम ने भरोसा जताया है। उनकी बल्लेबाजी की काबीलियत टीम के लिए बोनस है।
13 साल की उम्र में हुई थी क्रिकेट की शुरआत
नीलामी में 2 करोड़ रुपये में नीलाम होने के बाद काशवी के माता-पिता ने बताया कि उनकी बेटी ने 13 साल की उम्र में क्रिकेट को गंभीरता से लेते हुए क्रिकेटर बनने का सपना देखा था। आज जो हुआ है वो काशवी की कड़ी मेहनत का नतीजा है। माता पिता चाहते हैं कि उनकी बेटी एक दिन नीली जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करे। ये हर क्रिकेटर का सपना होता है।
