कैनबरा: भारत में जन्में ऑलराउंडर निखिल चौधरी को बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है। भारत में पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेल चुके 30 वर्षीय निखिल चौधरी को पहली बार ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है। उन्हें ट्रेविस हेड की जगह टीम में जगह मिली है। हेड को सीरीज के लिए आराम दिया गया है। वर्तमान में बिग बैश लीग में होबार्ट हरिकेन के लिए खेलते हैं। डिवीजन, घरेलू क्रिकेट और बिग बैश लीग में धमाकेदार प्रदर्शन का ईनाम निखिल को मिला है।
कोविड-19 महामारी बनी वरदान
निखिल की सफलता की कहानी बेहद रोचक है। साल 2017 से 2019 तक पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेल चुके निखल के लिए कोविड 19 महामारी वरदान साबित हुई। महामारी के दौरान वो भारत से ऑस्ट्रेलिया गए और वहीं के हो गए। वहां घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई। कोविड-19 महामारी के कारण अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बंद होने से पहले साल 2020 में निखिल अपने परिवार से मिलने ऑस्ट्रेलिया गए थे और फिर वहीं रुक गए और तब से ग्रेड क्रिकेट, स्टेट क्रिकेट और बिग बैश लीग के जरिए उन्होंने अपनी पहचान बनाई और अब अंतत: ऑस्ट्रेलियाई टीम में एंट्री करने में सफल हुए।
बिग बैश लीग में प्रदर्शन ने दिलाई पहचान
निखिल को सबसे ज्यादा सफलता बिग बैश लीग में होबार्ट हरिकेंस के लिए खेलते हुए हासिल की। उन्होंने हरिकेंस के लिए तीन सीजन खेले और साल 2024-25 में टीम की खिताबी जीत में अहम भूमिका अदा की। उन्होंने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। घरेलू क्रिकेट में तस्मानिया के लिए भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और उसे मौजूदा सीजन में भी जारी रखा। हाल ही में शेफील्ड शील्ड में अपना पहला शतक जड़कर अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर को उन्होंने नई ऊंचाई दी और पहली बार पारी में पांच विकेट भी चटकाकर बड़े मौकों के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की।
चयनकर्ताओं की थी लंबे समय से नज़र
ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता टोनी डेडमेड ने कहा, चौधरी कुछ समय से राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजर में थे, हालिया व्हाइट बॉल टूर से पहले उन्होंने टीम के साथ अभ्यास भी किया था। निखिल पाकिस्तान और बांग्लादेश दौरे के लिए टीम के स्टैंडबाय खिलाड़ी भी थे। चयनकर्ता उन्के बीबीएल में प्रदर्शन से खासा प्रभावित रहा। उन्हें बांग्लादेश दौरे पर अच्छा अनुभव मिलेगा और वो पहले टी20आई में प्लेइंग-11 में चुने जाने की दौड़ में शामिल होंगे।
ऑस्ट्रेलियाई नागरिक बने बगैर खेलेंगे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट
निखिल चौधरी ऑस्ट्रेलियाई नागरिक नहीं होने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने को तैयार हैं। आईसीसी के नियमों के तहत निखिल ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने के योग्य हैं। आईसीसी के नियमों के मुताबिक एक देश में पांच साल रहने का जरूरी समय पूरा कर लिया है। उनका अस्थाई वीजा 2027 तक वैध है। निखिल चौधरी की ऑस्ट्रेलियाई टीम में एंट्री करके खास उपलब्धि भी हासिल कर ली है। ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले भारत में जन्मे आखिरी पुरुष क्रिकेटर लेग स्पिनर रेक्स सेलर्स थे, जिन्होंने कोलकाता में अपना एकमात्र टेस्ट खेला था। पुणे में जन्मीं ऑस्ट्रेलिया की पूर्व महिला कप्तान लिसा स्थालेकर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 187 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: राहुल द्रविड़ के लिए बड़ी खुशखबरी, छोटे बेटे का भारतीय टीम में हुआ सेलेक्शन
बीबीएल में ऐसा रहा है प्रदर्शन
निखिल चौधरी ने बिग बैश लीग में खेले तीन सीजन में 32 मैच की 27 पारी में 26.75 के औसत और 142 के स्ट्राइक रेट से 693 रन बनाए हैं। इसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। इसी दौरान उन्होंने 9 विकेट भी अपनी झोली में 38.77 के औसत और 7.12 की इकोनॉमी से डाले हैं। 26 रन देकर 2 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
दिल्ली में जन्मे पंजाब के लिए खेले
4 मई, 1996 को दिल्ली में जन्मे निखिल चौधरी बांए हाथ के बल्लेबाज और लेग स्पिनर हैं। पंजाब के लिए वो अंडर1-6 और अंडर-22 क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने 7 प्रथम श्रेणी मैच में 393 रन 32.75 के औसत से बनाए हैं जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। 163 उनका सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी प्रदर्शन रहा है। उन्होंने इस दौरान 5 विकेट भी चटकाए हैं। ये पांच विकेट उन्होंने एक पारी में 108 रन देकर लिए थे।
ऑस्ट्रेलिया की बांग्लादेश दौरे के लिए टी20 टीम:
मिचेल मार्श (कप्तान), ज़ेवियर बार्टलेट, निखिल चौधरी, कूपर कोनोली, टिम डेविड, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, एरॉन हार्डी, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिश, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू कुहनेमैन, राइली मेरेडिथ, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ, एडम ज़म्पा।
