क्रिकेट

राहुल द्रविड़ के लिए बड़ी खुशखबरी, छोटे बेटे का भारतीय टीम में हुआ सेलेक्शन

Rahul Dravid Son in India U19 Team: बीसीसीआई की जूनियर चयन समिति ने बृहस्पतिवार को भारत की अंडर-19 टीम का ऐलान किया। राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ को श्रीलंका दौरे के लिए जा रही भारत की इस अंडर-19 टीम में चुना गया है।

Image

राहुल द्रविड़ के बेटे का U19 टीम में चयन (फोटो- AI)

Rahul Dravid Son Anvay Dravid in India U19 Team: 'द वॉल' राहुल द्रविड़ के घर फिर खुशखबरी आई है। उनके छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ को श्रीलंका दौरे के लिए भारत की अंडर-19 टीम में चुना गया है। बीसीसीआई की जूनियर चयन समिति ने बृहस्पतिवार को टीम का ऐलान किया। 4 जुलाई से शुरू हो रहे इस दौरे पर भारत U-19 को 3 वनडे और 2 मल्टी-डे मैच खेलने हैं। 17 साल के अन्वय विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। उन्हें वनडे टीम में रजत बघेल के साथ दूसरे विकेटकीपर के तौर पर जगह मिली है। यशबर्धन सिंह चौहान टीम के कप्तान होंगे और लक्ष्य रायचंदानी उप-कप्तान। मल्टी-डे मैचों के लिए मानव कृष्णा और आर्यन संदेश सकपाल को विकेटकीपर चुना गया है।

वीनू मांकड़ ट्रॉफी में की कप्तानी

अन्वय ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में कर्नाटक U-19 की कप्तानी की थी। टीम क्वार्टर फाइनल तक पहुंची और अन्वय ने 6 मैच में 220 रन बनाए, नाबाद 82 सर्वश्रेष्ठ रहा। इससे पहले विजय मर्चेंट ट्रॉफी U-16 में उन्होंने 5 मैच में 357 रन, 4 अर्धशतक और 45 की औसत से सबका ध्यान खींचा था। वो भारत U-19 'बी' टीम और U-19 वनडे चैलेंजर ट्रॉफी में भी खेल चुके हैं।

बड़ा बेटा भी है क्रिकेटर

राहुल और विजेता द्रविड़ के दो बेटे हैं। बड़े बेटे समित द्रविड़ का जन्म 2005 और छोटे अन्वय का 2009 में हुआ। राहुल बच्चों को मीडिया से दूर रखते हैं और क्रिकेट का दबाव नहीं डालते। फिर भी दोनों खेलों में रुचि रखते हैं। समित ऑलराउंडर हैं। मध्यम गति के तेज गेंदबाज और बल्लेबाज। कूच बेहार ट्रॉफी में कर्नाटक के लिए 8 मैच में 362 रन और 16 विकेट लेकर टीम को चैंपियन बनाया। 2024 में भारत U-19 टीम में चुने गए थे, लेकिन चोट से ऑस्ट्रेलिया सीरीज नहीं खेल पाए। महाराजा ट्रॉफी KSCA T20 में मैसूर वॉरियर्स से खेल चुके हैं।

भारत की U-19 वनडे टीम:

यशबर्धन सिंह चौहान (कप्तान), सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (उप-कप्तान), विनीत वीके, अर्जुन राजपूत, कुशाग्र ओझा, रजत बघेल (विकेटकीपर), अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अनमोलजीत सिंह, वुतकुरी यशवीर गौड़, रोहित अनिल यादव, शविन वी, काव्य परेश पटेल, मोहित उलवा, ईशान सूद।

भारत U-19 बहु-दिवसीय मुकाबलों के लिए टीम:

यशबर्धन सिंह चौहान (कप्तान), सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (उप-कप्तान), पटेल कुश, मनाल चौहान, कुशाग्र ओझा, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), आर्यन संदेश सकपाल (विकेटकीपर), हेमचुदेशन जे, बीके किशोर, रोहित अनिल यादव, काव्य परेश पटेल, प्रियांशु सिंह, प्रणव राघवेंद्र, चिगुरुपति वेंकट।

Aditya Sahu
आदित्य साहू author

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों... और देखें

End of Article