क्रिकेट

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में टीम इंडिया की एंट्री के बाद रोहित ने बताया, किससे चाहते हैं खिताबी भिड़ंत

टीम इंडिया के आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में एंट्री के बाद जानिए कप्तान रोहित शर्मा ने क्या कहा? फाइनल में टीम इंडिया किससे भिड़ना चाहेगी रोहित ने इसका जवाब भी दिया।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

दुबई: रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। मंगलवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टीम इंडिया ने जीत के लिए मिले 265 रन के लक्ष्य को 48.1 ओवर में 4 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। विराट कोहली ने एक बार फिर बड़े मुकाबले में अपना दम दिखाया और अपने किंग ऑफ चेंज के खिताब को सही साबित करते हुए टीम इंडिया को फाइनल में पहुंचा दिया। विराट ने 84(98) रन की पारी खेली। उनकी साथ श्रेयस अय्यर (45) और केएल राहुल ने (42*) दूसरे छोर से अच्छी तरह दिया। विराट अपना शतक पूरा नहीं कर सके लेकिन टीम को जीत के मुहाने पर पहुंचाने के बाद पवेलियन वापस लौटे। केएल राहुल ने मिड ऑन की दिशा में विजयी छक्का जड़ा और टीम इंडिया की फाइनल में जगह पक्की कर ली। जहां दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार 5 मार्च, 2025 को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जाने वाले मैच के विजेता से उनकी भिड़ंत होगी।

हमारे बल्लेबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन

टीम की जीत पर कप्तान रोहित शर्मा ने खुशी जताते हुए कहा, आखिरी गेंद फेंके जाने तक कुछ भी निश्चित नहीं था। पहली पारी के बाद हमें लगा था कि स्कोर अच्छा है और हमें जीत के लिए अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी। इस पिच पर शॉट्स खेलना आसान नहीं होगा। ऐसे में हमने बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए हम शांत और संयमित रहे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से बेहतर थी पिच

सेमीफाइनल की पिच के बारे में रोहित ने रहा, आज की पिच न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले वाली पिच से बेहतर थी। आज की पिच थोड़ी बेहतर थी। हम सिर्फ अच्छी क्रिकेट खेलना चाहते थे पिच क्या कर रही है इस पर हमारा ज्यादा ध्यान नहीं था।

चाहता था ऐसा टीम कॉम्बिनेशन

गेंदबाजी में छह विकल्प के बारे में रोहित ने कहा, हमारी टीम में बहुत से अनुभवी खिलाड़ी हैं। मैं गेंदबाजी में छह विकल्प और आठवें नंबर तक बल्लेबाज देखना चाहता था। हमने टीम के गठन के समय इस बारे में चर्चा की थी। इसमें शामिल सभी लोगों को इसका श्रेय जाता है। जब आपके पास गेंदबाजी के छह विकल्प होते हैं तो आप अपने पसंद के गेंदबाज को चुन सकते हैं।

सालों से ऐसा करते आ रहे हैं विराट

विराट कोहली की शानदार पारी की तारीफ करते हुए रोहित ने कहा, वो लगातार इतने सालों तक हमारे लिए ऐसा करते आ रहे हैं। विराट जब बल्लेबाज कर रहे थे हम सब बहुत शांत थे। हम एक बड़ी साझेदारी चाहते थे जो श्रेयस और विराट ने की। फिर अंत में हार्दिक के शॉट बहुत महत्वपूर्ण थे।

न्यूजीलैंड या दक्षिण अफ्रीका? किससे चाहते हैं भिड़ंत

फाइनल में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका में से किसका सामना करना चाहते हैं, इसके जवाब में रोहित ने कहा, हम इसके बारे में ज्यादा अभी नहीं सोच रहे हैं। हम कल आराम करेंगे। ये बड़े दबाव वाला टूर्नामेंट इसके बाद उसके बारे में सोचेंगे। दोनों टीमें अच्छी हैं इसीलिए वो सेमीफाइनल में हैं। फाइनल में आप चाहते हैं कि आपके सभी खिलाड़ी फॉर्म में रहें ये आपको आत्मविश्वास देता है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article