क्रिकेट

WI vs AUS 3rd Test: शमार जोसेफ ने गेंद से मचाई तबाही, 225 रनों पर ही ढेर हो गई ऑस्ट्रेलियाई टीम

WI vs AUS 3rd Test Day 1 Highlights: वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच की धमाकेदार शुरुआत हो चुकी है। इसके पहले ही दिन कैरेबियाई गेंदबाजों ने जमकर बॉलिंग की और ऑस्ट्रेलिया को घुटने पर लाकर खड़ा कर दिया।

Image

शमार जोसेफ (फोटो- PTI)

WI vs AUS 3rd Test Day 1 Highlights: वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे डे नाइट टेस्ट मैच के पहले दिन वेस्टइंडीज ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में महज 225 रन पर समेट दिया। इसके बाद वेस्टइंडीज ने एक विकेट के नुकसान पर 16 रन बना लिए हैं। दिन का खेल समाप्त होने तक वेस्टइंडीज की टीम 209 रन पीछे है।

स्टार्क का 100वां टेस्ट और एंडरसन का विकेट

ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने अपना 100वां टेस्ट मैच खेलते हुए वेस्टइंडीज को पहला झटका दिया। उन्होंने केवलोन एंडरसन (03) को क्लीन बोल्ड किया। स्टार्क यह मुकाम हासिल करने वाले 16वें ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए हैं। दिन का खेल समाप्त होने तक ब्रैंडन किंग (8 रन) और कप्तान रोस्टन चेज (3 रन) नाबाद थे।

शानदार गेंदबाजी: जोसेफ, ग्रीव्स और सील्स ने मचाया कहर

ऑस्ट्रेलिया की पारी वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की संयुक्त तबाही के सामने टिक नहीं पाई। शमार जोसेफ ने 4 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी, जबकि जस्टिन ग्रीव्स और जेडन सील्स ने 3-3 विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 70.3 ओवर में 225 रन पर ऑलआउट हो गई।

लंच तक ऑस्ट्रेलिया की स्थिर शुरुआत

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला लिया। टीम ने लंच तक 50 रन बनाए थे और सिर्फ सैम कोन्सटास (17) का विकेट गंवाया था, जिन्हें ग्रीव्स ने एलबीडब्ल्यू आउट किया।

दूसरे सत्र में दो अहम विकेट

दूसरे सत्र में वेस्टइंडीज ने दो प्रमुख विकेट और झटके। उस्मान ख्वाजा (23) को शमार जोसेफ ने विकेटकीपर शाई होप के हाथों कैच कराया, जबकि कैमरन ग्रीन (46) को जेडन सील्स ने क्लीन बोल्ड कर दिया। इस सत्र के बाद स्कोर था – 138/3।

तीसरे सत्र में ऑस्ट्रेलिया की पारी फिसली

तीसरा सत्र पूरी तरह वेस्टइंडीज के नाम रहा। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया ने अंतिम सात विकेट महज 68 रन पर गंवा दिए। स्टीव स्मिथ ने 48 रन बनाकर सबसे ज़्यादा रन बनाए, लेकिन वह भी लंबी पारी नहीं खेल सके।

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह विफल

ऑस्ट्रेलिया की ओर से कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं बना सका। स्टीव स्मिथ (48), कैमरन ग्रीन (46) और मार्श (34) ने थोड़ी कोशिश की, लेकिन वेस्टइंडीज की अनुशासित और आक्रामक गेंदबाजी के आगे ज्यादा देर टिक नहीं पाए।

वेस्टइंडीज को मजबूत शुरुआत की ज़रूरत

अब वेस्टइंडीज के पास इस मैच में बढ़त बनाने का शानदार मौका है। अगर वे ऑस्ट्रेलिया की बढ़त को पार करते हैं और बढ़त हासिल करते हैं, तो सीरीज़ में मुकाबला रोचक हो सकता है। हालांकि, बल्लेबाजों को स्टार्क, हेज़लवुड और कमिंस की चुनौती का सामना करना होगा।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article